गांव मुंढाल में सफाई व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार पंचायत, ग्राम सचिव तथा संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वहीं, गांव के मुख्य रास्तों पर लगे कूड़े के ढेर से प्रतिदिन गुजरने वाले ग्रामीणों को बीमारी का खतरा भी बना हुआ है। दरअसल, गांव मुंढाल खुर्द व मुंढाल कला की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी बढ़ती जा रही है। बरसात और गर्मी के मौसम में इससे मच्छरों तथा अन्य रोग फैलाने वाले जीवों की संख्या बढ़ने की आशंका है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। गांव के जोहड़ (तालाब) की भी कई वर्षों से सफाई नहीं करवाई गई है। जोहड़ में नया पानी डालने की व्यवस्था न होने के कारण वर्षों पुराना पानी जमा है। इसके साथ-साथ गांव की नालियों का गंदा पानी भी सीधे जोहड़ में छोड़ा जा रहा है, जिससे पानी प्रदूषित हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार इस दूषित पानी के कारण गाय, भैंस और अन्य पशुओं में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैल रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि गांव की गलियों से प्रतिदिन कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली की नियमित व्यवस्था की जाए, ताकि खाली पड़ी जगहों पर कूड़ा इकट्ठा न हो। साथ ही, एक निर्धारित स्थान पर कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और उपचार किया जाए। इसके अतिरिक्त नहर से पाइपलाइन बिछाकर पानी पहुंचाने की स्थाई व्यवस्था की जाए, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ पशुओं और ग्रामीणों को भी स्वच्छ वातावरण मिल सके।