फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events

World: बांग्लादेश की अदालत ने अवामी लीग समर्थक 70 वकीलों को भेजा जेल; अमेरिका में तूफान से 16 लोगों की मौत

Sun, 06 Apr 2025 01:00 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 06 Apr 2025 01:00 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Bangladesh Politics Crime and Global events
world updates - फोटो : अमर उजाला

बांग्लादेश की एक अदालत ने अवामी लीग समर्थक 70 वकीलों को जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ पिछले साल हुए हिंसक छात्र आंदोलन के दौरान मारपीट व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज थे। इस आंदोलन के कारण अवामी लीग प्रमुख व तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। हसीना फिलहाल भारत में हैं। कोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि ढाका मेट्रोपोलिटन सेशन जज मोहम्मद जाकिर हुसैन ने जमानत देने से इन्कार करते हुए वकीलों को जेल भेजने का आदेश दिया। हालांकि, अदालत ने नौ महिला वकीलों व ढाका बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अबू सैयद सागर को जमानत दे दी। इससे पहले वकीलों को हाईकोर्ट ने आठ हफ्ते की अग्रिम जमानत देते हुए स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण का आदेश दिया था। मामले में कुल 144 वकील नामजद हैं।

विज्ञापन


150वें अंतर संसदीय संघ के सम्मेलन में भाग लेने बिरला पहुंचे ताशकंद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 150वें अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) की बैठक में भाग लेने के लिए उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंच चुके हैं। वह भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, बिरला सामाजिक विकास एवं न्याय के लिए संसदीय कार्रवाई विषय पर बोलेंगे। वह वियतनाम, इस्राइल, कजाखस्तान व उज्बेकिस्तान के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान लोकसभा अध्यक्ष उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय व वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों के साथ बातचीत करेंगे। बिरला भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ उज्बेकिस्तान में पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। पांच अप्रैल को शुरू हुआ सम्मेलन नौ अप्रैल तक चलेगा।
विज्ञापन


बिरला ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ताशकंद में 150वें आईपीयू शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुखों के उद्घाटन समारोह में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ऐसे समय में जब एकता और संवाद पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं, मुझे ऐसे सम्मानित नेताओं के बीच होने पर गर्व है जो सभी के लिए शांति, समृद्धि व न्याय को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। यह ऐतिहासिक सभा वैश्विक संसदीय कूटनीति में एक मील का पत्थर है, जो हमारे राष्ट्रों व दुनिया के भविष्य को आकार देने के लिए प्रतिबद्ध विविध आवाजों को एक साथ लाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में कार के खड्डे में गिरने से 4 पर्यटकों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक कार के खड्ड में गिर जाने से कम से कम चार पर्यटकों की मौत हो गई। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता रसूल खान ने इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना शांगला जिले में माता अघवान के पास बिशम-स्वात रोड पर हुई। पर्यटक बिशम से स्वात जा रहे थे। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक पंजाब प्रांत के मुल्तान जिले के निवासी थे और ईद की छुट्टियों के लिए इस क्षेत्र में आए थे।

बांग्लादेश में अवामी लीग का नेता गिरफ्तार
बांग्लादेश के मेहरपुर शहर में शनिवार तड़के सत्तारूढ़ दल अवामी लीग के एक नेता एमए खालेक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि खालेक मेहरपुर जिला अवामी लीग के सामान्य सचिव और गांगनी उपजिला परिषद के पूर्व चेयरमैन हैं। उन्हें विभिन्न मामलों में पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया गया। खालेक की गिरफ्तारी का कारण अभी तक नहीं बताया गया है। गौरतलब है, खालेक को 5 अगस्त को उपजिला परिषद के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। पिछले साल 24 अक्तूबर को भी उन्हें एक छात्र आंदोलन से जुड़े मामले में प्रमुख आरोपी बताते हुए गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। पुलिस के अनुसार, नवीनतम गिरफ्तारी राजनीतिक-सामाजिक मामलों से जुड़ी हो सकती है।  

ईरानी मुद्रा डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरी
अमेरिका के साथ तनाव में उलझे ईरान की मुद्रा रियाल शनिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गई। शनिवार को मु्द्रा कारोबार दोबारा शुरू होने पर रियाल की विनिमय दर और भी नीचे गिरकर 10.43 लाख रियाल प्रति डॉलर रह गई।  

संयुक्त राष्ट्र ने म्यांमार में तेज किए राहत प्रयास, भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ा
म्यांमार में पिछले हफ्ते आए बड़े विनाशकारी भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 3,455 हो गई है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की एजेंसियों और विदेशी मदद दाताओं ने आपातकालीन राहत प्रयासों को बढ़ा दिया है। 7.7 तीव्रता वाले भूकंप ने देश के कई हिस्सों को प्रभावित किया, जिनमें राजधानी नेपीडॉ भी शामिल है। यूएन ने म्यांमार में राहत प्रयास तेज करने की अपील की। भूकंप के कारण कई क्षेत्रों में बिजली, टेलीफोन और मोबाइल सेवाएं ठप हो गईं और सड़कें व पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरी तबाही का सही आकलन करना मुश्किल हो रहा है। 

भूकंप ने पहले से ही म्यांमार में चल रहे गृह युद्ध को और बढ़ा दिया है, जिससे 30 लाख से ज्यादा लोग बेघर हो गए हैं और 2 करोड़ से अधिक लोग मदद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 

हूतियों का दावा- अमेरिकी हमले में सिर्फ दो लोग मारे गए

यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि अमेरिकी हवाई हमले में उसके सिर्फ दो लोगों की मौत हुई है। हालांकि अमेरिका ने जो वीडियो जारी किया था, उसमें ऐसा लग रहा था कि हूतियों को काफी नुकसान हुआ है। हूतियों ने बयान जारी कर बताया है कि हमले में दो लोगों की मौत हुई है और चार अन्य घायल हुए हैं। अमेरिकी हवाई हमले में कम से कम 69 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि हूतियों ने सैन्य और सुरक्षा नेतृत्व में किसी की मौत की बात नहीं स्वीकारी है। 

कोलंबिया के विद्रोही संगठन ने डाले हथियार

कोलंबिया के विद्रोही संगठन कोमोनर्स ऑफ द साउथ ने सरकार के साथ शांति वार्ता के बाद हथियार डालने शुरू कर दिए हैं। बीते साल से सरकार और विद्रोही संगठन के बीच बातचीत चल रही थी। यह विद्रोही संगठन कोलंबिया के प्रमुख उग्रवादी संगठन नेशनल लिबरेशन आर्मी का हिस्सा था। नेशनल लिबरेशन आर्मी में 6000 लड़ाके हैं और ये अभी भी सरकार से लड़ाई लड़ रहे हैं। बीते साल कोमोनर्स ऑफ द साउथ संगठन ने नेशनल लिबरेशन आर्मी से नाता तोड़कर सरकार के साथ बातचीत शुरू कर दी थी। 
 

खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी के हमले में 5 की मौत
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों ने शनिवार को शांति समिति के एक सदस्य के घर पर हमला किया। इस हमले में परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। यह घटना उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली तहसील में हुई। सूत्रों ने बताया कि शांति समिति के सदस्य कादिर जमान के घर को आतंकवादियों ने निशाना बनाया। आतंकियों द्वारा मारे गए पांच लोगों में एक महिला भी शामिल है। वहीं, कई अन्य लोग भी घायल हो गए। टीटीपी ने इस हमले को लेकर बयान भी जारी किया है। इसमें टीटीपी ने कहा है कि हमला शरिया लागू करने के लिए किया गया था। यह हमला टीटीपी द्वारा बहुभाषी बयान जारी करने के ठीक एक दिन बाद हुआ है। इसमें कहा गया था कि वे इजरायल, संयुक्त राज्य अमेरिका या भारत के प्रति कोई दुश्मनी नहीं रखते हैं। समूह ने दोहराया कि उनका एकमात्र शत्रु पाकिस्तान है, तथा विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में अभियान पर अपना ध्यान केन्द्रित किया।

पूर्व नरेश संविधान विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए गए तो नेपाल सरकार कार्रवाई करेगी : नेपाली मंत्री
नेपाल के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कहा कि पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र अगर संविधान के खिलाफ गतिविधियों में लिप्त पाए जाते हैं तो सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। रविवार को लामजंग जिले में एक कार्यक्रम में गुरुंग ने कहा कि ज्ञानेन्द्र ने राजनीतिक दलों के साथ यह समझौता किया था कि सरकार उनकी मां, पूर्व रानी रत्ना राज्यलक्ष्मी शाह को नारायणहिती पैलेस के एक हिस्से में रहने देगी। गुरुंग ने कहा कि सरकार ने उन्हें पूर्व राष्ट्राध्यक्ष के लिए निर्धारित सुविधाएं प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की थी और कहा था कि वह संविधान का सम्मान करेंगे तथा नेपाली नागरिकों के संप्रभु अधिकारों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व राजा ने 19 फरवरी को लोकतंत्र दिवस के दौरान अपने बयान से समझौते का उल्लंघन किया है।

अमेरिका में तूफान से 16 लोगों की मौत
अमेरिका के दक्षिणी और मध्य-पश्चिमी इलाकों में आए तूफान के कारण रविवार सुबह तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। रात भर के बवंडर और अचानक बाढ़ की चेतावनी के चलते मौसम और खराब हो गया है। पूर्वानुमानकर्ताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में जलमार्गों में वृद्धि हो सकती है। अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में पहले से ही कई दिनों तक चले भयंकर तूफानों के कारण भारी जलभराव हो चुका है, जिससे घातक बवंडर पैदा हुए हैं। अलबामा और मिसिसिपी में रात भर नए तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, केंटकी, मिसिसिपी और टेनेसी में कई काउंटियों के लिए अचानक बाढ़ की चेतावनी भी जारी की गई। शनिवार मूसलाधार बारिश होने से अचानक बाढ़ आ गई। जिससे टेक्सास से लेकर ओहियो तक आपात स्थिति पैदा हो गई। तूफान से अब तक 16 लोग मारे जा चुके हैं, इनमें अकेले टेनेसी में 10 लोग शामिल हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed