World: अमेरिका में 300 दक्षिण कोरियाई नागरिक हिरासत में; इरफान अली दूसरी बार बने गुयाना के राष्ट्रपति
गुयाना की सत्तारूढ़ पीपुल्स प्रोग्रेसिव पार्टी के इरफान अली ने रविवार को तेल-समृद्ध दक्षिण अमेरिकी देश के राष्ट्रपति के रूप में दूसरी बार शपथ ली। चुनाव आयोग ने उनकी जीत की पुष्टि कर दी है। 1 सितंबर के चुनाव में पीपुल्स प्रोग्रेसिव पार्टी/ सिविक ने 36 सीटें जीतीं, जो पिछले चुनाव से तीन ज्यादा थीं। वी इंवेस्ट इन नेशनहुड पार्टी ने 16 सीटें जीतीं, ए पार्टनरशिप फॉर नेशनल यूनिटी को 12 और फॉरवर्ड गुयाना मूवमेंट को एक सीट मिली। 2020 में सत्ता संभालने वाली अली की सरकार ने सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों के निर्माण में निवेश किया है और राज्य विश्वविद्यालय में ट्यूशन मुफ्त कर दिया है। अली ने कहा, हमारा तेल और गैस क्षेत्र बढ़ता रहेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार और विनिर्माण मामलों के वरिष्ठ सलाहकार पीटर नवारो ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को भारत द्वारा रूसी तेल खरीद से संबंधित गलत सूचना फैलाने के आरोपों के बाद कथित सुधार को लेकर नाराजगी जताई। नवारो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे सामुदायिक नोट को कचरा बताते हुए आरोप लगाया कि एलन मस्क दुष्प्रचार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि भारत केवल मुनाफा कमाने के लिए रूस से तेल खरीदता है। नवारो ने पोस्ट में मस्क को टैग कर लिखा, 'वाह एलन मस्क लोगों की पोस्ट में दुष्प्रचार को जगह दे रहे हैं। नीचे दिया गया घटिया नोट भी सचमुच कचरा है। भारत रूस से तेल सिर्फ मुनाफाखोरी के लिए खरीदता है। रूस-यूक्रेन युद्ध से पहले भारत ने कभी तेल नहीं खरीदा। भारत सरकार की स्पिन मशीन तेजी से आगे बढ़ रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियां छीनना बंद करो।'
ग्रीस में प्रधानमंत्री ने व्यापक कर कटौती का एलान किया
यूरोपीय देश ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारीकोस मित्सोताकिस ने 1.6 अरब यूरो (1.87 अरब डॉलर) के कर कटौती पैकेज की घोषणा की, जिससे लगभग 40 लाख नागरिकों को लाभ होगा। थेसालोनिकी अंतर्राष्ट्रीय मेले में अपने भाषण में उन्होंने बताया कि कर कटौती 2026 के बजट में लागू होगी। इसमें मध्यवर्ग, युवा, बड़े परिवार और पेंशनभोगियों को राहत दी जाएगी। 25 वर्ष से कम आयु वालों की 20,000 यूरो तक की आय पर कर नहीं लगेगा। छोटे द्वीपों के निवासियों को 30% कम वैट देना होगा। उद्देश्य आय बढ़ाना और जनसांख्यिकीय संकट से निपटना है। विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन किए।
अमेरिका की सरहद पर बसे देश मैक्सिको में ईंधन चोरी का मामला लगातार चर्चा में है। इस मामले में वरिष्ठ नौसेना अधिकारी वाइस एडमिरल मैनुअल रोबर्टो फारियास लागुना को कई उद्योगपतियों और अधिकारियों के साथ गिरफ्तार किया गया। मार्च में टाम्पिको बंदरगाह पर 1 करोड़ लीटर ईंधन जब्त होने के बाद जांच शुरू हुई थी। राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के तहत यह अब तक की सबसे बड़ी गिरफ्तारी है। ईंधन चोरी से सरकारी तेल कंपनी पेमेक्स को पांच साल में 3.8 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, मैक्सिकन कार्टेल चोरी के ईंधन से अपने मादक पदार्थ कारोबार को वित्त पोषित करते हैं। जांच जारी है।
हत्यारोपी गुटिरेज दक्षिण सूडान से मैक्सिको निर्वासित, मानवाधिकार समूहों ने अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया
पूर्वी अफ्रीकी देश दक्षिण सूडान ने मैक्सिकन नागरिक जीसस म्यूनोज-गुटिरेज को मैक्सिको प्रत्यर्पित कर दिया। गुटिरेज को जुलाई में अमेरिका से निर्वासित किया गया था। आठ लोगों के समूह में शामिल गुटिरेज को अमेरिका से निर्वासन के बाद दक्षिण सूडान में हिरासत में रखा गया था। ताजा घटनाक्रम में देश के विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रत्यर्पण मैक्सिकन दूतावास (इथियोपिया) के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय कानून और द्विपक्षीय समझौतों के तहत किया गया। अमेरिका में गुटिरेज को हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। मानवाधिकार समूहों ने तीसरे देश में निर्वासन को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।
सड़क किनारे बम धमाके में कैमरून के सात सैनिक बलिदान
मध्य अफ्रीकी देश कैमरून के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में सड़क किनारे बम धमाके में सात सैनिक मारे गए। स्थानीय समय के मुताबिक हमला शुक्रवार सुबह मालेंडे कस्बे के पास हुआ। अंग्रेज़ीभाषी अलगाववादी संगठन फाको यूनिटी वॉरियर्स ने हमले की जिम्मेदारी ली। गौरतलब है कि करीब आठ साल पहले यानी 2017 से ही देश के अलगाववादी फ्रेंच-भाषी बहुमत से अलग स्वतंत्र अंग्रेज़ीभाषी राज्य की मांग कर रहे हैं। अब तक 6,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। छह लाख से ज्यादा लोग विस्थापित भी हो चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय समूह के आगाह करने के बावजूद संघर्ष जारी है। विशेषज्ञों ने कहा कि केवल सैन्य कार्रवाई से समाधान संभव नहीं, बल्कि स्थायी शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता और वार्ता जरूरी है।
