Airtel ने बढ़ा दी अपने इस सस्ते प्री-पेड प्लान की कीमत, अब देने होंगे 20 रुपये ज्यादा

एयरटेल ने चुपके से अपने एक प्लान की कीमत बढ़ा दी है। इसी साल जून में एयरटेल ने 99 रुपये का एक प्री-पेड प्लान लांच किया था। इस प्लान की वैधता 28 दिनों की थी और इसमें 2 जीबी डाटा मिल रहा था, वहीं अब कंपनी ने इस प्लान की कीमत 119 रुपये कर दी है। गौर करने वाली बात यह है कि नई कीमत पर भी ग्राहकों को पुरानी सुविधाएं ही मिलेंगी।
टेलीकॉमटॉक्स की रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि एयरटेल के नए 119 रुपये वाले प्लान में कुछ ग्राहकों को 28 दिनों की वैधता के साथ 2 जीबी डाटा मिल रहा है तो वहीं कुछ ग्राहकों को 14 दिनों की वैधता के साथ 1 जीबी डाटा मिल रहा है। इस प्लान में डाटा के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग भी मिल रही है।
ये भी पढ़ेंः OnePlus 6T भारत में हुआ लांच, 30 मिनट की चार्जिंग में दिनभर चलेगी बैटरी
इस प्लान के अन्य खासियतों की बात करें तो इसमें 2 जीबी 4G/3G/2G डाटा मिल रहा है। ऐसे में एयरटेल का यह प्लान सभी तरह के ग्राहकों के लिए है। इस प्लान में 28 दिनों के लिए 300 एसएमएस भी मिल रहे हैं। इस प्लान के तहत लोकल, एसटीडी और रोमिंग भी अनलिमिटेड कॉलिंग की जा सकेगी। इस प्लान के बारे में जानकारी आप माय एयरटेल ऐप के जरिए भी प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही एयरटेल ने एक प्री-पेड प्लान लांच किया है जिसकी कीमत 398 रुपये है। एयरटेल के इस 398 रुपये वाले प्लान में रोज 1.5 जीबी डाटा और सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग मिलेगी। एयरटेल के इस प्लान की वैधता 70 दिनों की है और इस प्लान में आपको रोज 90 मैसेज भी मिलेंगे।
ये भी पढ़ेंः आप भी बुक कर सकते हैं तत्काल टिकट, बस यह स्मार्ट तरीका पता होना चाहिए
यहां गौर करने वाली बात यह है कि एयरटेल ने इस बार पूरी तरह से अनलिमिटेड कॉलिंग दिया है, यानि प्रतिदिन या सप्ताह में आपके लिए कॉलिंग की कोई सीमा तय नहीं की गई है। इस प्लान में यह भी फायदा है एयरटेल का यह 398 रुपये वाला प्लान देशभर के सभी सर्किल में मौजूद है।