आसचे बोछोर आबार होबे के जयघोष के साथ मां दुर्गा को दी विदाई ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मंत्रा-1 और आम्रपाली ड्रीम वैली सोसाइटी में दुर्गा पूजा के समापन पर मां दुर्गा को भावुक विदाई दी गई। महागुन मंत्रा-1 में नौ दिवसीय पांचवीं दुर्गा पूजा के अंतिम दिन पारंपरिक सिंदूर खेला हुआ। विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। ढाक की गूंज और शंखनाद के बीच ‘आसचे बोछोर आबार होबे’ यानी अगले वर्ष मां फिर आएंगी, के जयघोष सुनाई दिए। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांडिया और खानपान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आम्रपाली ड्रीम वैली में भी श्रद्धालुओं ने पूजा और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेकर मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दोनों सोसाइटियों में उत्सव ने आस्था, परंपरा और सामुदायिक एकता का संदेश दिया।