फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates US ICC Chief sanction Russia Ukraine Middle East Crisis PAK Nepal China Bangladesh Polity crime

World: रूस के ऊफा में ड्रोन हमले में भारतीय छात्र घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

Wed, 19 Aug 2026 11:06 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 19 Aug 2026 11:06 PM IST
विज्ञापन
World Updates US ICC Chief sanction Russia Ukraine Middle East Crisis PAK Nepal China Bangladesh Polity crime
वर्ल्ड अपडेट्स - फोटो : अमर उजाला

रूस के ऊफा में बुधवार को हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय छात्र मामूली रूप से घायल हो गया। भारतीय दूतावास ने बताया कि छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है। छात्र ऊफा स्थित बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। भारतीय मिशन ने छात्र का नाम और अन्य विवरण साझा नहीं किए हैं। दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह छात्र और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और हर जरूरी सहायता मुहैया करा रहा है।

विज्ञापन


रूस-यूक्रेन के बीच ड्रोन हमलों में तेजी
यह घटना रूस और यूक्रेन के बीच लंबी दूरी के ड्रोन हमलों में तेज वृद्धि के बीच हुई है। यूक्रेनी बलों ने पिछले दो दिनों में रूस पर बड़े ड्रोन हमलों में से एक को अंजाम दिया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, कई क्षेत्रों में सैकड़ों ड्रोन को रोका गया। इनमें अग्रिम मोर्चे से दूर के इलाके भी शामिल हैं। रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, ऊफा में एक ड्रोन ने एक तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि शहर पर हमला हुआ।
विज्ञापन


उत्तरी केन्या के दूरदराज इलाके में 7 लोगों के साथ हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त
उत्तरी केन्या के एक दुर्गम क्षेत्र में बुधवार की सुबह सात लोगों के साथ एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। देश की विमानन एजेंसी ने यह जानकारी दी, हालांकि यात्रियों और पायलट की स्थिति तत्काल ज्ञात नहीं हो सकी। केन्या सिविल एविएशन अथॉरिटी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह 9:13 बजे लुइसबा कंजरवेंसी से सम्बुरु काउंटी के इवासो न्यिरो क्षेत्र की ओर उड़ान भर रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हुआ। अथॉरिटी ने कहा कि घटना की जांच चल रही है और हेलीकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह यात्री और एक पायलट शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


ट्रंप ने डॉ. हेइडी ओवरटन को बनाया एफडीए प्रमुख
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस की वरिष्ठ सहयोगी डॉ. हेइडी ओवरटन को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) का प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की। चिकित्सक ओवरटन व्हाइट हाउस की घरेलू नीति परिषद की उप निदेशक हैं। उन्होंने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की स्वास्थ्य संबंधी कई पहलों पर काम किया है। इस वजह से वह प्रशासन में भरोसेमंद चेहरा बन गई हैं और राष्ट्रपति के लक्ष्यों की समर्थक मानी जाती हैं। हालांकि, एफडीए के नए आयुक्त के सामने कई तरह की प्राथमिकताओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी। इनमें ट्रंप की प्राथमिकताएं, परंपरागत रिपब्लिकन नेताओं के नियमन विरोधी हित और स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर का बड़ी कंपनियों के प्रति विरोधी रुख शामिल है।

Trending Videos

अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय की अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ वकील पर लगाए कड़े प्रतिबंध
अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की अध्यक्ष टोमोको अकाने और वरिष्ठ वकील अब्दुलाये सेये पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया कि यह कार्रवाई पिछले साल जारी ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत की गई है। अमेरिका का आरोप है कि ये अधिकारी गैर-सदस्य देशों के अधिकारियों पर कार्रवाई की कोशिश कर रहे थे। इन प्रतिबंधों के तहत अमेरिका में इन अधिकारियों की संपत्तियां फ्रीज कर दी गई हैं। बता दें कि अमेरिका इस अदालत का सदस्य नहीं है। पिछले साल भी इस्राइली नेताओं और अमेरिकी सैनिकों की जांच को लेकर कुछ अधिकारियों पर पाबंदियां लगाई गई थीं।

