{"_id":"62137","slug":"Bhadohi-62137-64","type":"story","status":"publish","title_hn":"देर से आना जल्दी जाना, हर रोज नया बहाना "}
देर से आना जल्दी जाना, हर रोज नया बहाना
Bhadohi
Updated Wed, 09 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
सीतामढ़ी। डीघ विकास क्षेत्र के प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र कटरा में समस्याओं के चलते रोगियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में चिकित्सक के समय से न आने जाने तथा अक्सर अनुपस्थित रहने से मरीज परेशान है। आरोप है कि वर्तमान में अस्पताल में एक ही चिकित्सक है, जो सप्ताह में बमुश्किल तीन दिन आता है, वह भी सुबह 11 बजे आकर एक बजे अस्पताल छोड़ देता है। उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि लगभग 15 किमी के दायरे में मात्र एक सरकारी अस्पताल है वह भी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस अस्पताल में ढाई सौ से तीन सौ मरीज रोज देखे जाते थे, लेकिन अब चिकित्सकों की लापरवाही एवं मनमाने रवैये से रोगियों की संख्या घटकर बमुश्किल 30 से 40 हो गई गई है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अस्पताल की व्यवस्था क्या है। मंगलवार की सुबह 11 बजे तक चिकित्सक नहीं आया तो रोगियों ने हो हल्ला मचाना शुरू कर दिया। इस बारे में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. त्रिलोचन सिंह ने कहा कि समस्या को शीघ्र दूर किया जाएगा। ग्रामीणों ने व्यवस्था सुधार के लिए जिलाधिकारी से अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण की मांग की है।
विज्ञापन