गुरुग्राम में शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से सेक्टर-48 में 24 करोड़ से बनाए गए ई-बस डिपो का 27 नवंबर को लोकार्पण किया जाएगा। इसी दिन प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ भी होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जीएमडीए ने सेक्टर-48 में करीब 7.5 एकड़ क्षेत्र में ई-बस डिपो का निर्माण कराया है। यहां एक साथ 100 बसों को खड़ा करने की क्षमता है। इसके अलावा एक समय में 25 बसों को चार्ज करने की व्यवस्था की गई है। डिपो परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। महिला और पुरुष चालक एवं परिचालकों के लिए अलग-अलग रेस्ट रूम बनाए गए हैं। कर्मचारियों की सुविधा के लिए कैंटीन की व्यवस्था भी की गई है। इस डिपो के निर्माण पर करीब 24 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत गुरुग्राम को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। इनमें से 75 बसें शहर में पहुंच चुकी हैं। जीएमडीए डिपो के बाहर सड़क, फुटपाथ और हरियाली बेहतर करने में जुटा हुआ है।