फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates US, Pakistan, Turkey, China, India, Australia, North Korea, UN latest news in hindi

World Updates: पाकिस्तान के पंजाब से 22 संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार; अमेरिकी विमानवाहक पोत द. कोरिया पहुंचा

Sat, 22 Jun 2024 03:05 PM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 22 Jun 2024 03:05 PM IST
विज्ञापन
World Updates US, Pakistan, Turkey, China, India, Australia, North Korea, UN latest news in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने शनिवार को आईएसआईएस, टीटीपी और अन्य प्रतिबंधित संगठनों के 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार करके एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया। आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) के प्रवक्ता के अनुसार, उसने इस सप्ताह पंजाब के विभिन्न जिलों में 152 खुफिया-आधारित अभियान चलाए और आईएसआईएस, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी), बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और लश्कर-ए-झांगवी (एलईजे) से जुड़े 22 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। प्रवक्ता ने कहा कि कथित आतंकवादियों को लाहौर, अटक, शेखूपुरा, मुजफ्फरगढ़, ननकाना साहिब, बहावलपुर, डीजी खान, फैसलाबाद, मुल्तान, बहावलनगर और रावलपिंडी जैसे इलाकों से गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कथित तौर पर 1,645 ग्राम विस्फोटक, तीन हथगोले, एक आईईडी बम, 12 डेटोनेटर, 32 फीट लंबा एक सेफ्टी फ्यूज वायर, एक पिस्तौल और प्रतिबंधित साहित्य बरामद किए गए। प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार आतंकवादियों ने पंजाब में तोड़फोड़ की योजना बनाई थी और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और हस्तियों को निशाना बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आतंकवादियों के खिलाफ 19 मामले दर्ज किए हैं और उन्हें पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर भेज दिया है।

विज्ञापन


लोकदर्शन रेग्मी बने भारत में नेपाल के नए राजदूत
पूर्व मुख्य सचिव और ब्रिटेन में नेपाल के राजदूत लोकदर्शन रेग्मी को पड़ोसी देश ने भारत में नया राजदूत नामित किया। रेग्मी इससे पहले गृह सचिव, वित्त सचिव और भूमि सुधार एवं प्रबंधन मंत्रालय में सचिव पद पर रह चुके हैं। देश की एक अन्य अहम खबर दक्षिणी नेपाल से आई। यहां एक सड़क दुर्घटना में दो भारतीयों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तमन्ना शेख (35) और इरफान आलम (21) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम दोनों स्कॉर्पियो से जा रहे थे, पूर्वी पश्चिम राजमार्ग के चंद्रनिगाहपुर खंड में एक पत्थर उनकी गाड़ी पर आ गिरा। 
विज्ञापन

अमेरिकी विमानवाहक पोत द. कोरिया पहुंचा
परमाणु ऊर्जा से चलने वाला अमेरिकी विमानवाहक पोत रूसी गठबंधन के साथ आगे बढ़ने वाले उत्तर कोरियाई खतरों से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया पहुंचा है।दक्षिण कोरिया का कहना है कि रूस-उत्तर कोरियाई समझौता उसकी सुरक्षा के लिए खतरा है। नए मल्टीडोमेन अभ्यास का उद्देश्य वायु, समुद्र और साइबरस्पेस सहित ऑपरेशन के विभिन्न क्षेत्रों में देशों की संयुक्त प्रतिक्रिया को तेज करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


चीन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया
पूर्वी लद्दाख में 2020 के सैन्य गतिरोध के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में आई खटास के बावजूद, चीन भर में सैकड़ों लोगों ने शनिवार को 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्राचीन भारतीय शारीरिक और आध्यात्मिक अभ्यास में अपने जुनून और कौशल का प्रदर्शन किया। अधिकारियों का कहना है कि साल दर साल, विभिन्न शहरों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आधिकारिक और अनौपचारिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले योग साधकों खासकर युवाओं की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को बीजिंग में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित दो घंटे के कार्यक्रम में 1,000 से अधिक योग उत्साही लोगों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन बाद सप्ताहांत की छुट्टी के साथ आयोजित किया गया था। चीन में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत, उनकी पत्नी श्रुति रावत और उप राजदूत अभिषेक शुक्ला के अलावा दूतावास के अधिकारी पुराने दूतावास परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योग साधकों की भीड़ में शामिल हुए।

तुर्किये में आग से 11 लोगों की मौत
फसल की पराली में लगी आग रातों-रात दक्षिणपूर्वी तुर्किये की बस्तियों में फैल गई, जिससे 11 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गई। 44 लोगों का अस्पतालों में इलाज किया गया, जिनमें 10 की हालत गंभीर है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आग दियारबाकिर और मार्डिन प्रांतों के बीच एक क्षेत्र में लगी। दियारबाकिर के गवर्नर अली इहसान सु ने कहा, हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और उसने कोकसलान, याजसिसेगी और बागासिक गांवों की बस्तियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग पर शुक्रवार तड़के काबू पा लिया गया। स्वास्थ्य मंत्री फहार्टिन कोका ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अधिकारियों ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू हिंसा होने पर अमेरिकी सरकार को लोगों से बंदूक छीनने का अधिकार: सुप्रीम कोर्ट
अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि घरेलू हिंसा रोकने के लिए बनाए गए कानून के तहत लोगों को दिए गए हथियार छीने जा सकते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस कानून को बरकरार रखने का एलान किया, जिसके तहत घरेलू हिंसा का दोष साबित होने पर सरकार को दोषियों से बंदूक / हथियार छीनने का अधिकार हासिल है। 2008 में अमेरिका में पहली बार सुप्रीम कोर्ट ने आत्मरक्षा के लिए घर में बंदूक या फायरिंग करने वाले हथियार रखने को 'व्यक्तिगत संवैधानिक अधिकार' के रूप में मान्यता दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट का नया फैसला बंदूक अधिकारों के पक्ष में अदालत के प्रमुख फैसलों की एक निरंतर श्रृंखला से पीछे हटने के रूप में देखा जा रहा है। 

भारत ने यूएन में खारिज की यूएनएचआरसी आयुक्त वोल्कर टर्क की टिप्पणी
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के आयुक्त वोल्कर टर्क की टिप्पणी को खारिज करते हुए यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के नियमों को चुनिंदा रूप से लागू नहीं किया जा सकता है। टर्क ने कहा था कि भारत समेत 50 से अधिक देशों में पारदर्शिता पर कानूनों का रुख चिंताजनक है।

आईईडी विस्फोट में पांच पाकिस्तानी सैनिकों की मौत
अफगानिस्तान की सीमा से लगे अशांत कुर्रम आदिवासी जिले में आईईडी विस्फोट होने से पांच पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई। पांचों सैनिकों की पहचान हवलदार अकील अहमद, लांस नायक मुहम्मद तफीर, सिपाही अनोश रूफ, सिपाही मुहम्मद आजम खान और सिपाही हारून विलियम के रूप में की गई है।

भारत की तरह तिब्बत का दुनिया में किसी ने समर्थन नहीं किया
निर्वासित तिब्बती सरकार के पूर्व पीएम लोब्सांग सांगे ने कहा, अमेरिकी संसदीय दल का दलाई लामा व पीएम मोदी से मिलना जरूरी था। तिब्बत का समर्थन करने आए अमेरिकी दल के साथ खड़े रहने के लिए भारत के प्रति आभार जताते हुए सांगे बोले, तिब्बत का भारत जैसा समर्थन दुनिया में किसी ने नहीं किया है।

भारत से भेजी मदद पपुआ न्यू गिनी तक पहुंचा रहा ऑस्ट्रेलिया
भारत की तरफ से भेजी गई 10 लाख डॉलर की मानवीय मदद को ऑस्ट्रेलिया ने पपुआ न्यू गिनी तक पहुंचा दिया है। इस पर विदेश मंत्री जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग का आभार जताया है। जयशंकर ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया की दोस्ती हिंद-प्रशांत में मिलकर मानवीय मदद और आपदा राहत (एचएडीआर) पहुंचा रही है।

उ. कोरियाई सैनिकों की घुसपैठ पर द. कोरिया ने की फायरिंग
दक्षिण कोरियाई सेना ने शुक्रवार को कहा कि बीते दिन उत्तरी कोरिया के सैनिक एक बार फिर जमीनी सीमा को अस्थायी तौर पर पार कर उनकी सीमा में आ गए। इसके बाद सैनिकों ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं। इस महीने में तीसरी बार उत्तर कोरियाई सैनिकों ने जमीनी सीमा पार की है। उत्तर कोरिया के कई सैनिक सीमा के उत्तरी भाग में अज्ञात निर्माण कार्य में लगे हुए हैं।

चीनी-अमेरिकी को नस्ली टिप्पणी पर पुलिस अफसर की नौकरी गई
दो वर्ष पूर्व ड्यूटी से बाहर रहने के दौरान अपने चीनी मूल के अमेरिकी पड़ोसी को नस्ली और लिंगवादी अपशब्द कहने के आरोप में सिएटल के एक पुलिस अधिकारी बर्टन हिल को नौकरी से निकाल दिया गया है। बर्टन ने पड़ोसी जेन जिन के साथ उपनगरीय सिएटल में रहने वाले कॉन्डोमिनियम परिसर में कुत्ते की हड्डियों के निपटान को लेकर हुए विवाद में ऐसी टिप्पणियां कीं।

भारत के साथ आर्थिक सहयोग का दायरा बढ़ाना चाहता है बांग्लादेश
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना शुक्रवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए भारत पहुंची। भारत सरकार के गठन के बाद हसीना की यह पहली द्विपक्षीय राजकीय यात्रा है। इस बीच बांग्लादेशी पीएम हसीना के निजी उद्योग और निवेश सलाहकार सलमान एफ रहमान ने दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए भारत के साथ आर्थिक सहयोग के दायरे को बढ़ाने की बात दोहराई। रहमान ने उद्योग के सीईओ के साथ अपनी बैठक का उल्लेख किया। कहा, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने प्रस्ताव दिया कि बांग्लादेशी व्यवसायों को भारत के अन्य हिस्सों में विस्तार करने पर विचार करना चाहिए, जिसका पीएम हसीना ने समर्थन किया।

पाकिस्तान में पर्यटक की पीट-पीटकर हत्या मामले में भीड़ पर FIR
पाकिस्तानी पुलिस ने शुक्रवार को पर्यटक की पीट-पीटकर हत्या मामले में भीड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पंजाब प्रांत के सियालकोट के 40 वर्षीय निवासी मुहम्मद इस्माइल को गुस्साई भीड़ ने बृहस्पतिवार को घसीटते हुए गोली मार दी थी। जिसके बाद इस्माइल को भीड़ ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले की मद्यन तहसील में सार्वजनिक तौर पर फांसी पर लटका दिया था। इस्माइल पर इस्लाम की पवित्र किताब की बेअदबी करने का आरोप था। भीड़ को कंट्रोल करने में पांच पुलिसकर्मी और 11 स्थानीय लोग भी घायल हो गए थे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed