Updates: फ्रांस में धर्मस्थल पर आगजनी की कोशिश मामले में एक हिरासत में; गाजा में तीन इस्राइली सैनिक मारे गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी फ्रांसीसी शहर ला ग्रांडे-मोटे में यहूदी धर्मस्थल पर आगजनी की कोशिश मामले में एक शख्स को हिरासत में लिया है। बता दें, यह घटना हाल के महीनों में हुए हमलों की श्रृंखला में नवीनतम है, जिसने फ्रांस के यहूदियों को परेशान कर दिया है। यहूदी आमतौर पर शनिवार की सुबह सब्बाथ मनाने के लिए धर्मस्थल पर जाते हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दो विशिष्ट पुलिस इकाइयों ने शनिवार को निम्स शहर में छापेमारी के बाद संदिग्ध को हिरासत में लिया। आंतरिक मंत्री गेराल्ड डार्मनिन ने बताया कि संदिग्ध ने पुलिस पर गोलीबारी की थी। उन्होंने कहा कि धर्मस्थल पर आगजनी हमले के कथित अपराधी को हिरासत में ले लिया गया है।
तीन इस्राइली सैनिकों की मौत
हमास और इस्राइल बीते 10 महीने से जंग लड़ रहे हैं। इस्राइल द्वारा हमास को खत्म करने का संकल्प गाजा पट्टी के लोगों पर भारी पड़ रहा है। वहीं, इस्राइल के तीन रिजर्व सैनिक गाजा पट्टी में चल रही लड़ाई में मारे गए। इसकी जानकारी इस्राइली सेना ने शनिवार को दी।
सेना ने बताया कि मध्य गाजा में दो सार्जेंट प्रथम श्रेणी और एक सार्जेंट मेजर मारे गए। सेना के प्रवक्ता डेनियल हागरी ने बताया कि दो लोग बम विस्फोट में मारे गए जबकि तीसरा सैनिक उस समय मारा गया जब आतंकवादियों ने सैनिकों के एक समूह पर गोलीबारी की।
पाकिस्तान में बम विस्फोट में तीन बच्चों की मौत, 16 घायल
दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में शनिवार को एक बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तानी पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बम विस्फोट पिशिन में पुलिस मुख्यालय के पास हुआ। यहां एक रिमोट कंट्रोल बम को मोटरसाइकिल में रखा गया था, जिसमें विस्फोट होने से घायल हुए लोगों में सात पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।
हिंदू-मुस्लिमों ने की ढाकेश्वरी शक्तिपीठ की रक्षा
पिछले दिनों बांग्लादेश में भारी राजनीतिक उथल-पुथल हुई और देशभर में छात्र आंदोलन तथा पूर्व पीएम शेख हसीना के भारत भाग जाने के बाद हिंदू-मुस्लिम दंगे भी हुए, लेकिन श्री ढाकेश्वरी शक्तिपीठ सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बनी रही।
यहां हसीना सरकार के पतन के बाद से कई हिंदू, मुस्लिम और स्थानीय समुदाय के लोगों ने मंदिर की रक्षा की। यह बात मंदिर के मुख्य पुजारियों में एक आशिम मैत्रो ने कही। मैत्रो ने बताया कि हसीना सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद जब वह मंदिर परिसर में थे तब डर रहे थे और पुराने मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। हमने दरवाजे व मुख्य द्वार बंद कर दिए। उस वक्त सभी जगह अराजकता थी और पुलिस भी नदारद थी। लेकिन उस वक्त से अब तक स्थानीय मुस्लिमों ने मंदिर के बाहर पहरा दिया ताकि मंदिर को कोई नुकसान न पहुंचे और तब से आज तक मंदिर में कुछ भी अप्रिय नहीं हुआ। मां ढाकेश्वरी के मंदिर को लोग धार्मिक और सांप्रदायिक सद्भाव के प्रतीक रूप में देखते हैं।
व्हाट्सएप पर ईरान से जुड़ा था हैकर्स समूह
फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप की मूल कंपनी मेटा ने कहा कि उसने व्हाट्सएप मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर तकनीकी कंपनियों के लिए सहायक एजेंट के रूप में बने खातों के एक समूह को ब्लॉक किया था।
ये खाते ईरान से संबद्ध हैकरों के एक समूह से जुड़े थे और उसी समूह ने राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस व डोनाल्ड ट्रंप व अन्य राजनयिकों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। मेटा ने माना कि ईरानी हैकिंग समूह ने डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों ही राष्ट्रपति अभियानों पर निशाना साधा और उनके प्रशासन से जुड़े कर्मचारियों के व्हाट्सएप खातों में जाने की कोशिश की।
शिया जायरीन को पाकिस्तान से इराक ले जा रही बस के ईरान में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की 28 मृतकों के शव इस्लामाबाद लाए गए। हादसे में घायल हुए 23 जायरीन भी पाकिस्तानी सैन्य विमान से स्वदेश लाए गए। पाकिस्तान से शिया जायरीन को इराक ले जा रही बस मंगलवार देर रात मध्य ईरान में ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। सभी सिंध प्रांत के मृतकों को शनिवार सुबह दफनाया गया।
गर्भपात कानून को उदार बनाने के लिए पर्याप्त वोट नहीं : टस्क
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने स्वीकार किया है कि उनके पास देश के गर्भपात कानून को बदलने के लिए संसद में पर्याप्त समर्थन नहीं है। पोलिश गर्भपात कानून पूरे यूरोप में सर्वाधिक प्रतिबंधात्मक है। मध्यमार्गी टस्क ने दिसंबर में एक गठबंधन प्रमुख के रूप में सत्ता संभालते वक्त गर्भपात को वैध बनाने का संकल्प जताया था, जिसका रूढ़िवादियों ने कड़ा विरोध किया।
यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर विदेश मंत्री ने दी बधाई
यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बधाई दी और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और प्रोत्साहित करने की इच्छा व्यक्त की। इस मौके पर यूक्रेनी समकक्ष दिमित्रो कुलेबा को बधाई देते हुए जयशंकर ने कहा, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुलेबा, यूक्रेन सरकार और लोगों को बधाई।
हम द्विपक्षीय संबंधों के और विकास के लिए तत्पर हैं। जयशंकर ने भारत और यूक्रेन के बीच मजबूत होते संबंधों को रेखांकित किया और गत वर्ष हासिल द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख मील के पत्थर साझा किए। इनमें जुलाई 2023 में कीव में आयोजित 9वीं भारत-यूक्रेन विदेश कार्यालय परामर्श, मार्च 2024 में भारत-यूक्रेन अंतर-सरकारी आयोग की समीक्षा बैठक और अगस्त 2024 में कार्यान्वयन पर केंद्रित एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर शामिल हैं। उन्होंने उच्च प्रभाव वाली सामुदायिक विकास परियोजनाओं को भी साझा किया। जयशंकर ने स्वास्थ्य सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत यूक्रेन को चिकित्सा आपात स्थिति के लिए जरूरी दवाओं और उपकरणों से युक्त चार भीष्म क्यूब उपहार में दिए गए।
जर्मनी में चाकूबाजी की इस्लामिक स्टेट ने ली जिम्मेदारी
पश्चिमी जर्मनी के सोलिंगन में एक उत्सव के दौरान चाकू से किए गए हमले की इस्लामिक स्टेट ने जिम्मेदारी ली है। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी और आठ लोग घायल हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला शुक्रवार शाम (स्थानीय समयानुसार) केंद्रीय चौक फ्रोनहोफ पर हुआ था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने राहगीरों पर चाकू से हमला किया और बाद में फरार हो गया। हमला तब हुआ जब सोलिंगन अपनी स्थापना की 650वीं वर्षगांठ मना रहा था।
इस्लामिक स्टेट समूह ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए शनिवार को हमलावर को इस्लामिक स्टेट का सिपाही बताया। कहा कि हमलावर ने फलस्तीन और दुनिया के अन्य हिस्सों में मुसलमानों के साथ कि गए दुर्व्यवहार के प्रतिशोध में ईसाइयों को निशाना बनाया।