फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates: Brazil, UK, US, UN, Gaza, Israel, Pakistan, Russia, China News in hindi

World Updates: दक्षिणी ब्राजील में भारी बारिश से 37 की मौत, भारत और मालदीव के बीच हुई चौथी उच्च स्तरीय बैठक

Sat, 04 May 2024 05:27 AM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: निर्मल कांत Updated Sat, 04 May 2024 05:27 AM IST
सार

भारत और मालदीव ने शुक्रवार को द्वीपक्षीय उच्च-स्तरीय कोर समूह की चौथी बैठक आयोजित की। इस दौरान द्वीप राष्ट्र से भारतीय सैन्य कर्मियों की वापसी की समीक्षा की गई। मालदीव ने कहा कि भारत 10 मई तक के तय समय से पहले अपने सैनिकों की प्रक्रिया पूरी कर लेगा।

विज्ञापन
World Updates: Brazil, UK, US, UN, Gaza, Israel, Pakistan, Russia, China News in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार

ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल में भारी बारिश से 37 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि दर्जनों लोग अब भी लापता है। 

विज्ञापन


नागरिक सुरक्षा सेवा के मुताबिक, उरुग्वे और अर्जेंटीना की सीमा से लगे राज्य में 70 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं और कम से कम 23 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। कई शहरों में में सड़कें नदियों में बदल गईं, जिससे सड़क और पुल नष्ट हो गए। अधिकारियों ने कहा कि बेंतो गोंसाल्वेस शहर एक बाध के ढहने का खतरा है। पास में रहने वाले लोगों को खाली करने का आदेश दिया गया है।  
विज्ञापन

 
स्थानीय वैज्ञानिकों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश का पैटर्न बदला है। रियो ग्रांडे डो सुल में पिछले साल सिंतबर में भारी बारिश हुई थी। एक चक्रवात के कारण बाढ़ आई थी, जिसमें पचास से ज्यादा लोग मारे गए थे।  
विज्ञापन
विज्ञापन


जापान की विदेश मंत्री नेपाल में करेंगी अहम मुलाकातें  
 नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि जापान की विदेश मंत्री कामिकावा योको रविवार को नेपाल की यात्रा करेंगी। नेपाल के उप प्रधानमंत्री और विदेश मामलों के मंत्री नारायण काजी श्रेष्ठ के निमंत्रण पर, जापान की विदेश मामलों की मंत्री कामिकावा नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर आ रही हैं।  

भारत और इंडोनेशिया करेंगे सैन्य उपकरण उत्पादन क्षेत्र में काम
भारत और इंडोनेशिया ने समग्र द्विपक्षीय रक्षा संबंधों विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा और सैन्य उपकरणों के उत्पादन क्षेत्रों में विस्तार करने का संकल्प लिया। दिल्ली में हुई 7वीं साझा रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने रक्षा सहयोग के बढ़ते दायरे पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव गिरिधर अरामाने और उनके इंडोनेशियाई समकक्ष एयर मार्शल डॉनी एर्मावान तौफांटो ने की। रक्षा मंत्रालय ने कहा, पिछले कुछ दिनों में तौफांटो ने दिल्ली में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के मुख्यालय के साथ-साथ पुणे में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एलएंडटी रक्षा सुविधाओं का भी दौरा किया। उन्होंने भारतीय रक्षा उद्योग भागीदारों से भी चर्चा की।


भारत-मालदीव की चौथी उच्च स्तरीय बैठक
भारत और मालदीव ने शुक्रवार को द्वीपक्षीय उच्च-स्तरीय कोर समूह की चौथी बैठक आयोजित की। इस दौरान द्वीप राष्ट्र से भारतीय सैन्य कर्मियों की वापसी की समीक्षा की गई। मालदीव ने कहा कि भारत 10 मई तक के तय समय से पहले अपने सैनिकों की प्रक्रिया पूरी कर लेगा। इससे पहले मोहम्मद मुइज्जू के नेतृत्व वाली सरकार ने अनौपचारिक रूप से आग्रह किया था कि भारत माले से अपने सैनिकों को वापस बुलाए। 

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की, जिसमें कहा गया है कि दोनों पक्षों ने मौजूदा द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। बयान में कहा गया, विकास और रक्षा सहयोग समेत परस्पर हित के कई मुद्दों पर चर्चा की गई। 

भारत-नीदरलैंड ने द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती पर सहमति जताई
 भारत और नीदरलैंड ने हेग में 12वें विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) का आयोजन किया और सेमीकंडक्टर तथा हरित हाइड्रोजन जैसी नई व उभरती प्रौद्योगिकियों पर द्विपक्षीय रिश्ते मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने जल, कृषि, स्वास्थ्य, विज्ञान-प्रौद्योगिकी तथा उच्च तकनीक-नवाचार के क्षेत्रों पर चर्चा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) पवन कपूर ने किया, जबकि नीदरलैंड के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के नीदरलैंड के महासचिव पॉल हुजिट्स ने किया।

मालदीव: कार्यस्थल पर दुर्घटना में भारतीय श्रमिक की मौत
स्थानीय समाचार पोर्टल सन डॉट एमवी की रिपोर्ट के अनुसार ड्रेजिंग मशीन पर हुई एक दुर्घटना के दौरान घायल हुए 30 वर्षीय भारतीय श्रमिक की शुक्रवार को मौत हो गई। वह मशीन पर सवार होकर काम कर रहा था। इसी दौरान घायल हो जाने के चलते उसे हुलहुमले अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है। पुलिस ने कहा, आगे की जांच जारी है और घटना में उचित सुरक्षा मानकों का पालन करने में नाकामी उजागर हुई है।

अमेरिकी कॉलेजों के फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों में 2300 बंदी
अमेरिकी कॉलेज परिसरों में फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने 2300 लोगों को गिरफ्तार किया व परिसरों में तंबुओं तथा वहां कब्जा की गई इमारतों को खाली कराया गया। इस बीच, कोलंबिया विवि की प्रशासनिक इमारत में जुटे प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए एक अधिकारी ने गोली भी चलाई। इससे कोई घायल नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों को देशभर के 44 परिसरों से गिरफ्तार किया गया। कोलंबिया और लॉस एंजिल्स विश्वविद्यालय सहित अनेक कॉलेज परिसरों में तंबुओं और भवन पर सुरक्षाबलों के कब्जे के बाद कक्षाएं बाधित हुईं।

इस्राइली जेल में बंद फलस्तीनी डॉक्टर और गाजा में हमास कैद में बंधक मरे
यरूशलम/काहिरा/रामल्ला। इस्राइल-हमास के बीच मिस्र में युद्धविराम वार्ता के बीच दो बड़ी घटनाएं हुईं। पहली घटना में गाजा में हमास द्वारा 7 अक्तूबर को बंदी बनाए गए 49 वर्षीय इस्राइली नागरिक ड्रोर ओर की मौत हो गई और दूसरी घटना में इस्राइली जेल में 4 माह से हिरासत में रहे वरिष्ठ फलस्तीनी डॉक्टर की मौत हो गई। दोनों मौतों के लिए हमास-इस्राइल एक-दूसरे को जिम्मेदार बता रहे हैं।

गाजा में हमास कैद वाले ड्रोर ओर 38वें बंधक की हत्या का प्रतीक है। उधर, डॉ. अदनान अल-बुर्श गाजा के सबसे बड़े अस्पताल अल-शिफा में ऑर्थोपेडिक्स के प्रमुख थे और गाजा के अल-अवादा अस्पताल में अस्थायी रूप से काम करने के दौरान इस्राइली हिरासत में ले लिए गए। इन पर फिर टकराव बढ़ सकता है। एजेंसी

जापान की खरी-खरी, श्रीलंका ऋण पुनर्गठन समझौते पर जल्द हस्ताक्षर करे

हिंद महासागर में रणनीतिक रूप से श्रीलंका की स्थिरता और आर्थिक विकास अहम मुद्दा है। जापान के विदेश मंत्री योको कामिकावा के मुताबिक श्रीलंका पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता और समृद्धि के नजरिए से अहम है। उन्होंने कहा, नकदी संकट से जूझ रहा श्रीलंका सभी लेनदारों के साथ पारदर्शी ऋण पुनर्गठन समझौते पर जल्द हस्ताक्षर करेगा, जापान को इस बात की पूरी उम्मीद है।

कामिकावा ने राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे से मुलाकात कर श्रीलंका में ऋण पुनर्गठन के अलावा आर्थिक सुधार के प्रयास और श्रीलंका में जापानी निवेश परियोजनाओं के भविष्य पर बातचीत की। कामिकावा का 'जल्द हस्ताक्षर' वाला बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि श्रीलंका ने उम्मीद जताई है कि ऋण पुनर्गठन प्रक्रिया आईएमएफ से मिलने वाली अगली किश्त के समय तक समाप्त हो जाएगी। ऐसे में श्रीलंका आधिकारिक ऋणदाताओं के साथ समझौता ज्ञापन पर शीघ्र हस्ताक्षर कर सकता है।

बता दें कि श्रीलंका 1948 में ब्रिटेन से आजाद हुआ था। अप्रैल 2022 में श्रीलंका ने पहली बार संप्रभु डिफ़ॉल्ट होने की घोषणा की थी। अभूतपूर्व वित्तीय संकट के कारण तत्कालीन राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को 2022 में पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से जापान आधिकारिक ऋणदाताओं की समिति के सह-अध्यक्ष के रूप में श्रीलंका के ऋण पुनर्गठन पर करीबी नजर रख रहा है। जापान अंतरराष्ट्रीय चर्चा का नेतृत्व भी कर रहा है। 

भारतीय नौसेना बनी संकटमोचक, अरब सागर में ईरानी पोत पर पाकिस्तानी की जान बचाई

भारतीय नौसेना ने ईरानी पोत अल रहमानी से मदद मांगे जाने पर दरियादिली दिखाई। पोत पर सवार चालक दल के सदस्यों में एक पाकिस्तानी शख्स की तबियत बिगड़ने की सूचना मिलने पर नौसेना की मेडिकल टीम ने तत्काल मदद की और संकट में फंसे पाकिस्तानी की जान बचाई। नौसेना के प्रवक्ता के मुताबिक अरब सागर में तैनात आईएनएस सुमेधा को 30 अप्रैल को आपात संदेश मिला। सूचना मिलते ही नौसेना की टीम ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज अल-रहमानी पर पहुंची और 20 सदस्यीय पाकिस्तानी चालक दल के सदस्य में एक की जान बचाई। भारतीय नौसेना के मुताबिक समुद्र में गिरने के बाद क्रू मेंबर को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। वह बार-बार बेहोश भी हो रहा था।

इंडोनेशिया में बाढ़ से हालात चिंताजनक; 15 लोगों की मौत

World Updates: Brazil, UK, US, UN, Gaza, Israel, Pakistan, Russia, China News in hindi
बाढ़ के कारण जलमग्न हुए कई इलाके (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एएनआई
इंडोनेशिया के दक्षिण सुलावेसी प्रांत में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की खबर है। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक भूस्खलन के बाद दर्जनों घर बह गए। सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। इंडोनेशिया की आपदा राहत एजेंसी (बीएनपीबी) के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने बताया कि शुक्रवार को दक्षिण सुलावेसी में लुवु रीजेंसी में भूस्खलन हुआ। दक्षिण सुलावेसी के एक अन्य क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed