शकरपुर मार्केट में पुलिस की पेट्रोलिंग न होने का खामियाजा स्थानीय दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। यहां रोजाना व्यापारियों को चोरी की घटनाओं से दो-चार होना पड़ता है। आय दिन हो रही इन घटनाओं से परेशान दुकानदारों ने जब पुलिस से सुरक्षा और गश्त की मांग की तो उन्हें आश्वासन के साथ बैरिकेड थमा दिए गए। वहीं, व्यापारियों ने बताया कि रात में बैरिकेड लगाकर बाजार की सुरक्षा करने की कोशिश की, लेकिन चोरी की घटनाओं पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। आखिरकार दुकानदारों को अपनी जेब से पैसे खर्च कर चौकीदार तैनात करने पड़े।