पुलिस पार्टी पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा फायरिंग करने के करीब सात साल पुराने मामले में नूंह की जिला एवं सत्र अदालत ने चार दोषियों को सजा सुनाई है। अदालत ने इरफान उर्फ ईप्पी, शोकीन, आरिफ और लियाकत को विभिन्न धाराओं के तहत दोषी करार देते हुए अधिकतम सात वर्ष के कठोर कारावास का आदेश दिया है। मामला नौ जुलाई 2019 का है। इस संबंध में थाना पुन्हाना में एफआईआर नंबर 245 दर्ज की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों ने एक समान मंशा के तहत एएसआई मान सिंह, ईएचसी चरण सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाई। आरोपियों इरफान उर्फ ईप्पी और आरिफ के पास 315 बोर के देशी कट्टे थे, जिनसे पुलिस पार्टी पर फायरिंग की गई थी।