फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Canada Singapore Politics Crime and Global events

World Updates: पाकिस्तान SC में सांवधानिक संशोधन के खिलाफ याचिका; 10 घंटे तक बंद रहेगा काठमांडू एयरपोर्ट

Tue, 05 Nov 2024 10:18 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 05 Nov 2024 10:18 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Canada Singapore Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

मिजोरम के मुख्यमंत्री पीयू लालदुहोमा के अमेरिका में दिए गए हालिया भाषण से बवाल मचा है। उन्होंने चिन-कुकी-जो जनजातीय समूह के लोगों को मिलाकर एक अलग ईसाई राष्ट्र बनाने का आह्वान किया। इस जनजातीय समूह में कुकी, चिन और मिजो लोग शामिल हैं जो पूर्वोत्तर भारत के साथ ही पश्चिमी म्यांमार और दक्षिणपूर्व बांग्लादेश में रहते हैं। अलग-अलग देशों में रहने के बावजूद ये सांस्कृतिक रूप से बहुत मिलते जुलते हैं।

विज्ञापन

लालदुहोमा ने 4 सितंबर को अमेरिका के इंडियानापोलिस में यह भाषण दिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि हम एक लोग हैं, हम भाई बहन हैं और बंटने का जोखिम नहीं उठा सकते। ईश्वर ने हमें एक बनाया और हम राष्ट्रीयता को हासिल करने के लिए एक नेतृत्व के तहत उठेंगे। उन्होंने सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी आह्वान किया। उनके इस भाषण के बाद सवाल उठता है कि क्या अमेरिकी की खुफिया एजेंसियां भारत, बांग्लादेश और म्यांमार के कुछ हिस्सों को अलग करते हुए अलग ईसाई देश बनाने के लिए काम कर रही हैं। अमेरिका की जमीन पर उनको इस बात को रखने के लिए मंच मिलना इस बात की ओर इशारा करता है।

विज्ञापन

पाकिस्तान में पांच साल होगा तीनों सेनाओं के प्रमुखों का कार्यकाल
 पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने सोमवार को काफी तत्परता दिखाते हुए तीनों सेनाओं के प्रमुखों के कार्यकाल को तीन से बढ़ाकर पांच साल करने के लिए संबंधित कानूनों में संशोधन कर दिया। वहीं, जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के विरोध के बीच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की संख्या दोगुनी करने के लिए भी संबंधित कानून में बदलाव किया गया।

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सदन में पाकिस्तान (सेना/वायु सेना/नौसेना) अधिनियम संशोधन, 2024 पेश किया, ताकि सैन्य प्रमुखों का कार्यकाल बढ़ाया जा सके। इसके बाद पाकिस्तानी सेना में एक जनरल की सेवानिवृत्ति के नियम सेना प्रमुख पर लागू नहीं होंगे। इसी तरह वायु सेना और नौसेना प्रमुख का भी कार्यकाल अब पांच साल होगा। वहीं, कानून मंत्री आजम नजीर तरार ने सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या 17 से बढ़ाकर 34 करने के लिए एक और अहम विधेयक पेश किया। तरार ने कहा कि इस संशोधन का उद्देश्य लंबित मामलों के निपटाने में तेजी लाना है।

विज्ञापन

स्पेन में बाढ़ पीड़ितों ने राजा-रानी पर कीचड़ फेंका, पीएम की गाड़ी पर हमला
स्पेन में विनाशकारी बाढ़ ने तबाही मचा दी है। इसमें अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों लोग लापता हैं। इस आपदा से लोगों में भारी गुस्सा है। स्पेन के राजा फेलिम षष्टम और रानी लेटिजिया जब बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाके पायोपोर्टा का दौरा किया तो लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने उनके ऊपर कींचड़ फेंका। राजा-रानी के साथ प्रधानमंत्री पेट्रो सांचेज भी थे और कींचड़ से उनकी गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया। पायपोर्ता में 70 से अधिक लोगों की मौत हुई है

इस घटना के वायर वीडियो में रानी के चेहरे और कपड़े पर कींचड़ नजर आ रहा है। वहीं राजा को उनके सुरक्षाकर्मी छतरी से ढके नजर आ रहे हैं। । गुस्साई भीड़ ने राजा-रानी और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे भी लगाए। बाद में राजा ने कहा कि स्पेन को इस तबाही से प्रभावित लोगों के गुस्से और हताशा को समझना चाहिए और उन्हें भरोसा दिलाना चाहिए कि सरकार उनके साथ है। पीएम सांचेज ने हिंसा की निंदा की, लेकिन जनता के दुख को समझने की बात भी कही। स्पेनिश मीडिया ने इसे कुछ समूहों का उकसावा बताया। इस पर उपप्रधानमंत्री मारिया जीसस मोंटेरो ने कहा कि सरकार लोगों के दुःख का फायदा उठाने की अनुमति नहीं देगी।

विज्ञापन

अंतरिक्ष स्टेशन से 6 माह बाद लौटे चीनी यात्री
निचली कक्षा में अंतरिक्ष स्टेशन विकास में छह माह बिताने वाले 3 चीनी अंतरिक्ष यात्री सोमवार को पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आए। मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियानों से जुड़ी चीनी एजेंसी ने कहा, अंतरिक्ष यात्री ये गुआंगफू, ली कांग और ली गुआंगसु को लेकर अंतरिक्ष यान ‘शेनझोउ-18’ का कैप्सूल रात को उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र में डोंगफेंग स्थल पर उतरा।

192 दिन तक कक्षा में रहने के बाद तीनों अंतरिक्ष यात्रियों का स्वास्थ्य ठीक है और ‘शेनझोउ-18’ मानवयुक्त मिशन सफल रहा। शेनझोउ-18 के मिशन कमांडर गुआंगफू एक वर्ष से अधिक के संचयी अंतरिक्ष उड़ान समय वाले पहले चीनी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं।
 

ज्वालामुखी धमाके में कई घर खाक, 10 मरे
इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप में ज्वालामुखी विस्फोटों के कारण 10 लोगों की मौत हो गई। माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी के अधिकारी फिरमान योसेफ ने कहा, सोमवार को आधी रात के बाद हुए धमाके के कारण 2,000 मीटर ऊंचाई तक राख हवा में फैल गई और गर्म राख ने पास के एक गांव को अपनी चपेट में ले लिया। इससे कैथोलिक नन के एक कॉन्वेंट सहित कई मकान जल गए। जान-माल के नुकसान की जानकारी अभी जुटाई जा रही है, क्योंकि स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में ढहे मकानों के नीचे और लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है।

गूगल मैप्स से अब और आसान होगी ड्राइविंग
गूगल मैप्स एक बड़ा अपडेट ला रहा है। इससे खासकर शहरों में ड्राइविंग को आसान बनाया जा सकेगा। अगले महीने से लेन गाइडेंस का यह अपडेट यह दिखाएगा कि मोड़ के लिए आपको किस लेन में रहना चाहिए। इसके साथ ही अहम विवरण जैसे कि जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक साइन, और लेन के नियम दिखाएगा।

यह फीचर शुरू में नवंबर से अमेरिका के 30 बड़े शहरों में एंड्रॉइड और आईओएस पर उपलब्ध होगा। यह नया फीचर ड्राइवरों को अनजान जगहों पर ड्राइविंग के दौरान तनाव कम करने में मदद करेगा। इसके साथ ही पहले से मौजूद टूल्स जैसे लेन गाइडेंस और 3 डी रूट मैप्स को और बेहतर बनाएगा। 

अमेरिकी एयरलाइंस में मूक बधिर व्यक्ति पर हमला, बुरी तरह घायल

अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में एक व्यक्ति द्वारा दिव्यांग व्यक्ति पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में दिव्यांग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना सोमवार को सैन फ्रांसिस्को से वॉशिंगटन जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में घटी, जब आरोपी 44 साल का एवरेट चाल नेल्सन वॉशरूम गया और जब वह वॉशरूम से बाहर आया तो उसने अपनी सीट पर सो रहे एक व्यक्ति को मुक्के मारना शुरू कर दिया। पीड़ित मूक बधिर था, लेकिन उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई। हमले में पीड़ित बुरी तरह घायल हुआ। हमले की वजह पता नहीं चली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर जो धाराएं लगाई गई हैं, उनमें उसे एक साल तक की जेल की सजा हो सकती है।

कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर तैराकी करने से महिला की आंखों की रोशनी गई

अमेरिका में एक महिला ने एक दुर्लभ परजीवी संक्रमण के कारण अपनी एक आंख की रोशनी खो दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला को परजीवी संक्रमण कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर तैराकी करने के कारण हुआ। महिला की पहचान 23 वर्षीय ब्रुकलिन मैककैसलैंड  के रूप में हुई है, जो अगस्त में अपने दोस्तों के साथ अलबामा की यात्रा पर गई। उसी दौरान तैराकी के दौरान वह एकेंथैमोबा केराटाइटिस नामक परजीवी से संक्रमित हुई। यह अमीबा कॉर्निया को नुकसान पहुंचाता है। संक्रमण के चलते मैककैसलैंड की एक आंख खराब हो गई और उसकी रोशनी चली गई है। 

पालतू बकरी जब्त करने का आरोप, 11 साल की बच्ची को मिलेंगे तीन लाख डॉलर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक 11 साल की लड़की को शास्ता काउंटी शेरिफ कार्यालय की तरफ से तीन लाख डॉलर का भुगतान किया जाएगा। दरअसल शेरिफ कार्यालय द्वारा बच्ची की पालतू बकरी को जब्त कर ली गई थी। बकरी को बाद में मार दिया गया था। इस पर लड़की की मां ने शेरिफ कार्यालय पर बकरी को जब्त करने और उसे मारने के खिलाफ मुकदमा दायर किया। यह मुकदमा परिवार जीत गया है और अब उसे बच्ची को तीन लाख डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया गया है। 

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट में सांवधानिक संशोधन के खिलाफ याचिका दायर

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के दो वरिष्ठ न्यायाधीशों ने 26वें सांवधानिक संशोधन के खिलाफ याचिका दायर की है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश याह्या खान अफरीदी से याचिका पर सुनवाई तुरंत करने का आग्रह किया है। संशोधन के तहत विधायकों को शीर्ष न्यायाधीश की नियुक्ति की शक्ति प्रदान की गई है। न्यायमूर्ति मंसूर अली शाह और न्यायमूर्ति मुनीब अख्तर शीर्ष अदालत के सत्रह मौजूदा न्यायाधीशों में से वरिष्ठता सूची में शीर्ष पर हैं। न्यायमूर्ति शाह का मुख्य न्यायाधीश बनना तय था, लेकिन संशोधन ने नियमों को बदल दिया। इससे अब तीसरे स्थान पर मौजूद न्यायमूर्ति अफरीदी मुख्य न्यायाधीश बन गए।

आठ नवंबर से रोज 10 घंटे के लिए बंद होगा काठमांडू एयरपोर्ट

काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को आठ नवंबर से रोज 10 घंटे के लिए बंद किया जाएगा। अगले पांच महीने तक यहां चलने वाले रखरखाव कार्य के चलते यह फैसला लिया गया है। इस दौरान टैक्सीवे का निर्माण किया जाएगा। टीआईए के संचालन प्रबंधक और कार्यवाहक प्रवक्ता बच्चू राम श्रेष्ठ ने बताया कि त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों सेवाएं आठ नवंबर से 31 मार्च तक रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक बंद रहेंगी। इससे हेलीकॉप्टरों के संचालन कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

तुर्किये की तेल रिफाइनरी में विस्फोट

उत्तर-पश्चिमी तुर्किये में मंगलवार को एक तेल रिफाइनरी में विस्फोट हो गया। स्थिति नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। मेयर ताहिर ब्यूकाकिन ने बताया कि यह विस्फोट कोकेली प्रांत के इजमित में पेट्रोलियम रिफाइनरी कंपनी टूर्पाज में एक अभ्यास के दौरान हुआ। यह तुर्किये की सबसे बड़ी सबसे तेल रिफाइनरियों में एक है। इजमित इस्तांबुल से लगभग 100 किमी दूर है। इस दौरान कंपनी के आपातकालीन कर्मचारियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया और मदद के लिए कोई अनुरोध नहीं किया गया। विस्फोट के कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका है।

रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने मंगलवार को ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस के अलेक्जेंडर हॉल में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपना परिचय पत्र प्रस्तुत किया। विनय कुमार 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। उन्हें इस साल मार्च में रूस में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया था । वे पहले म्यांमार में भारत के राजदूत थे। रूस में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, राजदूत विनय कुमार ने आज ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस के अलेक्जेंडर हॉल में रूसी संघ के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपना परिचय पत्र प्रस्तुत किया।

रूस ने पिछले महीने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया था। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के विकास और दोनों देशों के लोगों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों के लिए प्रधानमंत्री मोदी को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया था। रूस भारत के लिए एक दीर्घकालिक और समय-परीक्षित साझेदार रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed