गुरुग्राम में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योग गुरु धीरेंद्र ब्रह्मचारी के सिलोखरा स्थित ऐतिहासिक अपर्णा आश्रम में जल्द ही रौनक लौटने की उम्मीद है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े आश्रम के विकास के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने योजना तैयार की है। इसके तहत आश्रम परिसर में बाउंड्रीवॉल, योग हॉल समेत अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर करीब 2.76 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। सेक्टर-30 सिलोखरा स्थित अपर्णा आश्रम लंबे समय से विवादों के कारण चर्चा में रहा है। देखरेख के अभाव में परिसर में घास और झाड़ियां उग आई हैं। प्रदेश सरकार की ओर से संस्था का अधिग्रहण किए जाने के बाद अब इसके विकास की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। जीएमडीए की ओर से आश्रम परिसर की बाउंड्रीवॉल तैयार कराने के साथ योग हॉल का निर्माण कराया जाएगा।