फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia spain Singapore Politics Crime and Global events

World News: पोलैंड दौरे पर जेलेंस्की, दूसरे विश्वयुद्ध के नरसंहार पीड़ितों के अवशेष निकालने पर बनी सहमति

Wed, 15 Jan 2025 03:04 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 15 Jan 2025 03:04 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia spain Singapore Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर विकास नीति लागू करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर और नई स्वच्छ बिजली सुविधाओं जैसे उन्नत एआई संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को अमेरिका में बड़े पैमाने पर विकसित किया जा सके। हस्ताक्षर करते ही अब इसके क्रियान्वयन के लिए सरकारी एजेंसियां बड़े पैमाने पर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में तेजी लाने के लिए काम करेंगी। हस्ताक्षर करने के बाद बाइडन ने कहा कि एआई के राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गहरे निहितार्थ होंगे और अमेरिकियों के जीवन को बेहतर बनाने की अपार क्षमता होगी। उन्होंने कहा, अगर इसका जिम्मेदारी से उपयोग किया जाए, तो बीमारी को ठीक करने में मदद करने से लेकर जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करके लोगों को सुरक्षित रखने में सहायक साबित होगा।
विज्ञापन


पदभार संभालने के बाद भारत के साथ मौजूदा संबंधों और समझौतों की समीक्षा होगी: रक्षा मंत्री हेगसेथ
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका के नए रक्षा मंत्री चुने गए पीटर हेगसेथ ने कहा है कि वे पदभार संभालने के बाद भारत के साथ मौजूदा संबंधों और समझौतों की समीक्षा करेंगे। हेगसेथ ने संसद के उच्च सदन ‘सीनेट’ की सशस्त्र सेवा समिति के समक्ष ये बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत-अमेरिका रक्षा संबंध "काफी" मजबूत हुए हैं। संयुक्त सैन्य अभ्यास, रक्षा समझौतों और रणनीतिक वार्ता में तेजी आई है।
विज्ञापन


बाइडन का फैसला स्पीकर ने पलटा, यूएस कैपिटल में झंडे पूरी ऊंचाई तक फहराने का आदेश
अमेरिका में निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले यूएस कैपिटल में झंडे पूरी ऊंचाई तक फहराने का आदेश जारी किया गया है। हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने यह फरमान जारी किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर की मृत्यु के बाद 30 दिनों तक झंडा नीचे करने के आदेश पर रोक लगा दी। अब अपने दूसरे कार्यकाल के लिए आधे झुके हुए झंडे के नीचे शपथ नहीं लेंगे। कार्टर के निधन पर बाइडन ने 30 दिनों के राष्ट्रीय शोक का एलान किया था। इस कारण 28 जनवरी तक अमेरिका के संघीय सरकारी भवनों और उनके परिसरों के साथ-साथ विदेशों में अमेरिकी दूतावासों, सैन्य प्रतिष्ठान और जहाजों पर देश के राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाना अनिवार्य है। स्पीकर जॉनसन के फरमान को लेकर अभी यह साफ नहीं है कि क्या पूरे देश में अमेरिकी राष्ट्र ध्वज पूरी ऊंचाई तक फहराए जाएंगे। जानकारों के मुताबिक ट्रंप 20 जनवरी को शपथ ग्रहण के बाद बाइडन का आदेश पलट सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


ट्रंप ने 'बाहरी राजस्व सेवा' एजेंसी बनाने का एलान किया
शपथ ग्रहण से पहले अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि टैरिफ से होने वाली आय को जमा करने के लिए वे 'बाहरी राजस्व सेवा' एजेंसी बनाएंगे। सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि अमेरिकी प्रशासन उन लोगों से शुल्क वसूलना शुरू करेगा जो हमसे व्यापार के जरिए पैसे कमाते हैं। उन्होंने इसकी तुलना आंतरिक राजस्व सेवा से की, जो देश की घरेलू कर संग्रहकर्ता है। गौरतलब है कि अमेरिकी कानून के तहत नई एजेंसी के गठन के लिए कांग्रेस के एक अधिनियम की आवश्यकता होती है। रिपब्लिकन खेमे के ट्रंप के पास सदन और सीनेट दोनों में बहुमत है।

स्पेन दौरे पर विदेश मंत्री ने राजा से की मुलाकात
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने स्पेन दौरे पर राजा फेलिप VI से भी मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर तस्वीरें शेयर कर लिखा कि यह मुलाकात उनके लिए गौरवान्वित करने वाली रही। जयशंकर ने कहा, राजा से मुलाकात के दौरान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से हार्दिक शुभकामना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत-स्पेन संबंधों को आगे बढ़ाने में राजा का मार्गदर्शन अहम है। राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री से भी मुलाकात
जयशंकर ने इसके अलावा स्पेन के राष्ट्रपति सांचेज से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज से मुलाकात के दौरान भारत-स्पेन के बीच 'दीर्घकालिक' साझेदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। जयशंकर ने स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स के साथ दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी 'सार्थक' चर्चा की।

World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia spain Singapore Politics Crime and Global events
जो बाइडन - फोटो : ANI
क्यूबा अब आतंकवाद प्रायोजित करने वाला देश नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन 19 जनवरी को अपनी विदाई से पहले कई अहम फैसले ले रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में उन्होंने कैरेबियन देश क्यूबा को बड़ी राहत दी है। बाइडन के फैसले के मुताबिक अब क्यूबा से आतंकवाद प्रायोजित करने वाले देश का धब्बा हट गया है। 

कनाडा के मंत्री फ्रेंकोइस शैम्पेन लिबरल पार्टी के नेतृत्व की दौड़ से पीछे हटे
कनाडा प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के इस्तीफे के बाद राजनीतिक उथल-पुथल का सामना कर रहा है। ताजा घटनाक्रम में नवाचार, विज्ञान और उद्योग मंत्री फ्रेंकोइस-फिलिप शैम्पेन ने कहा है कि वे लिबरल पार्टी ऑफ कनाडा के नेतृत्व की दौड़ में शामिल नहीं होंगे। निर्णय को कठिन बताते हुए शैम्पेन ने कनाडाई लोगों, सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इससे पहले, कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली भी कनाडा की लिबरल पार्टी के नेतृत्व के लिए चुनाव न लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं।

World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia spain Singapore Politics Crime and Global events
मार्क जुकरबर्ग - फोटो : एएनआई
डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण: अरबपतियों के रिसेप्शन में मार्क जुकरबर्ग सह-मेजबान
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग 20 जनवरी को निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में सह-मेजबानी करेंगे। स्वागत समारोह की मेजबानी फेसबुक के संस्थापक जुकरबर्ग और ट्रंप की नजदीकियां दिखाता है। नाम न बताने की शर्त पर आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि जुकरबर्ग द्वारा सह-आयोजित स्वागत समारोह सोमवार शाम आयोजित किया जाएगा। अन्य सह-मेजबानों में डलास मावेरिक्स की मालकिन और कैसीनो व्यवसायी दिवंगत शेल्डन एडेल्सन की पत्नी मिरियम एडेल्सन; कैसीनो व्यवसायी, ह्यूस्टन रॉकेट्स के मालिक और इटली में अमेरिकी राजदूत के रूप में ट्रंप की पसंद टिलमैन फर्टिटा; शिकागो क्यूब्स के सह-मालिक टॉड रिकेट्स; और रिकेट्स की पत्नी सिल्वी लेगेरे जैसी हस्तियों के नाम शामिल हैं। यह भी दिलचस्प है कि चार साल पहले जब 6 जनवरी, 2021 को ट्रंप समर्थकों की भीड़ ने यूएस कैपिटल पर हमला किया था, उस घटना के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटे ट्रंप को लेकर जुकरबर्ग का नजरिया बदलता दिख रहा है।

भारत ने लेसोथो को भेजी 1,000 मीट्रिक टन अनाज की दूसरी खेप
भारत ने दक्षिणी अफ्रीकी देश लेसोथो को मानवीय सहायता की एक और खेप भेजी है। इसमें 1,000 मीट्रिक टन ज्वार शामिल हैं। सोमवार को मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह से इसे रवाना किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया में कहा कि भारत और लेसोथो वैश्विक दक्षिण में एक-दूसरे के साझेदार हैं। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में भारत ने चारों ओर से जमीन से घिरे इस देश को 1,000 मीट्रिक चावल भेजा था।

पाकिस्तान : सुरक्षा बलों ने टीटीपी के आठ आतंकियों को मार गिराया
पेशावर में सुरक्षा बलों ने अशांत उत्तर-पश्चिमी खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग छापों में आठ तालिबानी आतंकियों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा के मुताबिक, प्रांत के टैंक और तिराह घाटी जिलों में दो अलग-अलग छापे 12-13 जनवरी के बीच हुए। पहला हमला टैंक में हुआ जहां सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 6 आतंकी मारे जबकि दूसरे हमले में टीटीपी के दो आतंकी  मार गिराए गए।

पाकिस्तान और बांग्लादेश ने रक्षा सहयोग प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई
पाकिस्तान और बांग्लादेश ने मंगलवार को अपने मजबूत रक्षा संबंधों के महत्व को रेखांकित किया। दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के तरीके तलाशने को लेकर सहमति बनी। बांग्लादेश की तरफ से सशस्त्र बल प्रभाग के ‘प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर’ (पीएसओ) लेफ्टिनेंट जनरल एस. एम. कमर-उल-हसन ने पाकिस्तान यात्रा के दौरान रावलपिंडी में जनरल हेडक्वार्टर (जीएचक्यू) में सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में दोनों ने क्षेत्र की सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर व्यापक चर्चा की।

42 दिनों में आबादी वाली जगहों को छोड़ेगा इस्राइल
हमास ने इस्राइली बंधकों की रिहाई का समझौता स्वीकार कर लिया है। इससे अब इस्राइल-हमास के बीच युद्धविराम तय है। इसके साथ ही एक साल से भी ज्यादा समय से जूझ रहे फलस्तीनियों को भी राहत मिलेगी, जो जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। युद्ध में अब तक 46 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। समझौता लागू होते ही पहले 42 दिनों में इस्राइली सेना आबादी वाली जगहों से हट जाएगी, फलस्तीनियों को उत्तरी गाजा में अपने घरों में लौटने की अनुमति दी जाएगी और मानवीय मदद में वृद्धि के तहत प्रत्येक दिन लगभग 600 ट्रक प्रवेश करेंगे। दूसरे चरण के विवरण पर अभी भी पहले चरण के दौरान बातचीत की जानी चाहिए। समझौते में लिखित गारंटी शामिल नहीं है कि समझौता होने तक युद्धविराम जारी रहेगा।

UAE के सबसे अत्याधुनिक उपग्रह का अमेरिका से सफल प्रक्षेपण
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के मोहम्मद बिन राशिद अंतरिक्ष केंद्र से अब तक के 'सबसे उन्नत उपग्रह' एमबीजेड-सैट का सफल प्रक्षेपण किया गया है। एमबीजेड-सैट को मंगलवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस स्थित स्पेस लॉन्च कॉम्प्लेक्स 4ई से स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित किया गया। यूएई के उपग्रह विकास की यात्रा में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। एमबीआरएससी में अमीराती इंजीनियरों ने इसे विकसित किया है। इस उपग्रह कार्यक्रम की घोषणा 2020 में की गई थी।

गाजा में इस्राइल का हमला, 11 लोग मारे गए
पश्चिम एशिया में जारी हिंसक संघर्ष के बीच हमास और इस्राइल के युद्धविराम पर सबकी नजरें टिकी हैं। ताजा घटनाक्रम में गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एक घर पर इस्रायली हवाई हमले में कम से कम 11 फलस्तीनी मारे गए। इस्राइल की तरफ से ऐसे समय में हमले हुए हैं जब इस्रायल और हमास विगत 15 महीने से चल रहे युद्ध को समाप्त करने और दर्जनों बंधकों को रिहा करने के लिए संघर्ष विराम समझौते पर पहुंचने वाले हैं। अब तक 46 हजार से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। मरने वालों में आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं।

रिपब्लिकन सांसद ने अदाणी मामले के सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की

अमेरिका के एक रिपब्लिकन सांसद ने अमेरिकी न्याय विभाग से भारतीय अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी और उनकी कंपनियों के खिलाफ बाइडन सरकार के अभियोजन संबंधी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा है। यह मांग ऐसे समय आई है, जब ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में एक हफ्ते से भी कम समय बचा है। यह मांग हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के सदस्य प्रतिनिधि लांस गुडेन ने मंगलवार को अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड को लिखे पत्र में की। इस पत्र में मांग की गई है कि न्याय विभाग अदाणी समूह के खिलाफ कार्रवाई करने के अपने फैसले से जुड़े सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज सुरक्षित रखे और पेश करे।

गुडेन ने पत्र में लिखा कि 'अभियोग में पूरी तरह से भारत के भीतर किए गए कृत्यों का आरोप लगाया गया था, जिसमें भारतीय नागरिक और अधिकारी शामिल थे, और इससे अमेरिकी हितों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।' गुडेन ने आरोप लगाया कि न्याय विभाग अदाणी और उनकी कंपनियों के खिलाफ बहुत चयनात्मक रहा। गुडेन ने सवाल उठाया कि 'इस मामले में न्याय विभाग ने एक भी अमेरिकी नागरिक के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया? क्या इस मामले में कोई अमेरिकी नागरिक शामिल भी नहीं हैं? अगर ऐसा है तो न्याय विभाग ने अदाणी समूह के खिलाफ ये मामला क्यों चलाया, जबकि इस मामले से जुड़े सभी लोग भारत में हैं? क्या आप भारत में न्याय करना चाहते हैं?'

लांस गुडेन ने कहा कि 'भारत एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका के कुछ विश्वसनीय भागीदारों में से एक है, साथ ही सबसे तेजी से बढ़ती और सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।' उन्होंने कहा, 'शीर्ष उद्योगपतियों के खिलाफ इस तरह की लापरवाही से भारत और अमेरिका के रिश्तों को नुकसान हो सकता है। इस मामले में भारत के अधिकार का सम्मान न करना, एक रणनीतिक, आर्थिक और राजनीतिक सहयोगी के साथ हमारे अंतरराष्ट्रीय संबंधों को तनावपूर्ण कर सकता है और स्थायी रूप से नुकसान पहुंचा सकता है।'
 

लिबरल पार्टी के नेता की रेस से हटे पूर्व मंत्री फ्रांकोइस कैंपेन

कनाडा के इनोवेशन, विज्ञान और उद्योग मंत्री फ्रांकोइस फिलिप कैंपेन लिबरल पार्टी के नेता की रेस से हट गए हैं। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में उन्होंने इसका एलान किया। उन्होंने लिखा कि 'यह एक मुश्किल फैसला था, लेकिन मैं लिबरल पार्टी के नेता पद की रेस में नहीं हूं।'

पोलैंड दौरे पर जेलेंस्की, दूसरे विश्वयुद्ध के नरसंहार पीड़ितों के अवशेष निकालने पर बन सकती है सहमति

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की बुधवार को पोलैंड का दौरा करेंगे। इस दौरे पर दूसरे विश्व युद्ध के दौरान मारे गए पोलिश लोगों के अवशेष निकालकर पोलैंड भेजने पर कुछ एलान होने की उम्मीद है। इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच लंबे समय तक तनाव रहा है। अब दोनों देशों के बीच इसे लेकर सहमति बन गई है। पोलैंड पहुंचने के बाद जेलेंस्की पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ मीडिया को संबोधित करेंगे। पोलैंड अब यूरोपीय संघ का सदस्य है और यूक्रेन सदस्य बनने की कोशिश कर रहा है। एक गैर-सरकारी संगठन, फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी फाउंडेशन ने सोमवार को कहा कि वह अप्रैल में यूक्रेन में नसंहार पीड़ितों के शवों को निकालने का काम शुरू करेगा। पोलैंड यूक्रेन पर रूसी हमले के खिलाफ मुखर रहा है।

यह मुद्दा 1943-44 का है, जब यूरोप युद्ध से जूझ रहा था। यूक्रेनी राष्ट्रवादियों ने वोल्हिनिया और अन्य क्षेत्रों में लगभग 100,000 पोलिश लोगों का नरसंहार किया, जो उस समय पूर्वी पोलैंड में थे। आज वो जगह यूक्रेन का हिस्सा है। पोलैंड में लोग नरसंहार का शिकार हुए लोगों के अवशेष वापस पोलैंड लाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। यूक्रेन से अवशेषों को लेकर पोलैंड में सम्मानपूर्वक दफनाने की मांग होती रही है। 

 

भारतीय मूल की नर्स पर ब्रिटेन के अस्पताल में हमला

ब्रिटेन के ग्रेटर मैनचेस्टर स्थित रॉयल ओल्डहैम अस्पताल में एक भारतीय मूल की नर्स पर जानलेवा हमला होने की खबर है। यह हमला शनिवार रात को उस वक्त हुआ, जब भारतीय मूल की नर्स अचम्मा चेरियन नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान रुमोन हक नाम के 37 वर्षीय एक आरोपी ने कैंची से अचम्मा चेरियन पर हमला कर दिया। हमले में नर्स को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हमले के बाद अचम्मा की जिंदगी पहले जैसी नहीं रह जाएगी। पुलिस ने घटना पर दुख जताया। 

ग्रीस के प्रधानमंत्री ने तासोलस को अगला राष्ट्रपति बनाने का रखा प्रस्ताव
ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने संसद में कांस्टेंटाइन तासोलस को देश का अगला राष्ट्रपति बनाने का प्रस्ताव दिया है। तासोलर अभी संसद के स्पीकर हैं और न्यू डमेक्रेसी पार्टी के सदस्य हैं। वह 2019 से ग्रीस की संसद के स्पीपर के रूप में कार्यरत हैं। पेशे से वकील रहे तासोलस पहले संस्कृति और खेल मंत्री व उप रक्षा मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 


ग्रीस में राष्ट्रपति का कार्यकाल  पांच साल का होता है। राष्ट्रपति चुनाव में देश के 300 सांसद वोट डालते हैं। यह चुनाव प्रक्रिया पांच दौर तक चल सकती है। पहले या दूसरे दौर में जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 200 वोटों की जरूरत होती है। जबकि तीसरे दौर में यह संख्या घटकर 180 हो जाती है और चौथे दौर में साधारण बहुमत यानी 151 वोटों से चुनाव जीता जा सकता है। 

हमास ने ठुकराया इस्राइल का युद्धविराम का प्रस्ताव
हमास के एक अधिकारी ने कहा कि उनके समूह ने इस्राइल के गाजा में युद्ध विराम के प्रस्ताव ठुकरा दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि युद्धविराम को लेकर वार्ता अभी भी जारी है। 

चीनी नागरिक के अपहरण के आरोप में चार भारतीय गिरफ्तार
काठमांडू से एक चीनी नागरिक का अपहरण करने के आरोप में मध्य नेपाल में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। सरकारी दैनिक गोरखापत्र ने नेपाल पुलिस के हवाले से बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम ने मंगलवार को महाराष्ट्र के रहने वाले आशुतोष दत्तात्रेय (32), अमोल करमाटे (30), अफसर शेख (40) और अमोल श्रीसत (33) को काठमांडू से हेतौड़ा की ओर जा रहे एक भारतीय नंबर वाली गाड़ी से गिरफ्तार किया। गाड़ी में चीनी नागरिक को ले जाया जा रहा था। भारतीय नागरिकों ने दावा किया कि उन्होंने चीनी नागरिक का अपहरण इसलिए किया, क्योंकि उसने अवैध जुआ खेलने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आगे की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed