फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news updates today bangladesh minoroty violence usa donald trump china

World News: पापुआ न्यू गिनी के साथ द्विपक्षीय संबंध बढ़ाएगा भारत; जी-7 में US के साथ ट्रेड डील पर भी चर्चा

Sat, 13 Jun 2026 09:44 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 13 Jun 2026 09:44 AM IST
विज्ञापन
world news updates today bangladesh minoroty violence usa donald trump china
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
भारत और पापुआ न्यू गिनी के बीच विदेश कार्यालय परामर्श का दूसरा दौर 12 जून 2026 को हुआ। यह परामर्श वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। इसमें विकास साझेदारी, राजनीतिक जुड़ाव, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक संबंध शामिल थे। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा की। दोनों देशों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों पक्षों ने संबंधों की सकारात्मक दिशा पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। यह भी तय हुआ कि विदेश कार्यालय परामर्श का अगला दौर पोर्ट मोरेस्बी में आपसी सुविधा के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन


जी-7 में भारत-US के बीच व्यापार वार्ता पर चर्चा होगी, तत्काल समझौते की उम्मीद नहीं: अमेरिकी अधिकारी
फ्रांस में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा होगी, हालांकि सम्मेलन में किसी अंतिम समझौते की घोषणा की संभावना नहीं है। अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर जी-7 शिखर सम्मेलन के अगले हफ्ते भारत की यात्रा करेंगे। अधिकारी के अनुसार, दोनों नेताओं की बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार संबंध प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा। हालांकि बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन किसी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अभी और तकनीकी स्तर की वार्ताओं की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के साथ एक बहुत अच्छा समझौता करना चाहता है और ऐसी संभावना मौजूद है, लेकिन जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान इसके पूरा होने की उम्मीद नहीं है। अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत की वैश्विक भूमिका और भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण रखते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि संभावित व्यापार समझौता दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत कर सकता है।
विज्ञापन

कांगो में इबोला का कहर बढ़ा, संक्रमितों की संख्या 689 पहुंची; 139 लोगों की मौत

कांगो में इबोला वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। देश के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, कांगो में इबोला संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 689 हो गई है, जबकि अब तक 139 लोगों की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को 17 नए मामले सामने आए, जिनमें पांच मौतें शामिल हैं। ये सभी मामले देश के पूर्वी प्रांत इतुरी से दर्ज किए गए हैं।

मई में घोषित हुआ था प्रकोप
कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने 15 मई 2026 को इस इबोला प्रकोप की आधिकारिक घोषणा की थी। यह वर्ष 1976 में वायरस की पहचान होने के बाद देश में सामने आया 17वां इबोला प्रकोप है। इसी वर्ष मई में कांगो और पड़ोसी यूगांडा में भी इबोला संक्रमण की पुष्टि हुई थी। विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान प्रकोप के लिए जिम्मेदार बंडिबुग्यो प्रजाति के इबोला वायरस के खिलाफ अभी तक कोई वैक्सीन या उपचार उपलब्ध नहीं है, हालांकि संभावित टीकों और उपचारों पर शोध जारी है।
 

भारतीय-अमेरिकी टेक दिग्गज एस. सोमासेगर को अमेरिकी कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

अमेरिकी कांग्रेस ने भारतीय मूल के मशहूर उद्यमी और तकनीकी क्षेत्र के दिग्गज शिवरामकृष्णन सोमसेगर को श्रद्धांजलि अर्पित की। माइक्रोसॉफ्ट और अमेरिकी तकनीकी उद्योग के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए सांसदों ने उनके कार्यों की सराहना की। सोमासेगर का 19 मई को 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

दक्षिण भारत से अमेरिका तक का सफर
दक्षिण भारत में जन्मे और पले-बढ़े सोमासेगर उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए और लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। साल 1989 में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत माइक्रोसॉफ्ट से की और कंपनी के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक Windows NT के विकास में अहम भूमिका निभाई। अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सोमासेगर साल 2015 में कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट के पद तक पहुंचे। 

स्टार्टअप जगत के मार्गदर्शक बने
माइक्रोसॉफ्ट छोड़ने के बाद सोमासेगर ने उभरते उद्यमियों का मार्गदर्शन करने का बीड़ा उठाया। वे मैडरोना वेंचर ग्रुप में मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने अनेक स्टार्टअप कंपनियों को दिशा दी और क्षेत्रीय नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दिया।
 
विज्ञापन

टेक्सास में अंधाधुंध गोलीबारी, एक की मौत; 10 घायल, संदिग्ध हमलावर मृत मिला

अमेरिका के टेक्सास राज्य में शुक्रवार को हुई सामूहिक गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, बाद में संदिग्ध का शव भी एक इमारत के भीतर मिला। यह घटना पश्चिम टेक्सास का तेल उद्योग केंद्र माने जाने वाले मिडलैंड शहर में हुई। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो हमलावर ने उन पर और आसपास मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसके बाद वह एक पशु चिकित्सालय (वेटरनरी क्लिनिक) में जाकर छिप गया और खुद को अंदर बंद कर लिया। हमलावर की पहचान 45 वर्षीय विक्टर मैटा विल्लारियल के रूप में हुई है, जो टेक्सास के ओडेसा क्षेत्र का निवासी था। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले से ही वांछित था और उस पर एक पुलिस अधिकारी की हत्या का आरोप था। 

भारत-नेपाल सीमा पार रेल संपर्क के लिए साझा कार्यसमूह की वार्ता
नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा है कि दोनों देशों ने काठमांडो में 10वीं प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी (पीएससी) और 8वीं जॉइंट वर्किंग ग्रुप (जेडब्ल्यूजी) की बैठकें कीं। इन बैठकों का मकसद सीमा-पार रेलवे लिंक के काम और रेलवे सेक्टर में दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा करना था। दोनों पक्षों में भारत-नेपाल के बीच जयनगर-बीजलपुरा-बरदीबास और जोगबनी-विराटनगर ब्रॉड-गेज रेलवे लाइनों के काम पर चर्चा की। ये भारत सरकार की मदद से बन रही हैं। जनकपुर-अयोध्या सेक्शन पर पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर, रक्सौल-काठमांडो ब्रॉड गेज रेलवे लिंक की फाइनल लोकेशन सर्वे रिपोर्ट, ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिंक के लिए टेक्निकल सपोर्ट और अतिरिक्त रेलवे लिंक पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्ष रेलवे सेक्टर में सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहने पर सहमत हुए।

लंदन : भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या
पश्चिम लंदन के साउथॉल इलाके में चाकू से किए गए एक हमले में भारतीय मूल के 26 वर्षीय गुरभेज सिंह की मौत हो गई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार तड़के नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के चौराहे पर एक दुकान के बाहर हुई। हमले में गुरभेज सिंह के साथ 30 वर्ष की आयु के एक अन्य व्यक्ति को भी चाकू मारा गया था, जिसे अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। मौके पर पहुंचे पैरामेडिक्स और पुलिस ने गुरभेज सिंह को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या के संदेह में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से छह को रिहा कर दिया गया है और एक को जमानत पर छोड़ा गया है। डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज रखने वालों से पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।

बांग्लादेश का भारत के साथ रचनात्मक व सकारात्मक संबंधों के महत्व पर जोर
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने शनिवार को भारत के साथ रचनात्मक और सकारात्मक संबंधों के महत्व पर जोर दिया। कबीर ने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों को आपसी सम्मान, साझा आर्थिक लाभ और लोगों के बीच मजबूत संबंधों के आधार पर सहयोग बढ़ाना चाहिए। मीडिया से बातचीत में कबीर ने कहा, भारत और बांग्लादेश के बीच सामान्य और कार्यशील कूटनीतिक संबंध होना बेहद जरूरी है। भारत हमारा पड़ोसी है। न उन्होंने हमें चुना और न हमने उन्हें, लेकिन हम पड़ोसी हैं। हमें साथ रहना है, क्षेत्र में मिलकर काम करना है और सहयोग बढ़ाना है।

भारतवंशी उद्यमी सोमासेगर को अमेरिकी संसद ने किया याद
अमेरिकी संसद ने भारतवंशी उद्यमी शिवरामकृष्णन सोमासेगर को माइक्रोसॉफ्ट और अमेरिका के प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास में उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि दी। सहकर्मियों में ‘सोमा’ नाम से लोकप्रिय सोमासेगर का 19 मई को 59 वर्ष की उम्र में निधन हो चुका है। दक्षिण भारत में जन्मे और पले-बढ़े सोमा लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए अमेरिका आए थे। उनकी दयालुता और बुद्धिमत्ता की अमेरिकी संसद में प्रशंसा हुई। वाशिंगटन राज्य के प्रथम संसदीय जिले से सांसद सुजैन डेलबेने ने इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी संसद में कहा, सोमा एक अद्भुत प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, उद्यमी, नेता और मित्र थे। वह नवोन्मेष तंत्र मजबूत करने में मददगार बने।

राम प्रतिमा परियोजना पर विवाद
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश प्रशासन ने गाइबांधा जिले के पलाशबाड़ी उपजिला स्थित श्री राधा गोविंद और काली मंदिर परिसर में भगवान राम की प्रस्तावित विशाल प्रतिमा के निर्माण कार्य को रोकने का निर्देश दिया है। दावा किया जा रहा था कि यह दुनिया की सबसे बड़ी भगवान राम की प्रतिमा हो सकती है। मंदिर के सलाहकार श्यामल कुमार महंत ने गुरुवार शाम आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस निर्णय की जानकारी दी। इस फैसले के बाद विवाद और गहरा गया है। आलोचकों का आरोप है कि इस परियोजना को कुछ इस्लामी संगठनों के दबाव के चलते रोका गया।

तसलीमा नसरीन ने उठाए सवाल
निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका और मानवाधिकार कार्यकर्ता तस्लीमा नसरीन ने मंदिर और राम प्रतिमा को लेकर दी जा रही धमकियों और घृणास्पद बयानबाजी की तीखी आलोचना की है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने लिखा कि बांग्लादेश में लाखों मस्जिदें हैं और लगातार नई मस्जिदों का निर्माण भी हो रहा है, फिर एक राम मंदिर या भगवान राम की प्रतिमा के निर्माण का विरोध क्यों किया जा रहा है?

सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
अल्पसंख्यक अधिकार संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे देश में सांप्रदायिक तनाव और बढ़ सकता है। संगठन ने सरकार से सभी धार्मिक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

बांग्लादेश के प्रमुख अल्पसंख्यक मानवाधिकार संगठन बांग्लादेश हिंदू बुद्धिस्ट क्रिश्चियन यूनिटी काउंसिल ने देश में बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा और जबरन वसूली की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने विशेष रूप से हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को लेकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। धार्मिक भेदभाव के खिलाफ काम करने वाले इस संगठन ने गाइबांधा जिले में स्थित राधा गोविंद मंदिर को गिराने की कथित धमकियों की कड़ी निंदा की। संगठन का कहना है कि ऐसे घटनाक्रम देश की सांप्रदायिक सौहार्द्र व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकते हैं। शुक्रवार को ढाका में आयोजित संगठन की केंद्रीय समिति की बैठक में सदस्यों ने बांग्लादेश सरकार से इन घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने की अपील की। बैठक में कहा गया कि सरकार, प्रशासन, नागरिक समाज और स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक नेताओं को सांप्रदायिक शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए तुरंत उचित पहल करनी चाहिए। साथ ही, सांप्रदायिक नफरत और उकसावे को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed