गुरुग्राम में डीएलएफ फेज दो में गुलमोहर मार्ग, अकासनिम मार्ग और गेट नंबर-5 के आसपास पिछले करीब 20 वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए काम शुरू हो गया है। नगर निगम वार्ड-2 की पार्षद ज्योत्सना विपिन यादव के अनुसार डीएलएफ स्क्वायर के गेट नंबर-4 के पास शुक्रवार को ड्रेनेज परियोजना का काम औपचारिक रूप से शुरू किया गया। योजना के तहत जलभराव वाले क्षेत्रों के पानी की निकासी के लिए अलग-अलग स्तर पर ड्रेनेज कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। अकासनिम मार्ग और गेट नंबर-5 पर जमा होने वाले पानी को हाईवे के नीचे से ट्रेंचलेस तकनीक के जरिए निकाला जाएगा।