Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates China Surrogacy crime US BMW fire risk cars recall west asia russia ukraine crisis pakistan news

वर्ल्ड अपडेट्स: नेपाल में तीन किलो गांजा के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार; ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग करेंगे मुलाकात

Sat, 14 Nov 2026 09:49 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 14 Nov 2026 09:49 PM IST
विज्ञापन
World Updates China Surrogacy crime US BMW fire risk cars recall west asia russia ukraine crisis pakistan news
विदेश की समाचार सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला

नेपाल पुलिस ने काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय नागरिक को तीन किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय सुबोध कुमार शुक्रवार को बैंकॉक से काठमांडू पहुंचा था। हवाई अड्डे पर जांच के दौरान उसके पास से थाईलैंड में बना तीन किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन


चीन में शी, ट्रंप और पुतिन की होगी ऐतिहासिक मुलाकात
चीन के शेनझेन शहर में 18 और 19 नवंबर को 33वीं एपीईसी आर्थिक नेताओं की बैठक होगी। इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय मुलाकात प्रस्तावित है। इसमें वैश्विक संघर्ष, परमाणु हथियारों में कमी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। व्हाइट हाउस ने बैठक की पुष्टि की है। हालांकि, किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं जताई गई है। 21 देशों के इस संगठन में भारत शामिल नहीं है। शेनझेन को चीन अपनी तकनीकी और आर्थिक तरक्की के प्रदर्शन के मंच के रूप में पेश कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार देर रात शेनझेन पहुंचेंगे। गुरुवार को उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक भी होगी। 2025 में दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं की यह चौथी मुलाकात होगी और इस साल तीसरी बार आमने-सामने बातचीत होगी। एपीईसी सम्मेलन का विषय है- 'साझा समृद्धि के लिए एशिया-प्रशांत समुदाय का निर्माण'। चीन व्यापार, संपर्क व्यवस्था, डिजिटल अर्थव्यवस्था और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में ठोस नतीजे हासिल करने की उम्मीद कर रहा है। ट्रंप की यात्रा में आसियान सम्मेलन में भागीदारी भी शामिल है। वहीं, प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठ सकता है, जबकि यूक्रेन युद्ध को चर्चा के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है।
विज्ञापन


डोनबास छोड़ने के बदले यूक्रेन को नाटो सदस्यता देने का प्रस्ताव
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि अमेरिका ने रूस के साथ शांति समझौते के तहत डोनबास क्षेत्र छोड़ने के बदले यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने का विचार रखा है। जेलेंस्की के मुताबिक, अमेरिकी वार्ताकारों ने पहली बार इस तरह का प्रस्ताव सामने रखा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी जमीन छोड़ने का फैसला अकेले नहीं करेंगे और किसी भी प्रस्ताव पर जनता की राय ली जा सकती है। हालांकि, इसके लिए ठोस सुरक्षा गारंटी जरूरी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


चीन में अब सरोगेसी अपराध, सेवा प्रदाताओं पर शिकंजा
चीन ने सरोगेसी (किराये की कोख) को आपराधिक कृत्य घोषित कर दिया है और अवैध प्रजनन सेवाएं प्रदान करने वाले केंद्रों पर शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने स्पष्ट किया कि देश में किसी भी प्रकार की सरोगेसी पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके लिए कड़ी कानूनी सजा दी जाएगी।

ब्रिटेन में अमेरिकी एयरबेस के ऊपर ड्रोन दिखने से अलर्ट

ब्रिटेन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर अनधिकृत ड्रोन गतिविधि से सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। अमेरिकी और ब्रिटिश रक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि स्थिति को "सुलझा लिया गया" है। यह घटना हाल के हफ्तों में ब्रिटेन में अमेरिकी ठिकानों को प्रभावित करने वाले खतरों की एक कड़ी है। पूर्वी इंग्लैंड में रॉयल एयर फोर्स बेस लाकेनहेथ (Lakenheath) पर सुरक्षा बलों ने संदिग्ध अनधिकृत ड्रोन गतिविधि पर प्रतिक्रिया दी। यूरोप में अमेरिकी वायुसेना ने बताया कि कोई भी कर्मी, विमान या बुनियादी ढांचा प्रभावित नहीं हुआ। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने भी नुकसान न होने की पुष्टि की। अमेरिका और ब्रिटेन मिलकर यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि वास्तव में हुआ क्या था। कुछ दिन पहले पूर्वी इंग्लैंड में आरएएफ मिल्डनहॉल (RAF Mildenhall) से एक खतरे के कारण अमेरिका ने एक दर्जन से अधिक विमान हटाए थे। कुछ सप्ताह पहले, आरएएफ फेयरफोर्ड (RAF Fairford) की ओर जा रहे तीन संदिग्ध वैन देखे जाने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। ब्रिटिश अधिकारियों ने इस साजिश को ईरान से जोड़ा था, जिसके बाद अमेरिका ने वहां तैनात अपने बमवर्षक विमान हटा लिए थे। तीन लोगों पर फेयरफोर्ड पर हमला करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।

पाकिस्तान पुलिस ने कैसे आतंकी हमले को किया नाकाम, चार आंतकी किए ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शुक्रवार देर रात आतंकियों ने पुलिस चौकी पर हमला करने की कोशिश की। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार आतंकियों को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद मारे गए आतंकियों के पास से चार राइफल, हैंड ग्रेनेड, मैगजीन और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। घटना के बाद क्विक रिस्पांस फोर्स और रैपिड रिस्पांस फोर्स के अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अन्य आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू किया। खैबर पख्तूनख्वा में लंबे समय से आतंकी हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। पाकिस्तान सरकार इन हमलों के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को जिम्मेदार ठहराती है। सरकार के अनुसार, नवंबर 2022 में संघर्ष विराम समझौता खत्म होने के बाद से संगठन हमले कर रहा है।

Trending Videos

न्यू ऑरलियंस में टैंकर-क्रूज बोट टक्कर, सभी 180 सुरक्षित

अमेरिका के न्यू ऑरलियंस में शुक्रवार को एक टैंकर ने डॉक की हुई रिवर क्रूज बोट को टक्कर मार दी। इस पर करीब 180 लोग सवार थे। मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि टैंकर का स्टीयरिंग कथित तौर पर खराब हो गया था। टक्कर के बाद क्रूज बोट में पानी भरने लगा और वह पलट गई। इससे यात्री और चालक दल के सदस्य मिसिसिपी नदी में गिर गए। एक बड़े बचाव अभियान के बाद सभी 180 लोग सुरक्षित बचा लिए गए। मेयर ने कहा कि 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। कोस्ट गार्ड कैप्टन मेलानी बर्नहैम ने बताया कि टैंकर के स्टीयरिंग में कुछ खराबी आई थी, लेकिन दुर्घटना का सटीक कारण अभी अज्ञात है। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस घटना की जांच करेगा।

सबसे बड़ा हमला... यूक्रेन ने रूस पर दागे 1,200 ड्रोन

यूक्रेन ने रातभर रूसी ठिकानों पर करीब 1,200 ड्रोन दागे। यह करीब पांच वर्ष पहले दोनों देशों के बीच शुरू हुए संघर्ष में सबसे बड़े हमलों में से एक था। उधर, दो कार बम धमाकों में एक सैन्य अधिकारी की मौत हो गई, जबकि यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री के सलाहकार घायल हो गए। इस बीच, रूसी बलों ने काला सागर में यूक्रेन के लिए सैन्य उपकरण ले जा रहे एक जहाज पर हमले का दावा किया है। मॉस्को में शुक्रवार को कार बम धमाके में यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री के एक सलाहकार घायल हो गए। पिछले दो दिनों में यह इस तरह का यह दूसरा हमला है। ये सभी घटनाएं रूस के पड़ोसी देश यूक्रेन के साथ चल रहे संघर्ष से जुड़ी हैं।

मृत्युदंड पाए मुक्केबाज को मानवाधिकार पुरस्कार

ईरान में मौत की सजा पाए एक मुक्केबाज और राजनीतिक कैदी मोहम्मद जवाद वफाई सानी को बृहस्पतिवार को लंदन में प्रतिष्ठित मानवाधिकार पुरस्कार से सम्मानित इस मौके पर ईरान की किया गया। वकीलाबाद जेल से भेजे लिखित संदेश में सानी ने कहा, मैं पुरस्कार उन सभी लोगों के नाम पर स्वीकार करता हूं जिन्हें आजाद ईरान का सपना देखने के लिए जेल में डाला गया, प्रताड़ित किया गया, धमकाया गया या मौत की सजा सुनाई गई।

अमेरिका में बीएमडब्ल्यू कारों में आग का खतरा, बाहर पार्क करने की सलाह

अमेरिका में बीएमडब्ल्यू की 7,20,796 कारों को आग लगने के खतरे के चलते रिकॉल (वापस) किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (एनएचटीएसए) ने कारों के मालिकों को सलाह दी है कि मरम्मत पूरी होने तक अपनी गाड़ियों को घर या इमारतों के अंदर पार्क न करें और बाहर भी अन्य वाहनों और इमारतों से दूर खड़ा करें। बीएमडब्ल्यू ने शुक्रवार को बताया कि इन गाड़ियों में खड़ी और बंद होने के बावजूद आग लगने का खतरा है। इन वाहनों को 2024 में भी वाटर पंप की दिक्कत के कारण रिकॉल किया गया था, लेकिन दोबारा मरम्मत की जरूरत पड़ रही है। एनएचटीएसए के मुताबिक, वाटर पंप का इलेक्ट्रिकल कनेक्टर ठीक से सील नहीं होने की वजह से उसमें पानी जा सकता है। इससे शॉर्ट-सर्किट होकर आग लग सकती है। 

एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन के तीसरे अफेयर का भी खुलासा

वाशिंगटन। एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग के तीसरे विवाहेतर संबंध का खुलासा हुआ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक हुआंग का एनवीडिया की ही एक कर्मी से अफेयर था। वह 63 साल की है और शादीशुदा है। हालांकि नाम का खुलासा नहीं किया गया है। हुआंग के इस अफेयर के बारे में एनवीडिया ने कोई टिप्पणी नहीं की है। खुद हुआंग और कंपनी के बोर्ड के प्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी है। इससे पहले चीनी जासूस होने के शक में घिरी ऐलिस हुआंग और एनवीडिया की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी जेनसन के अफेयर का खुलासा हो चुका है।

मिस्र दौरे पर पहुंचे पीयूष गोयल, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर होगी चर्चा
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल दो दिवसीय दौरे पर मिस्र पहुंच गए हैं। 15 और 16 नवंबर को काहिरा में भारत-मिस्र व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। गोयल संयुक्त व्यापार समिति की सातवीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में बाजार पहुंच, कृषि, दवाइयों, मशीनरी, कपड़ा, नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों पर जोर रहेगा। अप्रैल-सितंबर 2026 में दोनों देशों का वस्तु व्यापार 5.04 अरब डॉलर पहुंच गया, जो पिछले साल से 64 प्रतिशत अधिक है। दौरे में उद्योग और निवेश से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होंगी।

विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति से की मुलाकात
विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा और प्रवासी भारतीय मामलों) श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख महमूद और उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर बताया कि श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के राष्ट्रपति हसन शेख मोहामुद से मुलाकात की और भारत के शीर्ष नेतृत्व की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति महमूद ने भारत के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने वर्ष 2015 में भारत की अपनी यात्रा का भी जिक्र किया और भारत-सोमालिया साझेदारी को और मजबूत बनाने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया। वहीं, श्रीप्रिया रंगनाथन ने दोनों देशों के साझा हितों वाले प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। इस यात्रा के दौरान भारत और सोमालिया ने दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित परामर्श के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए। यह समझौता श्रीप्रिया रंगनाथन और सोमालिया के उप विदेश मंत्री हसन मोहम्मद अली के बीच हुई बैठक में हुआ। बैठक में दोनों पक्षों ने व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग, शिक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। साथ ही क्षेत्र में हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed