अंबाला शहर को जाम से हमेशा के लिए निजात दिलाने के लिए बन रहा 40 किलोमीटर लंबा सिक्स-लेन रिंग रोड अब बनकर लगभग तैयार है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा इसका करीब 90 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार दोपहर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अचानक अपनी गाड़ी से रिंग रोड प्रोजेक्ट का स्थल मुआयना किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाए। स्थल निरीक्षण के दौरान मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह रिंग रोड न केवल वाहन चालकों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि यह परियोजना अम्बाला को महानगर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। उनके साथ भाजपा नेता संजीव सोनी बब्बू, अजय बवेजा और शैलेंद्र खन्ना भी मौजूद रहे। 691 करोड़ रुपये की लागत, 5 नेशनल हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी करीब 691 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह 40 किलोमीटर लंबा सिक्स-लेन रिंग रोड क्षेत्र के पांच बड़े नेशनल हाईवे को आपस में जोड़ेगा। इसके अलावा यह अम्बाला-शामली-दिल्ली एक्सप्रेस-वे और अम्बाला-कालाअम्ब एक्सप्रेस-वे से भी कनेक्ट रहेगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए हरियाणा के 27 और पंजाब के 3 गांवों की कुल 657 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) रिंग रोड के साथ नए सेक्टर भी विकसित कर रहा है, जिससे भविष्य में शहर का दायरा इस रिंग रोड तक फैल जाएगा।