World News: बेल्जियम और मोजाम्बिक में भारत के नए राजदूत की नियुक्ति; 16 देशों के UN शांतिरक्षकों का प्रशिक्षण
World Updates: भारत के सोलह मित्र देशों और भारतीय सेना के सैन्य अधिकारियों के लिए एक पाठ्यक्रम आयोजित उन्हें नेतृत्व कौशल, सामरिक सोच और परिचालन क्षमता को बढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना केंद्र-भारत' ने सोलह मित्र देशों और भारतीय सेना के सैन्य अधिकारियों के लिए एक पाठ्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत नेतृत्व कौशल, सामरिक सोच और परिचालन क्षमता को बढ़ाने पर फोकस किया गया। एक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
इसमें कहा गया है कि भारतीय सेना के तत्वावधान में छह से चौबीस नवंबर तक संयुक्त राष्ट्र पूर्व-तैनाती पाठक्रम (प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण) आयोजित किया गया। शुक्रवार को जारी रक्षा बयान में कहा गया, संयुक्त राष्ट्र के ढांचे (फ्रेमवर्क) पर आधारित और एक सशक्त व सहयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम के रूप में इस पाठ्यक्रम का आयोजन विदेश मंत्रालय के सहयोग से संयुक्त रुप से किया गया था।
बयान में आगे कहा गया है कि यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियानों में व्यापक अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की भारत की प्रतिबद्धता को दिखाता है। इसमें कहा गया, पाठ्यक्रम का मकसद अधिकारियों के बीच नेतृत्व कौशल, सामरिक सोच और परिचालन प्रभावशीलता को बढ़ाना, संस्कृतियों के आदान-प्रदान और पेशेवर विकास के लिए एक मंच बनाना है।
विदेश मंत्रालय ने की नई नियुक्तियां
विदेश मंत्रालय ने दूसरे देशों में अपने राजदूतों की नई नियुक्ति की है। मंत्रालय के अनुसार, रॉबर्ट शेटकिंटॉन्ग को मोजाम्बिक में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया है। शेटकिंटॉन्ग वर्तमान में इथियोपिया में भारत के राजदूत हैं। इसके अलावा 1989 बैच के आईएफएस अधिकारी को बेल्जियम में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया है। कुमार वर्तमान में विदेश मंत्रालय में भारत के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। बेल्जियम के राजदूत के अलावा, कुमार को यूरोपीय संघ विदेश मंत्रालय में भारत के राजदूत के रूप में मान्यता दी जाएगी।
नेपाल: मादक पदार्थ रखने के आरोप में दो भारतीय गिरफ्तार
मादक पदार्थ रखने के आरोप में शुक्रवार को दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। नेपाल पुलिस के समाचार बुलेटिन के मुताबिक, चांद शाह (19 वर्षीय) को 25 ग्राम और 200 मिलीग्राम ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि शाह को पश्चिमी नेपाल के बांके जिले के नेपालगंज उप-महानगरीय शहर से गिरफ्तार किया गया।
उसे भारत से नेपाल जाते समय प्रतिबंधित पदार्थ के साथ सीमा पार करते समय गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इसी तरह एक अन्य भारतीय नागरिक सोनू कुमार चौधरी (27 वर्षीय) को भी सुनसारी जिले की दुहाबी नगरपालिका से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि चौधरी और एक नेपाली व्यक्ति को 70 ग्राम और पांच मिलीग्राम ब्राउन शुगर रखने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों भारतीय नागरिकों से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है।
भारत-ब्रिटेन रक्षा सलाहकार समूह की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा
भारत के रक्षा सचिव गिरिधर अरामाने और ब्रिटेन के रक्षा मंत्री डेविड विलियम्स ने शुक्रवार को यहां वार्षिक भारत-ब्रिटेन रक्षा सलाहकार समूह (डीसीजी) की बैठक की सह-अध्यक्षता की, जिसमें कई क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों और रक्षा औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की गई। रक्षा मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक, अरामाने और विलियम्स ने चल रही रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की, हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिति और संभावित सहयोग और मिसाइल प्रणालियों और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन में रक्षा औद्योगिक सहयोग प्रस्तावों पर चर्चा की।
दोनों पक्षों ने संयुक्त अभ्यास, समुद्री डोमेन जागरूकता और सूचना के आदान-प्रदान पर फोकस करते हुए समुद्री क्षेत्र में बातचीत और संयुक्त गतिविधियों को बढ़ाने की योजना बनाई। उन्होंने भारत-ब्रिटेन टू प्लस टू विदेश और रक्षा वार्ता की शुरुआत और सभी क्षेत्रों में सैन्य-से-सैन्य जुड़ाव की बढ़ती गति की सराहना की।
भारत-बांग्लादेश ने सीमा, व्यापार पर चर्चा की
भारत और बांग्लादेश ने शुक्रवार को सीमा और सुरक्षा, व्यापार, संपर्क और बिजली और ऊर्जा क्षेत्रों सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। दोनों देशों के बीच 'भारत-बांग्लादेश विदेश कार्यालय परामर्श' के दौरान चर्चा हुई, जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने किया और बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व विदेश सचिव मसूद बिन मोमेन ने किया।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भारतीय पक्ष ने हाल ही में आयोजित वर्चुअल जी-20 शिखर सम्मेलन और वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट 2.0 में अपने पड़ोसी देश की भागीदारी की सराहना की। इसमें कहा गया, व्यापार और सुरक्षा के अलावा दोनों पक्षों ने लोगों के बीच संबंधों और विकास सहयोग पर व्यापक चर्चा की।
वरिष्ठ राजनयिक सौरभ कुमार बेल्जियम में भारत का राजदूत नियुक्त
विदेश मंत्रालय की ओर से आज जारी एक बयान में कहा गया कि वरिष्ठ राजनयिक सौरभ कुमार को बेल्जियम में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के अधिकारी और वर्तमान में मंत्रालय में सचिव कुमार को यूरोपीय संघ (ईयू) में भारत के राजदूत के रूप में भी मान्यता दी जाएगी। उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
एक अन्य नियुक्ति में, 2001 बैच के आईएफएस अधिकारी और वर्तमान में इथियोपिया में भारत के राजदूत रॉबर्ट शेटकिनटोंग को मोजाम्बिक गणराज्य में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की भी उम्मीद है।
धुंध के कारण पाकिस्तान में पंजाब के 10 जिलों में स्मार्ट लॉकडाउन
पाकिस्तान के पंजाब में प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने धुंध के मद्देनजर दस जिलों में स्मार्ट लॉकडाउन लगाने की अधिसूचना जारी की है। पाकिस्तानी न्यूज चैनल एआरवाई के अनुसार पंजाब प्रांत दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में लगातार शीर्ष स्थान बरकरार रखे हुए है। जानकारी के अनुसार, स्मार्ट लॉकडाउन लाहौर, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान, साहीवाल और सरगोधा डिवीजनों में लागू रहेगा। उपरोक्त जिलों में शैक्षणिक संस्थान भी बंद हैं। अधिसूचना के अनुसार, बाजार, दुकानें, सिनेमाघर और रेस्तरां दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगे।
सिंगापुर में भारतवंशी कार्यकर्ता बनीं श्रम समूह की अध्यक्ष
भारतीय मूल की स्वास्थ्य कार्यकर्ता थनलेचिमी (57) को सिंगापुर के सबसे बड़े श्रम समूह ‘नेशनल ट्रेड्स यूनियन कांग्रेस’ (एनटीयूसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एनटीयूसी के करीब 450 प्रतिनिधियों में से 58 संबद्ध यूनियन ने गुप्त मतदान प्रक्रिया के जरिये थनलेचिमी को चुना और 2027 तक 4 वर्षीय कार्यकाल के लिए एक नई समिति का गठन किया गया। थनलेचिमी (57) यूनियन में कई भूमिकाएं निभाईं हैं।
बच्चों पर चाकू हमले के बाद डबलिन में भड़की हिंसा
सेंट्रल डबलिन में एक स्कूल में चाकूबाजी की घटना में तीन बच्चों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। इसके बाद यहां प्रदर्शनकारियों की आयरिश पुलिस के साथ हिंसक झड़पें हुईं, वाहनों में आग लगाई गई और बार-रेस्तरां में लूटपाट व तोड़फोड़ हुई। दंगा पुलिस पर भी हमला किया गया। चाकूबाजी में घायल 5 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर हैै। पुलिस ने 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
चीन में छह और देशों के नागरिकों के लिए वीजा मुक्त प्रवेश
चीन ने शुक्रवार को एलान किया कि वह पांच यूरोपीय देशों व मलयेशिया के लोगों को वीजा के बिना प्रवेश की अनुमति देगा। चीन ने यह कदम अधिक लोगों को व्यापार और पर्यटन के लिए प्रोत्साहित करने के इरादे से उठाया है। एक दिसंबर से फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्पेन और मलयेशिया के नागरिकों को बिना वीजा के 15 दिन के लिए चीन में प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। यह परीक्षण कार्यक्रम एक साल के लिए प्रभावी होगा। चीन ने पहले ब्रुनेई, जापान व सिंगापुर के नागरिकों को बिना वीजा के प्रवेश की अनुमति दी थी।