गुरुग्राम के प्रदूषण को कम करने में शहर के कुछ सेक्टरों और सोसाइटियों के लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं। आम तौर कूड़े के साथ मिलकर जमींदोज या जला दिए जाने वाले बागवानी के कचरे (हार्टिकल्चर वेस्ट) को जमीन को पोषण देने वाली खाद तैयार कर खुद भी प्रयोग कर रहे हैं और दूसरों को भी बांट रहे हैं। सेक्टर 5 आरडब्ल्यूए ने सेक्टर के पार्कों के बागवानी का कचरा से खाद बनाकर उसे विभिन्न सेक्टरों में बांटा। डीएलएफ फेज -4 के हैमिल्टन कोर्ट सोसाइटी के निवासियों ने वर्ष 2014 में यह काम शुरू कर दिया था। डीएलएफ फेज -3 के गार्डन एस्टेट सोसाइटी में भी बगैर किसी मशीन के प्राकृतिक तरीके से बागवानी के कचरे का निष्पादन किया जा रहा है। सेक्टर 23 ए में पर्यावरण प्रेमी भवानी शंकर त्रिपाठी ने पार्क में खाद बनाने की पिट बनाकर एक अलग शुरुआत की। गुरुग्राम के आस-पास ऑरगेनिक खेती करने वाले किसान शहर की सोसाइटियों और सेक्टरों में बागवानी के कचरे से प्राकृतिक खाद का प्रयोग रहे हैं। लोग अपने गमलों और आरडब्ल्यूए पार्कों में इस ऑरगेनिक खाद का प्रयोग कर रहे हैं। सेक्टर 3,5 और 6 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष टीआर अदलखा ने बताया कि सेक्टर 5 में वाटर वर्क्स पार्क में पिछले साल हमने स्र्रेडर मशीन लगाकर बागवानी के कचरे का ऑरगेनिक खाद बनाने का अभियान शुरू किया। जब खाद बनी तो 10-10 किलो के पैक बनवा कर उसे 150 लोगों और सेक्टरों में बांटे। गर्मी में 3 महीने और सर्दी के मौसम में 4 महीने में खाद तैयार हो जा रही है।