देश की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के वीर जवानों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्तूबर को पुलिस लाइन सेक्टर-30, फरीदाबाद स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर फरीदाबाद पुलिस की ओर से शहीद जवानों को सलामी देकर नमन किया गया तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र और पुष्पमालाएं अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता, संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक सहित सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।