आइकॉनिक सड़कों पर मनमर्जी से धूम्रपान किया तो लगेगा जुर्माना 51.85 लाख रुपये से बनेंगे स्मोकिंग जोन, दो महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की चयनित आइकॉनिक सड़कों पर मनमर्जी से धूम्रपान करने पर जुर्माना लगेगा। नगर निगम गुरुग्राम इन सड़कों पर 51.85 लाख रुपये की लागत से निर्धारित स्मोकिंग जोन विकसित करेगा। काम को दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नो-स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शहर की 10 सड़कों को आइकॉनिक रोड के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इनमें नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी), गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अंतर्गत आने वाली सड़कें शामिल हैं। प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाकर नियमों और जुर्माने की जानकारी भी दी जाएगी। सड़कों पर थूकने और च्यूइंग गम फेंकने पर भी जुर्माने का प्रावधान होगा।