राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 19 शिकायतों की सुनवाई हुई, जिनमें तीन पुरानी और 16 नई शिकायतें शामिल थीं। 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि सात मामलों में जांच और प्रगति रिपोर्ट के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तावडू निवासी रजनी की जहरीला पदार्थ खाने से पिता की मौत मामले में गठित एसआईटी को दोबारा जांच कर शिकायतकर्ता को रिपोर्ट व उपलब्ध साक्ष्य दिखाने के निर्देश दिए गए। आकेड़ा व डालावास में जलभराव और गंदे पानी की निकासी संबंधी शिकायतों पर जांच कमेटियां गठित की गईं। वहीं नूंह शहर में सफाई, पेयजल, विधवा पेंशन और गुरुग्राम के लिए बस सेवा से जुड़ी शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।