शारदीय नवरात्र के दौरान जिले में वाहनों की खरीदारी में तेजी देखने को मिली। इस दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग सबसे ज्यादा रही। नवरात्र के नौ दिनों में जिले में दोपहिया और चारपहिया समेत कुल 9600 वाहनों की डिलीवरी हुई। इस दौरान 670 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। इनमें पेट्रोल- डीजल और ईवी वाहन शामिल है। ईवी सेंगमेंट में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ईवी डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि इस साल 1440 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई है। इनमें दो पहिया और चार पहिया शामिल है वहीं पिछले साल नवरात्रों में लगभग 1200 ईवी वाहनों की बिक्री हुई थी। उनका मानना है कि दिवाली तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा और बिक्री में और इजाफा हो सकता है।