ग्रेटर फरीदाबाद में अग्रवाल वैश्य परिवार की ओर से अग्रसेन प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में अग्रवाल समाज के 18 गोत्रों की क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने लीग से जुड़ी जानकारी साझा की। प्रतियोगिता का आयोजन 27 सितंबर से 11 अक्टूबर तक किया जाएगा। अग्रवाल वैश्य परिवार, ग्रेटर फरीदाबाद के अध्यक्ष राकेश गर्ग प्रधान और एपीएल संयोजक युगल मित्तल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को सामने लाना है। इसके साथ ही लीग के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। क्रिकेट के माध्यम से युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का अनुभव भी मिलेगा।