दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) की सर्विस रोड के साथ हीरो होंडा चौक से नरसिंहपुर तक दो लेन की अतिरिक्त सड़क के साथ बरसाती नाले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे वाहन चालकों को जाम और जलभराव से राहत मिलेगी। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) की ओर से एनएच-48 की सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए योजना तैयार की गई है। एचएसआईआईडीसी के अनुसार हाईवे की सर्विस रोड के साथ उसकी करीब 50 मीटर चौड़ी जमीन है। ऐसे में 15 मीटर जमीन पर सड़क और ड्रेनेज का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क एनएचएआई की सर्विस रोड के समानांतर बनाई जाएगी। दोनों सड़कों को मिलाकर यह मार्ग चार लेन का हो जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।