गुरुग्राम के पटौदी रोड पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। राधा स्वामी सत्संग से आगे और गडौली से पहले पटौदी जाने वाली साइड पर सड़क धंसने से प्लाई बोर्ड से भरा एक ट्रक पलट गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह हादसा सड़क किनारे बनी एक ड्रेन के टूटने के कारण हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्रेन का निर्माण घटिया सामग्री से किया गया था और उसमें सरियों का उपयोग नहीं किया गया था। इसी वजह से ड्रेन टूट गई और सड़क का एक हिस्सा गड्ढे में समा गया। इस घटना ने पटौदी रोड की बदहाल सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की तैयारियों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटिया निर्माण के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल इस हादसे ने एक बार फिर सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही को उजागर किया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन को ऐसी सड़कों की नियमित जांच करनी चाहिए। इस तरह की घटनाओं से आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। जिला प्रशासन को इस मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।