फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates US ICE Body Camera Row Hormuz Centcom West Asia Russia Ukraine PAK China Nepal Bangladesh news

World News: न्यूयॉर्क हार्बर में नाव पलटी, महिला और 5 महीने की बच्ची की मौत; 12 लोगों को डूबने से बचाया गया

Sun, 09 Aug 2026 10:49 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 09 Aug 2026 10:49 PM IST
विज्ञापन
World Updates US ICE Body Camera Row Hormuz Centcom West Asia Russia Ukraine PAK China Nepal Bangladesh news
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

अमेरिका में न्यूयॉर्क हार्बर के पास नाव पलटने के हादसे में एक महिला और पांच महीने के बच्चे की मौत हो गई। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने रविवार को बताया कि न्यूयॉर्क हार्बर में पलटी एक नाव के ऑपरेटर पर आपराधिक आरोप लगाए जा रहे हैं। इस हादसे में एक मां और उसकी नवजात बेटी की मौत हो गई थी। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह नाव अवैध रूप से किराए पर ली गई थी।

विज्ञापन


अमेरिका कोस्ट गार्ड के अनुसार, 22-फुट लंबी 'बेलाइनर' स्पीडबोट शनिवार रात करीब 10:25 बजे लिबर्टी आइलैंड के पास पलट गई, जहां स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी स्थित है। पुलिस के पहुंचने से पहले पानी से बारह लोगों को बचाया गया था, और बाद में पुलिस गोताखोरों ने पानी में 27 वर्षीय महिला और 5 महीने की बच्ची को ढूंढ निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कोस्ट गार्ड के अनुसार, बाकी लोगों की हालत स्थिर थी।
विज्ञापन


कोस्ट गार्ड सेक्टर न्यूयॉर्क की कमांडर कैप्टन डोरिन मैकार्थी ने कहा, "कल रात हुई दुखद मौतों से हम बहुत दुखी हैं, और इस बेहद मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवार और उनके चाहने वालों के साथ हैं।" उन्होंने कहा, "हम अपनी सहयोगी एजेंसियों और उस 'गुड समैरिटन' (मददगार) नाव के साहसी और त्वरित कार्यों के लिए बेहद आभारी हैं, जिन्होंने पानी से बचे लोगों को बचाने में मदद की।"
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि न्यूयॉर्क के 46 वर्षीय मैनुअल हर्नांडेज पर लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने के 13 आरोप लगाए गए हैं। रविवार को उनका कोई फोन नंबर नहीं मिल सका और मामले को अभी तक ऑनलाइन अदालती रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़ितों के परिवारों को सूचित किए जाने तक उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है।

अमेरिका में ICE बॉडी कैमरा फुटेज नीति पर विवाद
अमेरिका में आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) के कार्यवाहक निदेशक डेविड जे वेंचरला ने कैमरे से जुड़ी नीति और पारदर्शिता पर अहम टिप्पणी की है। दरअसल, शनिवार को एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि एजेंसी फुटेज तभी जारी करती है जब उसे यह अपने "सर्वोत्तम हित" में लगे। इस पर वेंचरला ने स्पष्ट किया कि इस नीति का पालन इसलिए किया जाता है ताकि जांच या निजता से समझौता न हो। उन्होंने रिपोर्ट पर आपत्ति भी जताई। वेंचरला ने कहा, एजेंसी का यह दृष्टिकोण अन्य संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नीतियों के समान है। यह सूचना की स्वतंत्रता अधिनियम और निजता अधिनियम के अनुरूप है। ICE नीति के अनुसार, हिरासत में गंभीर चोट या मौत के बाद 72 घंटों के भीतर फुटेज जारी की जाती है। यह तभी होता है जब एजेंसी के "सर्वोत्तम हित" में हो। कैमरे से जुड़ी यह नीति फरवरी 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पदभार संभालने के बाद अपनाई गई।

नेपाल में आठ राजनीतिक दलों ने बनाया गठबंधन
नेपाल में आठ राजनीतिक दलों ने मिलकर 'प्रोग्रेसिव फ्रंट' नाम से एक नया गठबंधन बनाने का एलान किया है। यह गठबंधन साझा राजनीतिक मुद्दों और समान एजेंडे के आधार पर बनाया गया है।

इस गठबंधन का एलान शनिवार को काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया। इसमें जनता समाजवादी पार्टी (जेएसपी), जनमत पार्टी (जेपी), आम जनता पार्टी (एजेपी), नागरिक उन्मुक्ति पार्टी नेपाल (एनयूपीएन), प्रगतिशील लोकतांत्रिक पार्टी (पीएलपी), नेपाल संघीय समाजवादी पार्टी (एनएसएसपी), बहुजन समाजवादी पार्टी नेपाल (बीएसपीएन) और खम्बुवान राष्ट्रीय मोर्चा (केआरएम) शामिल हैं।

'प्रोग्रेसिव फ्रंट' की ओर से जारी बयान के मुताबिक, गठबंधन साझा राजनीतिक मुद्दों और समान एजेंडे के आधार पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है।

यह गठबंधन ऐसे समय में बनाया गया है, जब मधेश क्षेत्र पर आधारित पार्टियां और कुछ अन्य छोटे दल राजनीतिक सहयोग और मिलकर काम करने की कोशिश कर रहे हैं। बयान में कहा गया है कि फ्रंट का लक्ष्य जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर होने वाले हर तरह के भेदभाव और असमानता को खत्म करके 'न्यायपूर्ण, समावेशी और भेदभाव मुक्त एकजुट समाज' बनाने के लिए काम करना है।
 
जापान: तनाव मिटाने के लिए की 258 करोड़ की शॉपिंग
जापान की 32 वर्षीय मायू योशिदा ने तनाव दूर करने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग का ऐसा तरीका अपनाया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। उसने करीब 258 करोड़ रुपये के 2,100 से ज्यादा ऑनलाइन ऑर्डर किए, लेकिन एक भी सामान अपने पास नहीं पहुंचने दिया। वह गलत पता देती, डिलीवरी के समय पार्सल लेने से मना कर देती या तय समय पर भुगतान नहीं करती, जिससे ऑर्डर रद्द हो जाता। रिपोर्ट के मुताबिक, योशिदा ने अक्तूबर 2023 के आसपास ऑर्डर कर तुरंत रद्द करने का सिलसिला शुरू किया, जो करीब दो साल चला। इस दौरान उसने 238 अलग-अलग खातों का इस्तेमाल किया। योशिदा ने बताया कि उसे एनीमे किरदारों के सामान देखना और उपलब्ध होने से पहले उन्हें ऑर्डर करना पसंद था। उसका कहना था कि रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव के बीच ऐसा करने से उसे सुकून मिलता था। कंपनी के मुताबिक, उसके व्यवहार से उन ग्राहकों को भी नुकसान हुआ जो वास्तव में सामान खरीदना चाहते थे। कंपनी की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और योशिदा को गिरफ्तार कर लिया है।

जिम्बाब्वे: विलुप्त हो चुके काले गैंडों की 30 साल बाद वापसी
जिम्बाब्वे के माटुसाडोना राष्ट्रीय उद्यान में 30 साल बाद काले गैंडों की वापसी हुई है। कभी शिकारियों ने इस इलाके में इनकी आबादी खत्म कर दी थी। 2016 में यहां आखिरी काले गैंडे की मौजूदगी कैमरा ट्रैप में दर्ज हुई थी। अब 17 गैंडों को फिर इसी जंगल में बसाया गया है और अगले चरण में 20 और गैंडों को लाने की तैयारी है। लक्ष्य सिर्फ संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जाम्बेजी घाटी में गैंडों की मजबूत और आनुवंशिक रूप से विविध आबादी तैयार करना है। नेशनल ज्योग्राफिक की रिपोर्ट के मुताबिक यह अभियान जिम्बाब्वे के पार्क एवं वन्यजीव प्रबंधन प्राधिकरण और अफ्रीकन पार्क्स की साझेदारी से चल रहा है। इसमें वन्यजीव सुरक्षा के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।

ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी, CENTCOM ने कई जहाज रोके
अमेरिकी केंद्रीय कमान (US CENTCOM) ने शनिवार को बताया कि उसने ईरान के खिलाफ नाकाबंदी के तहत 53 वाणिज्यिक जहाजों को मार्ग बदलने पर मजबूर किया। दो जहाजों को निष्क्रिय किया गया और दो पर सवार होकर जांच की गई। 30 से अधिक जहाजों को मानवीय सहायता के लिए गुजरने दिया गया। अमेरिकी नौसैनिक USS अब्राहम लिंकन पर F/A-18E सुपर हॉर्नेट विमानों का रखरखाव करते हैं। इसका उद्देश्य हमलावर समूह को अभियान के लिए तैयार रखना है। CENTCOM ने X पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उसने बताया कि 8 अगस्त तक 53 वाणिज्यिक जहाजों को रोका गया। दो जहाजों को निष्क्रिय किया गया और दो पर सवार होकर जांच की गई। अमेरिकी सेना ने 30 से अधिक जहाजों को मानवीय सहायता के लिए नाकाबंदी से गुजरने की अनुमति दी।

नाकाबंदी का विस्तार
रविवार को CENTCOM ने 35 वाणिज्यिक जहाजों का मार्ग बदला। दो जहाजों को निष्क्रिय किया गया और दो अन्य पर सवार होकर जांच की गई। यह कार्रवाई ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी जारी रहने के तहत की गई। CENTCOM ने X पर बताया कि उसकी सेना पिछले महीने फिर से लगाई गई नौसैनिक नाकाबंदी को लागू कर रही है। कमान ने USS अब्राहम लिंकन से एक अमेरिकी मरीन कॉर्प्स F-35C स्टील्थ लड़ाकू विमान के उड़ान भरने का दृश्य भी साझा किया, जो अरब सागर से गुजर रहा था और नाकाबंदी का समर्थन कर रहा था।

ट्रंप के पूर्व वकील टॉड ब्लैंच बने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल: सीनेट से मिली मंजूरी
अमरीकी सीनेट ने 50-49 के करीबी अंतर से टॉड ब्लैंच को देश के नए अटॉर्नी जनरल यानी महान्यायवादी के रूप में मंजूरी दे दी है। इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए एक बड़ी राजनीतिक जीत माना जा रहा है, क्योंकि अब उनके पूर्व व्यक्तिगत वकील अमरीका की सर्वोच्च कानून प्रवर्तन एजेंसी के प्रमुख बन गए हैं। लुइसियाना के सीनेटर बिल कैसिडी ने ब्लैंच के पक्ष में निर्णायक वोट डाला। दो रिपब्लिकन सीनेटरों मेन की सुसान कोलिन्स और अलास्का की लिसा मर्कोव्स्की ने पार्टी लाइन से अलग हटकर उनके खिलाफ मतदान किया। सीनेट के सभी डेमोक्रेटिक सदस्यों ने टॉड ब्लैंच के नामांकन का विरोध किया और इसके खिलाफ वोट दिया। औपचारिक पुष्टि से पहले, टॉड ब्लैंच पहले से ही कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल के रूप में न्याय विभाग का नेतृत्व कर रहे थे। रिपब्लिकन सीनेटरों के विरोध के कारण उनका नामांकन कई हफ्तों तक अधर में लटका रहा। विरोध का मुख्य कारण विभाग के 1.8 अरब डॉलर के एंटी-वेपनाइजेशन फंड को बनाने का समझौता था। इसके अलावा, राष्ट्रपति ट्रंप, उनके बेटों और उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कर छूट दिए जाने के प्रावधानों को लेकर भी भारी विवाद और विरोध हुआ था।

होर्मुज समझौते के करीब ईरान-ओमान

ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही के लिए नए रास्ते पर समझौते के करीब हैं। ईरान ने कहा कि जलडमरूमध्य खोलने के लिए अमेरिका को मुआवजा देना होगा और प्रतिबंध हटाने होंगे। ओमान ने बातचीत को सकारात्मक बताया। इस बीच, यूएई ने आरोप लगाया कि होर्मुज से गुजर रहे उसके तेल कंपनी से जुड़े जहाज पर ईरान ने मिसाइल हमला किया। कोई घायल नहीं हुआ। ब्रिटेन ने भी एक जहाज में आग लगने की जानकारी दी।

थाईलैंड: स्कूल में गोलीबारी की घटना में मरने वालों की संख्या हुई 8
बैंकॉक के बाहरी इलाके में एक स्कूल में छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में घायल 12 वर्षीय छात्रा की शनिवार को अस्पताल में मौत हो गई। इसके साथ ही हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। 14 वर्षीय आरोपी ने शुक्रवार सुबह पहले अपने दादा-दादी की घर पर हत्या की। इसके बाद नॉनथाबुरी प्रांत के देबसिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में गोलीबारी कर खुद को भी गोली मार ली। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अस्पताल में भर्ती 14 घायलों में से सात की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकांश पीड़ित 12 से 14 वर्ष के बच्चे हैं। फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट के अनुसार, अधिकांश पीड़ितों को सीने या सिर में गोली लगी है।

नेपाल के पीएम बालेन शाह करेंगे भारत और चीन के राजदूतों से मुलाकात, कूटनीतिक हलचल तेज
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 'बालेन' सोमवार को भारत और चीन के राजदूतों से अलग-अलग द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। पद संभालने के 100 से अधिक दिनों के बाद यह उनकी पहली आमने-सामने की कूटनीतिक बैठक होगी। सोमवार सुबह वह भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मिलेंगे। इसके बाद दोपहर में चीनी राजदूत झांग माओमिंग से उनकी बात होगी।

मंगलवार को प्रधानमंत्री अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट उरबॉम से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले बालेन शाह ने एक-एक करके मिलने के बजाय आठ अप्रैल को 17 देशों के राजदूतों से एक साथ मुलाकात की थी। तराई और मधेश क्षेत्र में हुई हालिया सांप्रदायिक हिंसा के कारण इन व्यक्तिगत कूटनीतिक मुलाकातों में देरी हुई है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करना और एक-दूसरे के संदेशों का आदान-प्रदान करना है। इससे पहले जून के महीने में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारत और चीन का दौरा किया था। नेपाल सरकार भारत और चीन दोनों के साथ मजबूत रिश्ते बनाना चाहती है और देश को दोनों पड़ोसियों के बीच एक जीवंत पुल के रूप में विकसित करना चाहती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed