फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरबा: सतरेगा रिसॉर्ट में 8 फीट का किंग कोबरा, देखते ही मची अफरा-तफरी; एक घंटे चला रेस्क्यू

Thu, 10 Sep 2026 06:46 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपा मिला। विशाल और जहरीले सांप को देखकर पर्यटकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तिखार खान ने तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सूचना पर सारथी ने अपनी टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल, नरेश, देव मरावी को सतरेगा के लिए रवाना किया। साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी अरविंद पीएम को दी गई। उनके निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन और बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन मौके पर पहुंचे।

टीम ने सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली बंद करवाई और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई। लोग फुर्तीले और लंबे सांप को देखकर वीडियो बनाते रहे। इस दौरान लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा कर किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

उल्लेखनीय है कि कोरबा जिले के लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला, कुदमुरा और आसपास के वन क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार मिल रहे हैं। छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास का सकारात्मक संकेत है। यह भी सिद्ध करता है कि एक ही सांप बार-बार रेस्क्यू नहीं हो रहा, बल्कि सभी अलग-अलग हैं। हालांकि इनकी वास्तविक संख्या जानने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन जरूरी है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में किंग कोबरा और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। लोग सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दे रहे हैं। यह वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में सकारात्मक उदाहरण है। वन विभाग ने अपील की है कि किंग कोबरा दिखने पर दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें