{"_id":"66342c2bbfe003eaaa0a1864","slug":"world-news-updates-highway-collapse-in-china-death-toll-rise-13-people-died-due-to-heavy-rain-in-brazil-2024-05-03","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"World News: फिलीपींस ने चीन के राजदूत को भेजा समन, दक्षिण चीन सागर में नौसैनिकों पर हुए हमले पर जताई नाराजगी","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
World News: फिलीपींस ने चीन के राजदूत को भेजा समन, दक्षिण चीन सागर में नौसैनिकों पर हुए हमले पर जताई नाराजगी
Fri, 03 May 2024 06:36 PM IST
निर्मल कांत
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बीजिंग
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, बीजिंग
Published by: निर्मल कांत
Updated Fri, 03 May 2024 06:36 PM IST
सार
World News Updates: फिलीपींस के विदेश मंत्रालय ने चीन के राजदूत झोउ जियोंग को समन भेजा है। दरअसल दक्षिण चीन सागर में स्थित शोआल द्वीप पर फिलीपींस अपना दावा जताता है। इस द्वीप पर फिलीपींस के कुछ सैनिक भी तैनात हैं।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
दक्षिणी चीन में एक पहाड़ी इलाके में राजमार्ग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद बृहस्पतिवार को चलाए गए खोज अभियान में मृतक संख्या बढ़कर 48 हो गई है। यहां 20 से अधिक कारें गहरी ढलान पर गिर गईं। मीझोउ शहर के अधिकारियों ने कहा कि तीन अन्य लोग अभी अज्ञात हैं। इनका डीएनए परीक्षण किया जाना है। इनकी पहचान के बाद मरने वालों की संख्या 51 हो जाएगी।
विज्ञापन
ब्राजील में बारिश का कहर, 13 मरे
दक्षिणी ब्राजील में तेज बारिश के चलते रियो ग्रांडे डो सुल प्रांत में इस सप्ताह भारी बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई और 21 लोग लापता हैं। सरकार ने चेताया कि हालात गंभीर है और कुछ दिनों में ये और भी खराब हो सकते हैं। इतना ही नहीं, 3300 लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है।
विज्ञापन
यूएई में फिर खराब मौसम, कई उड़ानें रद्द
यूएई में भारी बारिश-तूफान से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस्तांबुल, जोहानिसबर्ग, नैरोबी, काहिरा, अम्मान व सिंगापुर के यात्रियों का रीबुकिंग शुल्क माफ किया गया है।
विज्ञापन
म्यांमार में फंसे 3 भारतीयों में से एक की वतन वापसी : भारत
म्यांमार में नौकरी के नाम पर ठगे गए भारतीय नागरिकों के मामले में विदेश मंत्रालय ने कहा कि तीन भारतीयों ने स्वदेश वापसी के लिए संपर्क किया था। एक को पहले ही वापस लाया जा चुका है, बाकी बचे दो लोगों की वापसी के लिए प्रयास जारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दो अन्य को लाने के लिए वहां का दूतावास इस पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में नौकरियों के लिए आवेदन करते समय सावधानी रखें। 2022 में भारत ने म्यांमार से 45 भारतीयों को बचाया था।
सोलोमन द्वीप के सांसदों ने पूर्व विदेश मंत्री को चुना नया पीएम
सोलोमन द्वीप के सांसदों ने पूर्व विदेश मंत्री जेरेमिया मनाले को देश का नया पीएम चुना है। सोलोमन द्वीप की हालिया वर्षों में चीन के साथ निकटता बढ़ी है। चीन समर्थक पूर्व पीएम मानासेह सोगावारे के सरकार प्रमुख के मुकाबले से नाम वापसी के बाद मनाले का मार्ग प्रशस्त हुआ।
पाकिस्तान: कॉलेज ने छात्राओं की राजनीतिक भागीदारी पर लगाई रोक
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के तिमरगारा के सरकारी स्नातकोत्तर कॉलेज ने छात्राओं को निर्देश जारी किए हैं, जिनमें परिसर से आने-जाने के दौरान राजनीतिक कार्यक्रमों, जन्मदिन समारोह और अन्य गतिविधियों में भाग लेने से बचने को कहा गया है। एक पाकिस्तानी अखबार ने यह जानकारी दी।
कॉलेज के मुख्य प्रॉक्टर प्रोफेसर रियाज मोहम्मद ने औपचारिक रूप से इन निर्देशों को प्रसारित किया और स्थानीय रीति-रिवाजों का पालन करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह छात्राओं के सर्वोत्तम हित में है। डॉन के मुताबिक, उन्होंने शिक्षण संस्थानों में रिपोर्ट की गई घटनाओं का हवाला देते हुए फैसले को सही ठहराया और कहा कि उनके कॉलेज का उद्देश्य ऐसी घटनाओं को रोकना है।
पाकिस्तान में हुए सड़क हादसे में 10 की मौत
पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। दरअसल एक बस खाई में गिर जाने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई। घटना गिलगित बाल्टिस्तान क्षेत्र के दियामेर इलाके की है, जहां एक बस में 30 लोग सवार होकर रावलपिंडी से गिलगित जा रहे थे। कराकोरम हाईवे पर बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलीपींस ने चीन के राजदूत को भेजा समन
फिलीपींस ने चीन के राजदूत को समन जारी किया है। दरअसल बीते दिनों चीन की नौसेना ने दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के एक जहाज पर पेट्रोलिंग के दौरान वाटर कैनन से तेज प्रेशर के साथ पानी की बौछार की थी। फिलीपींस की सरकार ने इस पर नाराजगी जताई है। फिलीपींस के विदेश मंत्रालय ने चीन के राजदूत झोउ जियोंग को समन भेजा है। दरअसल दक्षिण चीन सागर में स्थित शोआल द्वीप पर फिलीपींस अपना दावा जताता है। इस द्वीप पर फिलीपींस के कुछ सैनिक भी तैनात हैं। इन सैनिकों को फिलीपींस द्वारा नौकाओं के जरिए राशन आदि सामान पहुंचाया जाता है। चीन को इस पर आपत्ति है क्योंकि वह पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा जताता है। इसके चलते चीन की नौसेना कई बार फिलीपींस के जहाज पर वाटर कैनन से हमला कर चुकी है। ताजा मामला दो दिन पुराना है। अब फिलीपींस की सरकार ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है।
बलूचिस्तान में बम विस्टोम में एक पत्रकार की मौत, 20 घायल
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बम विस्फोट में एक वरिष्ठ पत्रकार की मौत हो गई। इस विस्फोट में सात अन्य लोग घायल भी हुए हैं। वरिष्ठ पत्रकार की पहचान मोहम्मद सिद्दीक मेंगल के तौर पर की गई है, जो खुजदार प्रेस क्लब के अध्यक्ष थे। खुजदार शहर के बाहरी इलाके में एक रिमोट कंट्रोल बम से उनकी वाहन टकरा गई। इस टक्कर के बाद विस्फोट हुआ, जिसमें उनकी मौत हो गई। इससे पहले गुरुवार को लैंडमाइन विस्फोट में एक की मौत हो गई थी। वहीं 20 अन्य घायल भी हुए थे।
मालदीव में एक भारतीय श्रमित की मौत
मालदीव में कार्यस्थल पर दुर्घटना में भारतीय श्रमिक की मौत हो गई। यह घटना हुलहुमाले की है। श्रमिक ड्रेजर पर चढ़ते समय घायल हो गया था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पाकिस्तान में पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोप में एक टीटीपी आतंकवादी गिरफ्तार
पाकिस्तान के कानून प्रवर्तन ने पंजाब प्रांत में तीन पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोप में एक टीटीपी आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। पिछले हफ्ते अज्ञात शूटरों ने तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। आरोपी की पहचान पहचान अब्दुल्ला जान उर्फ उस्मान खोरासानी के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी टीटीपी के खोराशानी गुट का सदस्य था।