कांगो में इबोला के पांच हजार से ज्यादा मामले 
कांगो के सरकारी आंकड़ों में सामने आया है कि देश में इबोला संक्रमण के मामले 5,000 तक पहुंच गए हैं। राहत और बचाव में लगे लोगों ने चेतावनी दी है कि देश के सबसे दूरदराज इलाकों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। संक्रमण को रोकने की कोशिशों की रफ्तार इसके फैलने से पीछे रह गई है।

कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार तक संक्रमण के 5,021 मामले सामने आ चुके थे। इनमें 2,378 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के कुछ बेहद मुश्किल हालात वाले इलाकों में इसका प्रकोप जारी है। असुरक्षा, लोगों का विस्थापन और बड़ी संख्या में लोगों के एक जगह से दूसरी जगह जाने से हालात और बिगड़ रहे हैं। इस प्रकोप ने इतिहास में अब तक के किसी भी इबोला प्रकोप की तुलना में ज्यादा तेजी से ज्यादा लोगों को संक्रमित किया है और उनकी जान ली है।

पहला मामला सामने आने के बाद से यह बीमारी करीब तीन गुना तेजी से फैली है। इसकी तुलना 2014 से 2016 के बीच पश्चिम अफ्रीका में फैले इबोला प्रकोप से की गई है। वह अब तक का सबसे घातक इबोला प्रकोप था, जिसमें 11,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

एअर न्यूजीलैंड ने कैंपबेल विल्सन को बोर्ड में नियुक्त किया
एअर न्यूजीलैंड ने एयर इंडिया के मौजूदा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन को अपने बोर्ड में निदेशक नियुक्त किया है। विल्सन घाटे में चल रही एअर इंडिया और उसे बदलने की कोशिशों का नेतृत्व कर रहे हैं। वह सितंबर में एअर इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशक के पद से हट जाएंगे। एअर इंडिया ने सात अप्रैल को उनके इस्तीफे की घोषणा की थी।

एअर न्यूजीलैंड ने बुधवार को शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी में कहा, एयरलाइन के पूर्व अधिकारियों कैंपबेल विल्सन और रॉबर्ट मैकडोनाल्ड को बोर्ड ने नियुक्त किया है। यह नियुक्ति वार्षिक शेयरधारक बैठक में वोटिंग के जरिये उनके दोबारा चुने जाने की शर्त के साथ प्रभावी होगी।

एअर न्यूजीलैंड की वार्षिक शेयरधारक बैठक 24 सितंबर को होने वाली है। विल्सन न्यूजीलैंड के रहने वाले हैं। रॉबर्ट मैकडोनाल्ड एअर न्यूजीलैंड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। वह इस समय वीरो इंश्योरेंस न्यूजीलैंड के अध्यक्ष और कॉन्टैक्ट एनर्जी लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। फिलहाल एअर न्यूजीलैंड के बोर्ड में अध्यक्ष डेम थेरेस वॉल्श सहित सात सदस्य हैं। बोर्ड के एक सदस्य लैरी डी शॉन अगले महीने पद से हटने वाले हैं।

जून में ब्राजील में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में विल्सन ने कहा था कि वह किसी दूसरी एयरलाइन में कार्यकारी पद नहीं संभालने वाले हैं। उन्होंने कहा, मैं पूर्णकालिक कार्यकारी काम से पीछे हटने जा रहा हूं और सलाहकार बोर्ड, अतिथि शिक्षक जैसे कामों पर ध्यान दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह युवा लोगों को मार्गदर्शन देने में मदद कर सकते हैं।


यूक्रेन में युद्ध के बीच चुनाव की मांग, पूर्व रक्षा मंत्री ने उठाई आवाज
यूक्रेन के पूर्व रक्षा मंत्री मायखाइलो फेडोरोव ने मंगलवार को मांग की कि रूस के साथ युद्ध जारी रहने के बावजूद देश में चुनाव कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन शासन व्यवस्था के संकट से जूझ रहा है।

राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के हाल तक सबसे भरोसेमंद और लंबे समय से साथ रहने वाले नेताओं में शामिल फेडोरोव की यह मांग रूस के पूर्ण पैमाने पर हमले के बाद जेलेंस्की के सामने अब तक की सबसे बड़ी आंतरिक चुनौती बन सकती है। फेडोरोव ने यूट्यूब पर जारी एक वीडियो संदेश में यह अपील की। जुलाई में उन्हें रक्षा मंत्री के पद से हटा दिया गया था।

उन्होंने कहा, हमें एक ऐसा कानूनी, सुरक्षित और व्यावहारिक तरीका खोजना होगा, जो लंबे समय तक चलने वाले युद्ध के बीच भी यूक्रेन को पूरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने की अनुमति दे। जेलेंस्की के कार्यालय ने फेडोरोव के इस संदेश पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।


सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त ने महिला कामगारों से मुलाकात की 
सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने शहर में काम कर रही करीब 200 भारतीय महिलाओं की मेजबानी की। उन्होंने विदेश में रहने वाली महिलाओं के लिए सरकार की ‘वन स्टॉप सेंटर’ पहल के तहत स्वास्थ्य जांच और पैसों के लेन-देन से जुड़ी सलाह की व्यवस्था की।

अंबुले ने रविवार को हुई इस बैठक में महिलाओं से कहा, अगर आपको कभी भी कोई समस्या हो, तो हमसे संपर्क करने में बिल्कुल न हिचकिचाएं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि सिंगापुर में काम करते समय आने वाली समस्याओं पर सलाह और मदद के लिए वे सीधे उच्चायोग के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने महिलाओं से बैंक के जरिये ही पैसों का लेन-देन करने और बढ़ते वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उच्चायोग ने बुधवार को पीटीआई को बताया कि स्वास्थ्य जांच का उद्देश्य महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रोत्साहित करना था। इनमें से कई महिलाएं घरेलू सहायिका और देखभाल कर्मी के रूप में काम करती हैं। वे सिंगापुर के तेज रफ्तार और अलग-अलग संस्कृतियों वाले माहौल में काम कर रही हैं।

श्रीलंका में पूर्व मंत्री गिरफ्तार
श्रीलंका के अधिकारियों ने भ्रष्टाचार और साजिश के आरोपों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में पूर्व मंत्री केहेलिया रामबुकवेला को गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार विरोधी आयोग ने एक बयान में यह जानकारी दी।

रिश्वत और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने वाले आयोग ने मंगलवार को रामबुकवेला को दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया। आयोग के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब साढ़े 11 बजे और दोपहर सवा एक बजे गिरफ्तार किया गया। वह पहले मीडिया और स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।


मॉस्को के पास गोदाम में आग, यूक्रेन में ड्रोन दल फिर हमले की तैयारी में
यूक्रेन के कई ड्रोन ने रात में मॉस्को के बाहर बने एक बड़े गोदाम को निशाना बनाया। अगली सुबह भी वहां आग लगी हुई थी। रूस के सबसे बड़े खुदरा गोदामों में से एक से काला धुआं आसमान में उठ रहा था। मॉस्को से सैकड़ों किलोमीटर दूर यूक्रेन के ड्रोन दल रात के हमले के कुछ देर बाद ही एक और हमले की तैयारी में जुट गए।

दक्षिणी यूक्रेन के एक सूरजमुखी के खेत में सैनिकों का एक छोटा दल तेजी से इकट्ठा हुआ। उन्होंने विस्फोटकों से लदे करीब 20 छोटे विमान जैसे ड्रोन जुटाए और उन्हें रूस की ओर रवाना कर दिया।
 

यूक्रेन में जापोरिझिया परमाणु संयंत्र में ड्रोन विस्फोट, एक की मौत

यूक्रेन के जापोरिझिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कर्मचारियों के इस्तेमाल वाले बस स्टॉप पर मंगलवार सुबह छह बजे ड्रोन विस्फोट हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हुए। संयंत्र के निदेशक के अनुसार कुल 16 कर्मचारी और उप-ठेकेदार हताहत हुए। आईएईए प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने सैन्य कमांडरों से ऐसी कार्रवाइयां तत्काल रोकने की अपील की। उन्होंने इन्हें परमाणु सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम बताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed