फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates US Japan China Taiwan Gaza Netanyahu Biden Pakistan Russia Ukraine UK UN Global news

Updates: भारत-न्यूजीलैंड संबंध पर उच्चायुक्त ने कही यह बात, 2026 में हॉकी से जुड़ा खास आयोजन; पढ़िए बड़ी खबरें

Fri, 12 Apr 2024 03:29 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 12 Apr 2024 03:29 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates US Japan China Taiwan Gaza Netanyahu Biden Pakistan Russia Ukraine UK UN Global news
दुनिया की खबरें - फोटो : AMAR UJALA

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन त्रूदो ने एक बार फिर निज्जर हत्याकांड मामले को उठाया है। त्रूदो बुधवार को कनाडा की चुनावी प्रक्रिया में विदेशी हस्तक्षेप की जांच कर रही एक हाई-प्रोफाइल जांच एजेंसी में गवाही दे रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि 2019 और 2021 के चुनावों के दौरान विदेशी सूचनाओं पर खुफिया जानकारी प्राप्त करने के बाद उनकी सरकार ने क्या किया तो उन्होंने कहा कि सिद्धांत है कि जो कोई भी दुनिया में कहीं से भी कनाडा आता है उसके पास किसी भी कनाडाई की तरह सभी अधिकार होते हैं। निज्जर की हत्या बेहद गंभीर मामला है। मैंने इस मामले को संसद में पेश किया था, यह कनाडाई लोगों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विज्ञापन


यूक्रेन की सेना में अनिवार्य भर्ती के लिए विवादास्पद कानून मंजूर
यूक्रेन की संसद ने सेना में अनिवार्य भर्ती को बढ़ावा देने और विभिन्न रैंकों में रिक्त पदों पर भर्ती संबंधी एक विवादास्पद कानून को मंजूरी दे दी। कानून के प्रारंभिक मसौदे को रद्द करने के लिए हजारों संशोधन पेश किए गए जिसके चलते इसमें महीनों का समय लगा और विलंब हुआ। यह कानून रूसी युद्ध के मद्देनजर पारित हुआ, जिसके चलते यूक्रेनी ऊर्जा का बुनियादी ढांचा तबाह हुआ है। सांसदों ने भी इस कानून को लेकर लंबे समय तक उदासीन रवैया अपनाया था। पहले से ही अनुमान जताया जा रहा था कि यह कानून लोगों को पसंद नहीं आएगा।
विज्ञापन


पर्यटकों को लुभाने  के लिए भारत में रोड शो करेगा मालदीव
भारतीय पर्यटकों की कमी से जूझ रहा मालदीव उन्हें फिर से लुभाने के लिए भारत के प्रमुख शहरों में रोड शो करेगा। यह घोषणा उसके प्रमुख पर्यटन निकाय मालदीव एसोसिएशन ऑफ ट्रैवल एजेंट्स एंड टूर ऑपरेटर्स (माटाटो) ने की है। माटाटो ने दोनों देशों के बीच यात्रा और पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर भारत के उच्चायुक्त मुनु महावर के साथ चर्चा भी की। पीएम मोदी की ओर से 6 जनवरी को अपने एक्स हैंडल पर भारत के पश्चिमी तट पर प्राचीन लक्षद्वीप द्वीपों की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने के बाद मालदीव के तीन अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

अमेरिका ने इस्राइल पर ईरान के हमले को रोकने की पहल की

World News Hindi Updates US Japan China Taiwan Gaza Netanyahu Biden Pakistan Russia Ukraine UK UN Global news
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (फाइल) - फोटो : Agency
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अपने चीनी समकक्ष से ईरान पर दबाव बनाने की अपील की है। उन्होंने चीनी विदेश मंत्री के अलावा तुर्की, सऊदी अरब और यूरोपीय देशों के शीर्ष राजनयिकों से भी अपील की है कि ईरान को इस बात के लिए राजी किया जाए कि वह इस्राइल पर हमले नहीं करेगा। यह जानकारी समाचार एजेंसी एएफपी ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय के हवाले से दी।

अमेरिका-जापान और फिलीपीन का संयुक्त सम्मेलन; बाइडन ने समर्थन का एलान किया

अंतरराष्ट्रीय जगत की एक अन्य अहम मीडिया रिपोर्ट में अमेरिका और फिलीपीन के रिश्तों से जुड़ी खबर सामने आई। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि दक्षिण चीन सागर में वे फिलीपीन पर होने वाले हर हमले को रोकने को तैयार हैं। उन्होंने यह बयान जापान और फिलीपीन से साथ पहले संयुक्त सम्मेलन के बाद दिया। बाइडन ने चीन के बढ़ते दबदबे के बीच फिलीपींस के अलावा जापान का साथ देने का भी एलान किया।

अमेरिकी लीडरशिप को जापान के पीएम ने जरूरी बताया
जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने अमेरिकियों से अपने 'आत्म-संदेह' (Self-Doubt) पर काबू पाने का आह्वान किया है। उन्होंने कटु रूप से विभाजित कांग्रेस के समक्ष अमेरिकी वैश्विक नेतृत्व के लिए प्रार्थना की। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार जापान के प्रधानमंत्री ने कहा, 'अमेरिका का नेतृत्व अपरिहार्य है।'

रूस के सुदूर पूर्वी इलाके में हेवी लिफ्ट रॉकेट में ब्लास्ट

रूस के सुदूर पूर्वी इलाके में हेवी लिफ्ट रॉकेट में ब्लास्ट होने की खबर है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक दो बार प्रक्षेपण असफल रहने के बाद जब रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजा गया तो इसमें धमाका हो गया और अंतरिक्ष में ही रॉकेट के परखच्चे उड़ गए।

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में मारे गए 42 पुलिसकर्मी

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में वर्ष 2024 में आतंकवादी हमलों में 42 पुलिसकर्मी मारे गए हैं। वहीं, इसी अवधि के दौरान पुलिस ने विभिन्न अभियानों में 88 आतंकवादियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पुलिस प्रमुख अख्तर हयात खान गंडापुर ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने इस साल विभिन्न अभियानों में 88 आतंकवादियों को मार गिराया। उन्होंने कहा कि जनवरी 2024 से अब तक प्रांत में आतंकवाद का मुकाबला करते हुए 42 पुलिसकर्मी मारे गए। उन्होंने कहा कि देश में हालिया आतंकवादी घटनाओं के केंद्र रहे डेरा इस्माइल खान, लक्की मारवात और टेंक सहित दक्षिणी जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है। 

पाकिस्तान : बलूचिस्तान प्रांत में बस खाई में गिरी, 17 की मौत
पाकिस्तान के सिंध व बलूचिस्तान प्रांतों के एक सीमावर्ती शहर के पास तीर्थयात्रियों से भरी बस के हब शहर स्थित गहरी खाई में गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए। तीर्थयात्री बलूचिस्तान के खुजदार जिले में सुदूर मुस्लिम सूफी दरगाह शाह नूरानी जा रहे थे। हादसे वाली जगह कराची से 100 किलोमीटर दूर है। सभी यात्री सिंध प्रांत के थट्टा शहर के रहने वाले थे। मृतकों में कुछ एक ही परिवार के थे।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास करेंगे जापान, अमेरिका और ब्रिटेन
ब्रिटेन, अमेरिका और जापान की सेनाएं 2025 से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नियमित त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास करेंगे। इसका मकसद क्षेत्र में सुरक्षा की मजबूत करना और तीनों सेनाओं के सशस्त्र बलों की एक साथ काम करने की क्षमता को बढ़ाना होगा। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में यह बात कही। बयान में भारत सहित क्षेत्र के देशों के बढ़ते आर्थिक संबंधों के चलते हिंद-प्रशांत को ब्रिटेन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन पहले से ही इस क्षेत्र में पहले से ही विभिन्न अभ्यास आयोजित कर रहा है। जिसमें एचएमएस स्पाई और एचएमएस तामार (रॉयल नेवी के गश्ती जहाज) लगातार तैनात हैं। 

हिंद-प्रशांत क्षेत्र हमारी सामूहिक सुरक्षा के लिए जरूरी
इस अभ्यास को लेकर ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने कहा, तेजी से अस्थिर होती दुनिया में लोकतंत्र और आजादी की रक्षा रने के लिए अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ एकजुट रहना जरूरी है। उन्होंने कहा, साझा अभ्यास करने से नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को कमजोर करने वाले किसी भी देश को कड़ा संदेश जाता है कि हमारे रक्षा संबंध किसी दूरी तक सीमित नहीं हैं और हम दुनियाभर में किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, एक सुरक्षित और स्थिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र हमारी सामूहिक सुरक्षा के लिए जरूरी है, जो मुक्त, बाधारहित व्यापार और यात्रा की अनुमति देता है। जापान और अमेरिका के साथ हमारी साझेदारी इस क्षेत्र के लिए हमारी प्रतिबद्धता को और ज्यादा बल देती है।

भारत को लेकर सिलिकॉन वैली में उत्साह

सिलिकॉन वैली के प्रभावकारी गैर-लाभकारी संगठन ‘द इंडस एंटरप्रेन्योर्स’ (टीआईई) ने पूरी दुनिया में भारत को लेकर सबसे अधिक उत्साह दिखाया है। टीआईई की अध्यक्ष अनीता मनवानी ने कहा कि भारतीय नेतृत्व ने उद्यमिता के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। टीआईई संगठन अमेरिकी सिलिकॉन वैली के विभिन्न उद्योगों में उद्यमियों के लिए काम करता है। मनवानी ने कहा, मैं और पूरा सिलिकॉन वैली काफी उत्साहित हैं क्योंकि हमारे पास भारत के नेतृत्व में गिफ्ट सिटी जैसी पहल के साथ व्यवसाय खोलने के लिए उद्यमिता के प्रति स्पष्ट प्रतिबद्धता है।.ऐसी पहल जो निवेश करने का मौका देती है और जिससे धन वापस अमेरिका आ रहा है। मैं कहूंगी कि यह पहले की तुलना में थोड़ा आसान हो गया है

10 वर्षों में अभूतपूर्व वृद्धि
सिलिकॉन वैली स्थित इंडियास्पोरा के संस्थापक व पूंजीपति एमआर रंगास्वामी ने कहा, भारत-अमेरिकी संबंध सही दिशा में हैं। भारत ने 10 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है, और इसका श्रेय देश द्वारा नियमों और विनियमों में सुधार के लिए उठाए गए कदमों और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित करना रहा। गौरतलब है कि बीते दो अप्रैल को वाशिंगटन-सिलिकॉन वैली सहित 20 शहरों में BJP के समर्थन में कार रैली की खबर भी सामने आई थी।

अमेरिका में मनाया गया बिहार दिवस

अमेरिका में रहने वाले बिहार के लोगों ने बिहार दिवस मनाया। साथ ही अपनी जन्मभूमि के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। अमेरिका के भारतीय मूल के उद्योगपति सत्यम सिन्हा ने गांव को गोद लेने के कार्यक्रम के तहत बिहार के 15 गांवों में विकास कार्य कराने का ऐलान किया। इसके लिए उन्होंने 20 हजार डॉलर दान देने का एलान किया। इस कार्यक्रम का आयोजन करने वाले संगठन बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए के राजीव सिन्हा ने कहा कि 'हम शपथ लेते हैं कि हम बिहार के विकास के लिए योगदान देते रहेंगे और हमें इस पर गर्व है।' कार्यक्रम में भारत के उप-महावाणिज्य दूतावास राकेश अदालखा के साथ ही जैन मुनि आचार्य लोकेश और अजय जैन भुतोरिया भी शामिल हुए। 7 अप्रैल को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भारत आएंगे अमेरिकी एनएसए जैक सुलिवन

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन अगले हफ्ते भारत आएंगे। अमेरिकी एनएसए के भारत दौरे पर भारतीय एनएसए अजित डोभाल से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच हुए क्रिटिकल एंड इमर्जिंग तकनीक संबंधी समझौते पर हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जैक सुलिवन 17 अप्रैल को दिल्ली पहुंचेंगे और 18 अप्रैल को उनकी बैठक होगी। जैक सुलिवन पहले इस साल फरवरी में भारत आने वाले थे, लेकिन यक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में उभरे संकट की वजह से वह दौरा स्थगित हो गया था। मई 2022 में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच आईसीईटी समझौता हुआ था, जिसके तहत दोनों देश उभरती हुई प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग करेंगे। 

यूएन विशेषज्ञों ने पाकिस्तान को लताड़ा

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने पाकिस्तान की सरकार की धर्म परिवर्तन और जबरन शादी की घटनाओं को लेकर तीखी आलोचना की। विशेषज्ञों ने माना कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महिलाओं की स्थिति ठीक नहीं है और उनका शारीरिक शोषण, अपहरण कर जबरन शादी करके धर्म परिवर्तन जैसी घटनाएं घटती हैं। ईसाई और हिंदू लड़कियां खास तौर पर निशाने पर रहती हैं। संयुक्त राष्ट्र के महिलाओं के साथ भेदभाव पर बने वर्किंग ग्रुप ने गुरुवार को जिनेवा में एक बयान जारी कर ये बात कही। बयान में कहा गया कि अल्पसंख्यक समुदाय की युवा महिलाओं और लड़कियों के मानवाधिकारों का जिस बेशर्मी से उल्लंघन किया जा रहा है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों ने कहा कि धर्म परिवर्तन और जबरन शादी के मामलों में कोर्ट भी ऐसे मामलों को वैध मानते हैं और पीड़ित को उनके अपहरणकर्ता के साथ रहने का आदेश दिया जाता है, न कि उन्हें उनके माता-पिता के पास वापस भेजा जाता है। 

करतारपुर साहिब में सिख जत्थे ने पीएम मोदी के नेतृत्व को सफलतापूर्वक जारी रखने के लिए प्रार्थना की
भारतीय अल्पसंख्यक फाउंडेशन (आईएमएफ) के नेतृत्व वाले सिख जत्थे (प्रतिनिधिमंडल) ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सफल निरंतरता के लिए करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में प्रार्थना की। आईएमएफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में सिख जत्थे के लिए बैसाखी दर्शन का आयोजन आईएमएफ के लिए सौभाग्य की बात है। संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना करेगा और रविवार इस पवित्र स्थल पर बैसाखी मनाई जाएगी।

इससे पहले श्री अमृतसर संप्रदाय डेरा कार सेवा के संत बाबा कश्मीर सिंह भूरी वाले ने 'जत्थे' की सफल यात्रा के लिए 'अरदास' की और आईएमएफ और राज्यसभा के संयोजक को 'सिरोपा' भेंट किया। इस दौरान पंज प्यारों (गुरु के पांच प्यारे) के नेतृत्व में नगर कीर्तन के रूप में जुलूस निकाला गया। इसमें आईएमएफ प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रमुख सिख धार्मिक नेता, सिख महिलाएं और किसान शामिल थे।

भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक 15 से
 भारतीय सेना ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि भारत-उज्बेकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास डस्टलिक का पांचवां संस्करण 15 अप्रैल से उज्बेकिस्तान के टर्मेज़ जिले में शुरू होगा।

पिछले 23 साल में भारत में 23.3 लाख हेक्टेयर वृक्ष क्षेत्र हुआ नष्ट : ग्लोबल फॉरेस्ट वॉच
वर्ष 2000 के बाद से भारत में 23.3 लाख हेक्टेयर वृक्ष क्षेत्र नष्ट हो गया है, जो इस अवधि के दौरान वृक्ष क्षेत्र में छह प्रतिशत की कमी के बराबर है। ये आंकड़े ग्लोबल फॉरेस्ट वॉच मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट के हैं। ग्लोबल फॉरेस्ट वॉच सैटेलाइट डाटा और अन्य स्रोतों का उपयोग कर रियल टाइम में वन बदलावों को ट्रैक करता है। इसके अनुसार, 2002 से 2023 तक देश में 4,14,000 हेक्टेयर आर्द्र प्राथमिक वन (4.1 प्रतिशत) नष्ट हो गया, जो इसी अवधि में कुल वृक्ष आवरण हानि का 18 प्रतिशत है। इसमें कहा गया है कि 2001 और 2022 के बीच, भारत के जंगलों ने एक वर्ष में 510 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर उत्सर्जन किया और 1410 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड को हटाया। यह प्रति वर्ष 899 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर शुद्ध कार्बन सिंक का प्रतिनिधित्व करता है। भारत में वृक्षों के नुकसान के परिणामस्वरूप प्रति वर्ष औसतन 510 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड वायुमंडल में छोड़ा गया। इस अवधि के दौरान कुल मिलाकर 1.12 गीगाटन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित हुआ।

अमेरिका में भारतीय छात्रों की मौत की घटनाओं को देखते हुए आउटरीच कार्यक्रम बढ़ा रहा भारतीय मिशन
 हाल के महीनों में भारतीय छात्रों की मौत की घटनाओं को देखते हुए अमेरिका में भारतीय मिशनों ने छात्रों तक अपनी पहुंच की पहल तेज कर दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, अमेरिका में भारतीय छात्रों की मौत के मामलों की जांच चल रही है। इन मामलों में दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने हर संभव सहायता प्रदान की है और इन्हें अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उचित रूप से उठाया गया है। पिछले महीने से लापता 25 वर्षीय भारतीय छात्र इस सप्ताह अमेरिकी शहर क्लीवलैंड में मृत पाया गया। पिछले सप्ताह ओहायो में एक भारतीय छात्र उमा सत्य साई गड्डे की मौत हो गई थी, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त डेविड पाइन ने शुक्रवार को कहा, भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों के साझा हित हैं। नई दिल्ली में एक थिंक-टैंक की तरफ से आयोजित बातचीत के दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, न्यूजीलैंड दक्षिण चीन सागर में चीन के कुछ व्यवहारों से 'चिंतित' रहा है। पाइन ने भारतीय सेना की हॉकी टीम के 1926 में न्यूजीलैंड दौरे की शताब्दी मनाने की योजना भी बताई। इस दौरे पर हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले ध्यानचंद भी शामिल थे। भारत में न्यूजीलैंड के निवर्तमान उच्चायुक्त डेविड पाइन ने कहा कि 2026 भारत और न्यूजीलैंड के बीच संबंधों के लिहाज से विशेष होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed