फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 1 July: World News, US-iran Conflict, Donald Trump, Crude Oil, Bangladesh; News in hindi

World: ट्रंप बोले- कच्चा तेल सस्ता हुआ, पेट्रोल कंपनियां तुरंत घटाएं कीमत; सॉन्डरलिंग स्थायी श्रम मंत्री नामित

Wed, 01 Jul 2026 11:26 PM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Wed, 01 Jul 2026 11:26 PM IST
विज्ञापन
World Updates Of 1 July: World News, US-iran Conflict, Donald Trump, Crude Oil, Bangladesh; News in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेट्रोलियम कंपनियों को तुरंत कीमतें कम करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आ चुकी है, लेकिन इसका लाभ ग्राहकों को नहीं मिल रहा। ट्रंप ने आरोप लगाया, तेल कंपनियां जरूरत से ज्यादा कीमत वसूल रही हैं। कीमतें नहीं घटाईं, तो कंपनियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, कच्चा तेल 68 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है। उन्होंने कंपनियों से पेट्रोल की कीमत 2.50 डॉलर प्रति गैलन कम करने की अपील की। ट्रंप ने कहा, ग्राहकों से जरूरत से ज्यादा पैसे वसूलना गैरकानूनी है। कीमत घटने का पूरा फायदा आम लोगों तक पहुंचना चाहिए, न कि केवल कंपनियों के मुनाफे में दिखाई देना चाहिए।
विज्ञापन

ईरान-अमेरिका के बीच हमले रुके वार्ता के अगले कदमों पर असहमति
ईरान व अमेरिका में अंतरिम समझौते के बाद भी  संघर्ष भड़कने के बाद हमले रोक दिए गए हैं, पर अभी वार्ता के अगले कदमों पर दोनों पक्षों में असहमति है। दोनों ने अलग-अलग घोषणा की कि वे इस  हफ्ते कतर में प्रतिनिधिमंडल भेजेंगे। हालांकि ईरान ने जोर दिया कि वह अमेरिका से किसी भी स्तर पर बात के लिए सहमत नहीं हुआ है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिका के साथ बैठक का अनुरोध किया है।

अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौते में ईरान द्वारा संवर्द्धित यूरेनियम का भंडार कम करने व अमेरिका द्वारा तेल पाबंदी में राहत देना था। इस बीच, लगातार चार दिनों तक हमलों के बाद सोमवार को दोनों पक्ष शांत रहे और अपने-अपने हमले रोक दिए। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा, ईरानी प्रतिनिधिमंडल कतर जाकर जब्त ईरानी धन की रिहाई और अंतरिम समझौते से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा करेगा। उन्होंने कहा, आगामी दिनों में अमेरिका से कोई वार्ता तय नहीं है। हालांकि, अभी दोनों पक्षों में कतर के जरिये संदेशों के आदान-प्रदान की संभावना बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

दिवाली पर डाक टिकट जारी करेगा अमेरिकी डाक विभाग
अमेरिका का डाक विभाग (USPS) इस साल अक्तूबर में दिवाली पर विशेष डाक टिकट जारी करेगा। इस टिकट पर ह्यूस्टन में रहने वाली भारतीय मूल की कलाकार संगीता भूटाडा द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोली दिखाई गई है। इसकी तस्वीर बिनय दीक्षित ने खींची है। USPS ने कहा कि रंगोली शुभता और खुशहाली का प्रतीक मानी जाती है। टिकट का डिजाइन जेनिफर अर्नोल्ड ने तैयार किया है। विभाग के अनुसार, दिवाली बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। 2026 में दिवाली का मुख्य दिन 8 नवंबर को मनाया जाएगा। इसके अलावा क्रिसमस, हनुक्का और क्वांजा पर भी डाक टिकट जारी किए जाएंगे।

ट्रंप प्रशासन ने न्यूयॉर्क की मेडिकेड धोखाधड़ी जांच इकाई की फंडिंग रोकी
अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने न्यूयॉर्क की मेडिकेड फ्रॉड कंट्रोल यूनिट (MFCU) की संघीय फंडिंग 30 सितंबर तक रोक दी है। स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग के महानिरीक्षक ने आरोप लगाया कि एजेंसी ने धोखाधड़ी के मामलों में पर्याप्त आरोप तय और दोषसिद्धि नहीं कराई। हालांकि न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिशिया जेम्स ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि उनके कार्यालय ने मेडिकेड धोखाधड़ी के मामलों में 627 मिलियन डॉलर से अधिक की वसूली की है। राज्य सरकार ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बताया और कहा कि फैसले के खिलाफ सभी कानूनी विकल्प अपनाए जाएंगे।

 
विज्ञापन

प्लास्टिक से निपटने में भारत निभाएगा अहम भूमिका- स्वैका
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) में भारत के स्थायी प्रतिनिधि आदर्श स्वैका ने कहा, प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए भारत रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है। हालांकि, इन प्रयासों में विकास का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। नैरोबी में आयोजित अनौपचारिक प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों (एचओडीएस) की बैठक में उन्होंने कहा, हमें ऐसे उपाय तैयार चाहिए जो आम सहमति और सदस्य देशों की ओर से संचालित हों।

 

आईएनएस सुदर्शिनी ने बाल्टीमोर में समारोह में लिया हिस्सा
भारतीय नौसेना पोत आईएनएस सुदर्शिनी ने बाल्टीमोर में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ समारोह (सेल-250) में हिस्सा लिया और भारत-अमेरिका के संबंधों को मजबूती दी। लोकायन 26 अभियान के तहत आईएनएस सुदर्शिनी ने 25 से 29 जून तक चले इस कार्यक्रम में कई गतिविधियों में हिस्सा लिया और अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इससे पहले, यह पोत 19 से 23 जून तक नॉरफॉक में आयोजित सेल 250 वर्जीनिया समारोह में शामिल हुआ, जहां उसने दुनिया भर से आए जहाजों के साथ भागीदारी की थी।

 

इंडोनेशिया के पूर्व शिक्षा मंत्री को भ्रष्टाचार में 10 साल का कारावास
इंडोनेशिया की एक अदालत ने पूर्व शिक्षा मंत्री व राइड-हेलिंग और पेमेंट कंपनी गोजेक के सह-संस्थापक नादिम अनवर मकारिम को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराया और 10 साल के कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने पाया कि मकारिम ने अपने कार्यकाल के दौरान स्कूलों के लिए गूगल क्रोमबुक (लैपटॉप) खरीदने के लिए अपने मंत्रालय पर दबाव डाला था और अमेरिकी टेक कंपनी गोजेक की मूल कंपनी में निवेश करने पर विचार कर रही थी।

 

बांग्लादेश में हसीना के सहयोगी रहे हसनुल हक को 10 साल की जेल
बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध ट्रिब्यूनल ने मानवता के खिलाफ अपराध मामले में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सहयोगी रहे हसनुल हक इनु को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। हसनुल पर 2024 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान अपने गृह जिले कुश्तिया में पुलिस को छह लोगों की हत्या करने का आदेश देने का आरोप था। दावा है कि उन्होंने हसीना के भारत भागने के बाद भी उनसे संपर्क बनाए रखा। हसनुल ने 2012 से 2018 तक हसीना की गठबंधन सरकार में मंत्री के तौर पर काम किया था।

 

नई तकनीक- अब बगैर सर्जरी दिमाग के सिग्नल से टाइप हो जाएगा संदेश
अब बगैर सर्जरी दिमाग के सिग्नलों की मदद से संदेश टाइप हो जाएगा। इस तकनीक से किसी भी व्यक्ति के विचारों को आसानी से पढ़ा जा सकेगा। दरअसल, टेक दिग्गज मेटा ने इस नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सिस्टम ब्रेन2क्वर्टी वी2 को तैयार किया है। यह इंसानी दिमाग की गतिविधियां सीधे लिखित शब्दों में बदल सकता है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए किसी भी तरह की सर्जरी की जरूरत नहीं होगी। मेटा के अनुसार, यह नया सिस्टम उन लोगों के लिए वरदान साबित होगा जो दिमाग की चोट, लकवा या अन्य गंभीर बीमारियों के कारण बोल या संवाद नहीं कर पाते हैं। इस तकनीक की मदद से ऐसे मरीज केवल सोचकर ही दूसरों से बातचीत कर सकेंगे। यह मेटा के पिछले साल शुरू हुए रिसर्च प्रोजेक्ट का दूसरा वर्जन है, जिसे बिना किसी इम्प्लांट के सीधे दिमागी गतिविधि से टाइपिंग डिकोड करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह सिस्टम एक विशेष हेलमेट के जरिये काम करती है, जो दिखने में एक बड़े हेयरड्रायर जैसा होता है। इसमें मैग्नेटोएन्सेफलोग्राफी (एमईजी) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह बिना चीर-फाड़ वाली पद्धति है। हेलमेट में लगे सेंसर, न्यूरल एक्टिविटी से पैदा होने वाले बेहद सूक्ष्म चुंबकीय सिग्नलों को पकड़ते हैं।

 

सॉन्डरलिंग स्थायी श्रम मंत्री नामित किए गए
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कीथ सॉन्डरलिंग को श्रम मंत्री के पद पर नामित करने की घोषणा की है। इससे पहले वह कार्यवाहक श्रम मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे। यह नियुक्ति पूर्व श्रम मंत्री लोरी चावेज-डीरेमर के पद छोड़ने के दो माह बाद की गई है। उन्होंने सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के बीच इस्तीफा दे दिया था। सॉन्डरलिंग पेशे से वकील हैं।

पाकिस्तान: पंजाब में 14 कैदी हो गए फरार
पाकिस्तानी पंजाब में अदियाला जेल ले जाते समय 14 कैदी फरार हो गए। पुलिस चार कैदियों को पकड़ने में कामयाब रही जबकि बाकी 10 को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। यह घटना तब हुई जब रावलपिंडी के पास कहूटा तहसील अदालत में पेशी के बाद 36 विचाराधीन कैदियों को जेल ले जाया जा रहा था।

अमेरिका ने मेक्सिको के जलिस्को कार्टेल पर कसा शिकंजा
अमेरिका ने मेक्सिको के कुख्यात जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने कार्टेल से जुड़े दो लोगों और नौ कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन पर ईंधन की तस्करी और टैक्स चोरी के जरिए कार्टेल के लिए हर साल करोड़ों डॉलर जुटाने का आरोप है। साथ ही अमेरिकी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को ऐसे लेनदेन की पहचान के लिए अलर्ट जारी किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्टेल अब केवल मादक पदार्थों की तस्करी ही नहीं, बल्कि ईंधन तस्करी जैसे अवैध कारोबार से भी कमाई कर रहा है।

न्यूयॉर्क के स्कूल की चिमनी में मिले इंसानी अवशेष, जांच शुरू
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के क्वींस इलाके में एक सरकारी स्कूल की चिमनी से इंसानी अवशेष मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, यह पता नहीं चल सका है कि अवशेष कितने पुराने हैं और वहां कैसे पहुंचे। घटना की जांच की जा रही है, जबकि मौत के कारण का पता मेडिकल एग्जामिनर लगाएंगे। स्कूल में उस समय कोई छात्र मौजूद नहीं था, क्योंकि गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं और इमारत में मरम्मत का काम हो रहा है। शिक्षा विभाग ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए पुलिस जांच में सहयोग की बात कही।

भारत और सिंगापुर ने समुद्री सुरक्षा पर बढ़ाया रक्षा सहयोग, नौसेनाओं के बीच हुआ विशेषज्ञ संवाद
भारतीय नौसेना और सिंगापुर की नौसेना ने मंगलवार को समुद्री निगरानी विमान के संचालन से जुड़े विषयों पर सब्जेक्ट मैटर एक्सपर्ट एक्सचेंज (एसएमईई) कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम भारतीय नौसेना के पी-8आई (पोसीडॉन-8 इंडिया) विमान के सिंगापुर के पाया लेबार एयरबेस दौरे के दौरान आयोजित किया गया। भारत और सिंगापुर ने समुद्री सुरक्षा पर बढ़ाया रक्षा सहयोग, नौसेनाओं के बीच हुआ विशेषज्ञ संवाद

सिंगापुर में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "भारत और सिंगापुर के बीच रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। भारतीय नौसेना और सिंगापुर की नौसेना के विशेषज्ञों ने पी-8 आई विमान के पाया लेबार एयरबेस पहुंचने के दौरान समुद्री निगरानी विमान के संचालन पर एसएमईई कार्यक्रम में भाग लिया।" पोस्ट में आगे कहा गया, "इस कार्यक्रम में समुद्री निगरानी की क्षमताओं, काम करने के तरीकों, प्रशिक्षण और बेहतर प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। यह दोनों देशों के मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग को दिखाता है।"

पिछले हफ्ते सिंगापुर के भारत में उच्चायुक्त साइमन वोंग ने भारत के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि से मुलाकात की। दोनों ने भारत और सिंगापुर की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास, आपसी आदान-प्रदान और पहले से चल रहे संवाद जैसे रक्षा सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान साइमन वोंग ने जनरल सुब्रमणि को सीडीएस बनने पर बधाई भी दी।

भारत से अमेरिका तक नया सुरक्षा गठबंधन बनाने की जरूरत : इस्राइली रक्षा अधिकारी

इस्राइल के रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक अमीर बराम ने कहा है कि बदलते वैश्विक हालात और ईरान की बढ़ती सैन्य ताकत को देखते हुए इस्राइल को भारत से लेकर अमेरिका तक पश्चिम एशिया और यूरोप के देशों के साथ व्यापक सुरक्षा गठबंधन बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हाल के युद्ध ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ईरान की सैन्य क्षमता बढ़ने का असर पूरे क्षेत्र पर पड़ सकता है।

तेल अवीव के राइखमैन विश्वविद्यालय में आयोजित हर्जलिया सम्मेलन में बराम ने कहा कि भारत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ग्रीस और साइप्रस के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने का यह सही समय है। उन्होंने कहा कि यह पहल 2023 में नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान घोषित भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) की परिकल्पना से भी मेल खाती है। बराम ने कहा कि दुनिया में हो रहे कुछ नए समझौतों से ईरान को सैकड़ों अरब डॉलर मिल सकते हैं, जिससे उसकी सैन्य ताकत और तेजी से बढ़ सकती है। उन्होंने हाल में अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का भी जिक्र किया, जिसके तहत ईरान की जमी हुई धनराशि जारी करने और पुनर्निर्माण के लिए बड़ी आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

इस्राइल के लिए ईरान सबसे बड़ा सुरक्षा खतरा
उन्होंने कहा कि इस्राइल और अमेरिका के बीच नया सुरक्षा समझौता केवल साझा मूल्यों पर नहीं, बल्कि दोनों देशों के रणनीतिक हितों पर आधारित होना चाहिए। उनके अनुसार, इस्राइल के लिए ईरान सबसे बड़ा सुरक्षा खतरा है, जबकि अमेरिका की प्राथमिकता चीन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र है। बराम ने कहा कि इस्राइल की तकनीकी क्षमता और रक्षा क्षेत्र का अनुभव यदि खाड़ी देशों की आर्थिक ताकत से जुड़ जाए तो एक मजबूत सुरक्षा और आर्थिक ढांचा तैयार किया जा सकता है। इससे इस्राइल के रणनीतिक विकल्प बढ़ेंगे और क्षेत्रीय स्थिरता को भी मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed