नोएडा में सेक्टर-46 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित स्पीड स्केटिंग के चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए नोएडा के दो स्केटर्स ने भारतीय टीम में जगह बना ली है। अब दोनों खिलाड़ी अक्टूबर में होने वाले वर्ल्ड स्केट गेम्स-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों के चयन से अकादमी और शहर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। 29 अगस्त से शुरू हुए चयन ट्रायल में देशभर के प्रतिभाशाली स्केटर्स ने हिस्सा लिया। ट्रैक एवं विभिन्न स्पीड स्केटिंग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। हर रेस में खिलाड़ियों को अपनी रफ्तार, तकनीक और फिटनेस साबित करनी थी। इसी कड़े मुकाबले के बीच नोएडा के दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में जगह बनाई। चयनित खिलाड़ी आगामी वर्ल्ड स्केट गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसका आयोजन 2 से 18 अक्टूबर 2026 तक असुन्सियोन पैराग्वे में किया जाएगा।