पाकिस्तान में अधिकारियों ने जन सुरक्षा और मौजूदा सुरक्षा खतरों का हवाला देते हुए बलूचिस्तान के कई जिलों में 3जी और 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को फिर निलंबित कर दिया है। द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, यह अस्थायी बंद 5 सितंबर की शाम 5 बजे शुरू हुआ। अधिसूचना के मुताबिक यह निलंबन मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रांत में धार्मिक जुलूसों की उपस्थिति के कारण है। यह उपाय क्वेटा, मस्तुंग, समेत कई जिलों में लागू किया जा रहा है।
अमेरिका के जॉर्जिया स्थित विशाल निर्माण स्थल पर सैकड़ों संघीय एजेंटों ने छापे मारकर 475 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें से अधिकांश दक्षिण कोरियाई नागरिक थे। आव्रजन अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह स्थल कोरियाई वाहन निर्माता हुंडई ने इलेक्ट्रिक वाहन बनाने के लिए बनाया है। होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन्स के प्रमुख जॉर्जिया एजेंट स्टीवन श्रैंक ने कहा कि यह छापा उस स्थल पर अवैध रूप से काम पर रखने के आरोपों की महीनों तक चली जांच के बाद पड़ा।
ईरान की 1979 की इस्लामी क्रांति का विशाल बेहेश्त-ए-जहरा कब्रिस्तान पार्किंग स्थल बनता जा रहा है। यहां क्रांतिकारियों के अवशेष संभवतः डामर के नीचे रखे जाएंगे। अधिकारियों ने पार्किंग बनाने के हालिया फैसले को स्वीकार किया है, लेकिन वहां दफन लोगों के बारे में विस्तार से नहीं बताया है। संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष दूत ने ईरान की ओर से कब्रिस्तानों को नष्ट करने को ऐसे डाटा को छिपाने या मिटाने का प्रयास बताया था, जो कानूनी जवाबदेही से बचने के लिए संभावित सबूत के रूप में काम कर सकते हैं।
इस्राइली बीएम बेंजामिन नेतन्याहू के गाजा में फलस्तीनियों के विस्थापन संबंधी बयान पर इस्लामी देशों में गुस्सा देखा जा रहा है। मिस्र और कतर ने नेतन्याहू के उस बयान की तीखी निंदा की है जिसमें कहा गया था कि गाजा पुनर्निर्माण की कई योजनाएं हैं और आबादी का आधा हिस्सा गाजा छोड़ना चाहता है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि मैं राफा क्रॉसिंग खोल सकता हूं, लेकिन मिस्र इसे तुरंत बंद कर देगा। मिस्र और कतर ने कहा, इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ेगा।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एयरोस्पेस उद्योग से अंतरिक्ष प्रक्षेपण वाहनों के लिए बूस्टर रॉकेट इंजन विकसित करने का आग्रह किया है। उन्होंने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में अग्रणी के रूप में रूस की दीर्घकालिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का भी अनुरोध किया। पुतिन ने कहा, बूस्टर रॉकेट के इंजनों के संदर्भ में उत्पादन क्षमता का लगातार नवीनीकरण करना महत्वपूर्ण है। पुतिन ने पिछला सप्ताह चीन और रूस के सुदूर पूर्वी बंदरगाह व्लादिवोस्तोक में बिताया।
ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के पास एक समुद्र तट पर एक शार्क ने 50 साल के एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर मार डाला। इसके बाद इलाके के समुद्र तटों को बंद कर दिया गया। ड्रोन से शार्क की तलाश जारी है। लॉन्ग रीफ बीच पर आपातकालीन दल भेजे गए। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। 1963 के बाद से यह शार्क का पहला घातक शार्क हमला था।
अमेरिका में 300 दक्षिण कोरियाई नागरिक हिरासत में
हवाई द्वीप की तरफ बढ़ा तूफान किको
दक्षिण कोरिया में हो सकती है ट्रंप-जिनपिंग की भेंट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व उनके शीर्ष सलाहकार गुपचुप तरीके से इस वर्ष अक्तूबर में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया की यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। इसमें राष्ट्रपति ट्रंप की उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक हो सकती है। सीएनएन ने शनिवार को ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी। अक्तूबर अंत और नवंबर की शुरुआत में ग्योंगजू में होने वाले इस शिखर सम्मेलन को ट्रंप के लिए चीनी नेता शी जिनपिंग से मिलने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों के हवाले से सीएनएन ने कहा कि सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक के बारे में गंभीर चर्चा हुई है, लेकिन अभी कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई है।