फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 4 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi

World: लंदन में पत्रकार पर हमले के दोषियों को सजा; दूत ने कहा- प. एशिया में मध्यस्थता पर भारत-पाक तुलना अनुचित

Sat, 04 Jul 2026 03:45 PM IST
अमन तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अमन तिवारी Updated Sat, 04 Jul 2026 03:45 PM IST
विज्ञापन
World Updates Of 4 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पेरू में हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की घोषणा हो गई है। रूढ़िवादी नेता केइको फुजीमोरी ने इस कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की है। देश की शीर्ष चुनाव संस्था ने शुक्रवार को उनकी जीत पर मुहर लगा दी। 51 साल की केइको पूर्व राष्ट्रपति अल्बर्टो फुजीमोरी की बेटी हैं। वह चौथी बार राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हुई थीं। चुनाव अधिकारियों के आंकड़ों के अनुसार, केइको को कुल 50.135 प्रतिशत (9,223,000) वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी सांसद रॉबर्टो सांचेज़ को 49.865 प्रतिशत (9,173,000) वोट मिले। अप्रैल में हुए पहले चरण के चुनाव में 33 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से केइको और सांचेज ने 7 जून को हुए दूसरे दौर के चुनाव में जगह बनाई थी।
विज्ञापन


पेरू की जनता बढ़ते अपराध और हिंसक गिरोहों की वसूली से परेशान है। केइको फुजीमोरी ने अपराध को कठोरता से कुचलने का वादा किया था। वह इस महीने के अंत में पद संभालेंगी। पिछले 10 वर्षों में वह पेरू की नौवीं राष्ट्रपति होंगी। केइको के पिता अल्बर्टो फुजीमोरी ने 1990 के दशक में चरमपंथी विद्रोहियों को हराया था। हालांकि, उन पर मानवाधिकारों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इसके लिए उन्हें 2009 में सजा भी हुई थी।
विज्ञापन


पश्चिम एशिया में मध्यस्थता पर भारत पाकिस्तान की तुलना अनुचित : दूत
चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोरईस्वामी ने पश्चिम एशिया संघर्ष में मध्यस्थता को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी तुलना को खारिज करते हुए कहा, देश खुद ही तय करें कि ऐसा करना उनके हित में है या नहीं। दोरईस्वामी ने वैश्विक नेतृत्व में भारत की भूमिका व ईरान संघर्ष में मध्यस्थता के पाकिस्तान के प्रयासों को लेकर एक चीनी पत्रकार के सवाल पर कहा, अगर मैं थोड़ा स्पष्ट रूप से कहूं तो पाकिस्तान के साथ तुलना थोड़ा अनुचित है।
विज्ञापन
विज्ञापन


दोरईस्वामी ने कहा, मेरा मानना है कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्था आपको बहुत कुछ बता देगी। वह सिंघुआ विवि में विश्व शांति मंच में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, हमें देशों को इस आधार पर देखना चाहिए कि वे असल में क्या हैं और व्यापक वैश्विक व्यवस्था में क्या कर रहे हैं। दुनिया के साथ भारत का जुड़ाव उस स्तर पर है, जिसकी बराबरी ज्यादातर देश नहीं कर सकते। 

हर देश राष्ट्रीय स्थिति को देखे
दोरईस्वामी ने कहा, जहां तक मध्यस्थता का सवाल है, तो हर देश यह तय करे कि मध्यस्थता से उसकी व्यापक राष्ट्रीय स्थिति को कोई लाभ होता है या नहीं। उन्होंने कहा, हमने अतीत में अपनी ओर से ऐसा किया है। वह बोले, मुझे नहीं लगता कि इस समय इससे हमें किसी खास तरह का लाभ होगा। उन्होंने ईरान और यूक्रेन संघर्षों पर भारत एवं चीन के रुख के बीच समानता का उल्लेख करते हुए यह बात कही।

पेरू की नई राष्ट्रपति को पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरू की नव निर्वाचित राष्ट्रपति केको फुजीमोरी को चुनाव जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि भारत, पेरू के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को महत्व देता है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी ने फुजीमोरी के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं। केको फुजीमोरी ने चौथे प्रयास में राष्ट्रपति चुनाव जीता है। उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में वामपंथी उम्मीदवार रोबर्टो सांचेज को हराया और देश में व्यवस्था व उम्मीद बहाल करने का संकल्प जताया।

लंदन में ईरानी पत्रकार पर हमले के दोषियों को जेल
लंदन की एक अदालत ने ईरानी पत्रकार पूरिया जेराती पर चाकू से हमला करने के मामले में शुक्रवार को दो रोमानियाई पुरुषों को सजा सुनाई। कोर्ट ने जॉर्ज स्टाना को 12 साल और नंदितो बादिया को 8 साल की जेल दी है। जज बॉबी चीमा-ग्रब ने कहा कि सबूतों से साफ पता चलता है कि यह हमला ईरान सरकार के इशारे पर किया गया था। मार्च 2024 में लंदन के विंबलडन इलाके में 'ईरान इंटरनेशनल' के एंकर पूरिया जेराती के पैर में चाकू मारा गया था। हमलावर वारदात के बाद हीथ्रो एयरपोर्ट से फरार हो गए थे। बाद में उन्हें रोमानिया से गिरफ्तार कर ब्रिटेन लाया गया। तीसरा संदिग्ध डेविड आंद्रेई फिलहाल रोमानिया में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहा है।

ईरान इंटरनेशनल चैनल अपनी रिपोर्टिंग में ईरान सरकार की कड़ी आलोचना करता है। अभियोजकों ने बताया कि तेहरान में जेराती की तस्वीर वाला एक पोस्टर भी देखा गया था, जिस पर जिंदा या मुर्दा लिखा था। ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमआई5 के अनुसार, पिछले एक साल में ईरान से जुड़ी 20 से ज्यादा घातक साजिशों को नाकाम किया गया है। हमले के बाद जेराती ठीक हो गए हैं, लेकिन डर की वजह से उन्हें ब्रिटेन छोड़कर विदेश जाना पड़ा। हालांकि ईरान के राजनयिक ने इन आरोपों को गलत बताया है। कोर्ट ने माना कि यह हमला किसी विदेशी ताकत को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया था।

पाकिस्तान में दो महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म, चार गिरफ्तार
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के करीबी रिश्तेदार मोहम्मद रजा डार ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो विदेशी महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म किया है।
लाहौर की एक अदालत ने शुक्रवार को मुख्य  आरोपी  रजा डार और उनके साथियों-हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नीदरलैंड और वेनेजुएला की रहने वाली इन महिलाओं की मुलाकात अक्तूबर 2025 में सिंगापुर में रजा डार से हुई थी। रजा डार ने उन्हें पाकिस्तान बुलाया और 29 जून को लाहौर में अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया।

यूक्रेन पर हमले तेज, रूस में ईंधन का संकट नहीं: पुतिन
रूसी तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेन के लगातार हमलों से देश में ईंधन संकट गहराने के बावजूद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस में स्थिति गंभीर नहीं है। पुतिन ने युद्धविराम के प्रस्तावों को खारिज करते हुए कहा, उनके लक्ष्य पूरे होने तक युद्ध जारी रहेगा। उन्होंने रूसी ऊर्जा क्षेत्र पर हुए हमलों को यूक्रेन की ऐसी चाल बताया है जिसका मकसद जंग में हुई क्षति से ध्यान भटकाना है। रूसी सेना ने बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक कीव पर लगातार 11 घंटे तक बड़े पैमाने पर हमले किए, जिनमें 30 लोगों की मौत हो गई। कई नागरिक घायल हो गए। ये हमले अब तक के बड़े हमलों में से एक थे। 

द. कोरिया : 2035 तक खुद के उपग्रह नेटवर्क की तैयारी
दक्षिण कोरिया ने 2035 तक खुद का उपग्रह नेटवर्क बनाने का एलान किया है। देश की सरकारी अंतरिक्ष एजेंसी (कासा) ने कहा, दक्षिण कोरिया सैकड़ों उपग्रहों से लैस अपना खुद का लो-अर्थ ऑर्बिट (लियो) उपग्रह संचार नेटवर्क बनाएगा। इसके साथ ही देश के पहले चंद्र मिशन के लक्ष्य को दो साल पहले यानी 2030 तक पूरा करने का फैसला किया गया है। जिंजू शहर में आयोजित एक सार्वजनिक ब्रीफिंग के दौरान कासा ने इस रणनीतिक योजना का अनावरण किया। योजना को मंजूरी मिल चुकी है। 

सोशल मीडिया पाबंदी...बदलावों में देरी पर निंदा
ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर दुनिया में अपनी तरह के पहले प्रतिबंध में प्रस्तावित बदलावों को बाधित करने वाले सांसदों की निंदा की है। उन्होंने कहा, प्रौद्योगिकी कंपनियां देरी का लाभ उठाकर ऐसे दस्तावेज नष्ट कर सकती हैं जिनका उनके खिलाफ सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। सरकार ने इस सप्ताह संसद में संशोधन पेश किए थे, जिनका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की ऑनलाइन सुरक्षा निगरानी संस्था ‘ई-सेफ्टी’ की आयुक्त जूली इनमैन ग्रांट की शक्तियां बढ़ाना था। ये संशोधन फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत विभिन्न मंचों पर 16 वर्ष से कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई बच्चों के खाते रखने पर दिसंबर से लागू प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने से संबंधित हैं। 

मंचों को सामग्री नष्ट करने का मौका
रूढ़िवादी विपक्षी लिबरल पार्टी और ‘ऑस्ट्रेलियन ग्रीन्स पार्टी’ ने इससे संबंधित विधेयक के मसौदे को आठ सप्ताह की सीनेट समीक्षा के लिए भेज दिया है। मध्य-वामपंथी लेबर पार्टी की सरकार के पास सीनेट में बहुमत नहीं है। अल्बनीज ने कहा, यह देरी बेहद चिंताजनक है, क्योंकि ई-सेफ्टी आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इससे मंचों को बड़ी मात्रा में सामग्री नष्ट करने का मौका मिल जाएगा।

पाकिस्तान में बस खाई में गिरने से 40 लोगों की मौत
पाकिस्तान के परिवहन ढांचे की खतरनाक हालत को उजागर करते हुए शुक्रवार को महिलाओं-बच्चों समेत 40 लोगों की मौत हो गई और 8 गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रियों से खचाखच भरी एक बस खतरनाक शेरानी-झोब हाईवे से फिसलकर दानासर इलाके में एक गहरी खाई में गिर गई। डेरा इस्माइल खान जिले में दाखिल होते ही यह हादसा हुआ जिसमें खतरनाक पहाड़ी रास्तों पर हाईवे सुरक्षा बैरियर तक नहीं लगाए गए। मेडिकल आपात केंद्र ने कहा, राहत टीमों ने क्षतिग्रस्त बस के मलबे से 40 शव निकाले, जबकि बचे हुए यात्रियों को झोब के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। 

भारत ने वेनेजुएला के समक्ष उठाया नाविक के अंग गायब होने का मुद्दा
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि एक भारतीय नाविक के शरीर से उसके अंगों के गायब होने का मामला वेनेजुएला के अधिकारियों के समक्ष उठाया है। इस नाविक का शव वेनेजुएला से भारत वापस लाया गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा, हमने वेनेजुएला के अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच करने का अनुरोध किया है। हम इस बारे में जानकारी देते रहेंगे। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के नाविक राकेश चौहान की मौत वेनेजुएला में एक जहाज पर काम करने के दौरान हो गई थी। शव को वापस लाने के बाद किए गए पोस्टमार्टम में शरीर के कई अंदरूनी अंग गायब पाए गए। 

मध्य चिली के तटीय इलाके में आया 5.5 तीव्रता का भूकंप
शुक्रवार को मध्य चिली के तटीय इलाके के पास भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने इस भूकंप की पुष्टि की है। GFZ की रिपोर्ट के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र जमीन के 10 किलोमीटर (6.21 मील) नीचे था।

उत्तरी कस्बों में विद्रोहियों ने किए हमले- माली सरकार
माली में एक बार फिर बढ़ते हिंसा को लेकर सरकारी सेना ने शनिवार को बताया कि उत्तरी शहरों गाओ और सेवार सहित कई इलाकों पर विद्रोहियों ने हमले किए हैं। इसी बीच अजावाद लिबरेशन फ्रंट (एफएलए) ने उत्तरी शहर अनेफिस पर कब्जे के लिए नए अभियान की घोषणा की है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। माली लंबे समय से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकियों और अलगाववादियों की हिंसा झेल रहा है। हाल के वर्षों में तख्तापलट के बाद सुरक्षा हालात और बिगड़े हैं, जबकि सेना पर नागरिकों की हत्या के आरोप भी लगे हैं।

स्लोवाकिया में जनमत संग्रह: फिको को आजीवन भुगतान खत्म करने पर मतदान
स्लोवाकिया में शनिवार को एक अहम जनमत संग्रह (रेफरेंडम) के तहत मतदाता यह तय करने के लिए वोट डाल रहे हैं कि प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और अन्य पूर्व शीर्ष नेताओं को कार्यकाल समाप्त होने के बाद मिलने वाला आजीवन मासिक भुगतान जारी रखा जाए या समाप्त कर दिया जाए। इसके साथ ही विशेष अभियोजक कार्यालय और राष्ट्रीय आपराधिक एजेंसी को फिर से बहाल करने पर भी मतदान हो रहा है। यह जनमत संग्रह विपक्षी डेमोक्रेट्स पार्टी की याचिका पर कराया जा रहा है, जिसे 3.5 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिला था। हालांकि सर्वेक्षणों के अनुसार मतदान 50 प्रतिशत की अनिवार्य सीमा तक पहुंचने की संभावना कम है। फिको पर 2024 में हुए जानलेवा हमले के बाद पूर्व प्रधानमंत्रियों के लिए आजीवन भुगतान की व्यवस्था लागू की गई थी। भ्रष्टाचार मामलों से जुड़े विशेष अभियोजक कार्यालय को फिको सरकार पहले ही समाप्त कर चुकी है।

जर्मनी में AfD सम्मेलन के बाहर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान शनिवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की दंगा-रोधी पुलिस से झड़प भी हुई। सम्मेलन में पार्टी अपनी सह-नेताओं एलिस वाइडेल और टीनो क्रुपाला का कार्यकाल बढ़ाने पर विचार कर रही है। यह सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब पास के इलाके में नाजी पार्टी की ऐतिहासिक बैठक की 100वीं वर्षगांठ भी है, जिसे लेकर विपक्ष ने AfD की आलोचना की है। हालांकि पार्टी ने इन आरोपों को खारिज किया है। AfD फिलहाल जर्मनी की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है और वह सितंबर में होने वाले सैक्सनी-अनहाल्ट राज्य चुनाव में 40 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। मुख्यधारा की पार्टियां अब भी AfD के साथ गठबंधन से इनकार कर रही हैं।

रिमपैक : भारत का पी-8आई समुद्री गश्ती विमान हवाई पहुंचा
भारतीय नौसेना का पी-8आई समुद्री गश्ती विमान अमेरिकी प्रशांत बेड़े द्वारा आयोजित ‘रिम ऑफ द पैसिफिक एक्सरसाइज’ (रिमपैक) में भाग लेने के लिए हवाई पहुंच गया है। रिमपैक को दुनिया का सबसे बड़ा नौसैनिक अभ्यास माना जाता है। अमेरिका में भारतीय दूतावास ने कहा, भारतीय नौसेना की भागीदारी एक स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दोहराती है।

दूतावास ने कहा, साझेदार नौसेनाओं के साथ अंतर-संचालन क्षमता, समुद्री क्षेत्र जागरुकता और सहयोग को मजबूत करती है। रिमपैक 2026 के 30वें संस्करण की थीम ‘साझेदार : एकीकृत और तैयार’ है। इस अभ्यास की शुरुआत 1971 में हुई थी। इस वर्ष 24 जून से 31 जुलाई तक हवाई द्वीपों और उसके आसपास आयोजित हो रहे इस अभ्यास में 30 देश, 30 से अधिक सतही युद्धपोत, पांच पनडुब्बियां, 15 देशों की थल सेनाएं, 206 से अधिक विमान और 30,000 सैन्यकर्मी भाग ले रहे हैं। रिमपैक साझा प्रशिक्षण का एक अनूठा मौका देता है।
सहयोग और संबंधों की मजबूती...रिमपैक प्रशिक्षण के जरिये आपसी सहयोग और संबंधों को मजबूत किया जाता है, जो समुद्री मार्गों की सुरक्षा और विश्व के महासागरों में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने के लिए अहम हैं। 

अमेरिकी लॉबिस्ट अब्रामॉफ के पूर्व भागीदार समेत 11 को माफी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में 11 लोगों को माफी दे दी है। माफी पाए लोगों में वाशिंगटन के लॉबिस्ट जैक अब्रामॉफ के एक पूर्व बिजनेस पार्टनर और वे नौ लोग शामिल हैं, जिन्होंने गाड़ियों में उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली को बायपास करने में मदद की थी।
व्हाइट हाउस ने ऐसे लोगों की पहचान की है। ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में कई     लोगों को क्षमादान दिया है, जिनमें उनके सहयोगी, मशहूर हस्तियां और राजनीतिक   रूप से करीबी लोग शामिल हैं। माफी देने और सजा कम करने के राष्ट्रपति के व्यापक अधिकार का इस्तेमाल करना, रिपब्लिकन नेता के दोबारा सत्ता में आने के बाद कार्यकारी शक्तियों के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल का एक उदाहरण है। भारतीय समयानुसार शनिवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों को माफी देने की घोषणा की, लेकिन माफी पाने वालों में से किसी का भी नाम नहीं बताया।

ट्रंप ने लिखा, मेरे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि मैंने अभी-अभी माफी के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं जिन्हें बाइडन प्रशासन ने परेशान किया था और जो अपनी कार ठीक करने के कारण जेल में थे या जेल भेजे जा रहे थे। मैं उन सभी को आजाद कर रहा हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed