फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK King Trump Invitation UN West Asia Politics Crime and Global events

World: कनाडा के हवाई अड्डे से विमान चोरी, आतंकवाद का आरोप; भारतीय-सिंगापुर नौसेनाएं करेंगी सिम्बेक्स अभ्यास

Fri, 18 Jul 2025 10:56 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 18 Jul 2025 10:56 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK King Trump Invitation UN West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पाकिस्तान दौरे को लेकर चल रही खबरों को व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को सिरे से खारिज कर दिया। व्हाइट हाउस ने साफ कहा, "फिलहाल राष्ट्रपति की पाकिस्तान यात्रा की कोई योजना नहीं है। यह बयान एएनआई को दिया गया। पाकिस्तानी मीडिया में दिनभर यह खबर चलती रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सितंबर में पाकिस्तान का दौरा करेंगे और इसके बाद भारत भी आएंगे। हालांकि, बाद में कई पाकिस्तानी न्यूज चैनलों ने अपनी रिपोर्ट्स वापस ले लीं, जैसा कि 'डॉन' अखबार ने बताया। व्हाइट हाउस ने कहा कि ऐसी किसी यात्रा की घोषणा या पुष्टि नहीं की गई है।
विज्ञापन


भारत-इंडोनेशिया सांख्यिकी प्रणाली सहयोग पर सहमत
भारत-इंडोनेशिया सांख्यिकी प्रणाली से जुड़े सहयोग पर सहमत हो गए हैं। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने बताया कि इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल में शामिल देश के उप सांख्यिकी मंत्री डॉ. सन्नी हैरी बी. हरमादी और भारत और भूटान में इंडोनेशिया की राजदूत इना एच. कृष्णमूर्ति समेत इंडोनेशिया सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत दौरे पर अहम बैठक की। इंडोनेशिया की सरकार ने उन क्षेत्रों में सहयोग में अपनी रुचि व्यक्त की, जिनमें व्यापार सांख्यिकी का सामंजस्य, कृषि आंकड़ों का डिजिटलीकरण और सांख्यिकी विकास के लिए आईटी और सैंपलिंग की उन्नत  विधियों का संवर्धन किया जाता है। भारत ने इस बैठक के दौरान द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने, प्रौद्योगिकी संबंधी नवाचारों का लाभ उठाने तथा सांख्यिकीय प्रणालियों और प्रथाओं को उत्कृष्ट बनाने के महत्व पर जोर दिया।
विज्ञापन


सितंबर में ब्रिटेन के शाही मेहमान बनेंगे ट्रंप, मेलानिया भी जाएंगी; किंग चार्ल्स-III का निमंत्रण स्वीकारा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 17 सितंबर से 19 सितंबर 2025 तक ब्रिटेन की यात्रा पर जाएंगे। उनके साथ देश की प्रथम महिला और ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप भी होंगी। यूनाइटेड किंगडम की राजकीय यात्रा के लिए ब्रिटिश राजा किंग चार्ल्स- तृतीय ने ट्रंप को आमंत्रित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। किंग चार्ल्स ऐतिहासिक महत्व वाली जगह विंडसर कैसल में राष्ट्रपति की मेजबानी करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
 

इंग्लैंड में स्कूली बच्चों से भरी बस पलटी, एक बच्चे की मौत; कई घायल
इंग्लैंड के दक्षिण-पश्चिम में गुरुवार को मिडिल स्कूल के बच्चों से भरी एक बस पलट गई और एक खाई में उल्टी होकर काफी दूर तक फिसलती चली गई। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दक्षिण-पश्चिम एम्बुलेंस सेवा के डिप्टी डायरेक्टर वेन डार्च के मुताबिक, दुर्घटना के बाद मौके पर तीन हेलीकॉप्टर और 20 एम्बुलेंस भेजी गईं। 21 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया और बाकी का इलाज वहीं मौके पर किया गया।

ब्रिटेन के पीएम ने जताया दुख
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “एक बच्चे की मौत को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवार और घायलों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में तुरंत मदद पहुंचाने वाले सभी आपातकालीन कर्मचारियों का धन्यवाद।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव स्पेन के बार्सिलोना पहुंचे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने विदेश दौरे के तहत स्पेन के बार्सिलोना पहुंचे। वहां उन्होंने टेक्नोलॉजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी सबमर टेक्नोलॉजीज के प्लांट का निरीक्षण किया। यह कंपनी एडवांस्ड कूलिंग सिस्टम बनाती है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग (एमएल), एवीजीसी (एवीजीसी), सरकारी डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए खास तौर पर उपयोगी हैं। इनके बनाए कूलिंग सिस्टम मॉड्यूलर, स्केलेबल और एनर्जी एफिशिएंट होते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से एवीजीसी-एक्सआर, आईटी स्टार्टअप्स, लीडिंग टेक्नोलॉजीज और ग्रीन डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सबमर जैसी टेक कंपनियों के साथ साझेदारी से राज्य को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नेतृत्व करने का मौका मिलेगा और नए जमाने के निवेश को आकर्षित किया जा सकेगा।

जेफरी एपस्टीन मामले में विशेष जांच की सिफारिश नहीं करेंगे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जेफरी एपस्टीन मामले में कोई विशेष जांच (स्पेशल काउंसल) नहीं करवाएंगे। यह जानकारी व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने दी है। ट्रंप के इस फैसले से उनके कई समर्थक नाराज़ हैं, क्योंकि वे इस मामले में और दस्तावेज़ों के जारी होने की उम्मीद कर रहे थे। पिछले हफ्ते अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन जांच से जुड़े अतिरिक्त रिकॉर्ड जारी करने से इनकार कर दिया था, जिससे लोगों में गुस्सा और बढ़ गया।

अब अमेरिका में हर सोलर और विंड प्रोजेक्ट को मिलनी होगी आंतरिक मंत्री डग बर्गम की मंजूरी
अमेरिका में अब फेडरल जमीन और समुद्री क्षेत्रों पर बनने वाले सभी सौर (सोलर) और पवन (विंड) ऊर्जा प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने से पहले देश के आंतरिक मंत्री डग बर्गम की व्यक्तिगत मंजूरी लेनी होगी। गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, मंत्री बर्गम अब इन प्रोजेक्ट्स की लीज़, निर्माण योजना, संचालन, वित्तीय सहायता और पर्यावरण से जुड़ी रिपोर्टों की गहराई से जांच कर सकेंगे। आंतरिक विभाग ने बयान में कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि "सब्सिडी पर निर्भर और भरोसे के लायक नहीं मानी जाने वाली सौर और पवन ऊर्जा को मिलने वाली विशेष छूट खत्म की जा सके। विभाग का कहना है कि इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन प्रोजेक्ट्स की सभी जांचें गहराई और सोच-समझ के साथ की जाएं।

 

आइडाहो के जज ने ब्रायन कोहबर्गर हत्या मामले में गाग ऑर्डर हटाया
चार छात्रों की निर्मम हत्या के आरोपी ब्रायन कोहबर्गर के मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। गुरुवार को जज स्टीवन हिपलर ने इस केस पर लगा गाग ऑर्डर (सूचना साझा करने पर रोक) हटा दिया है। कोहबर्गर ने कुछ हफ्ते पहले ही चार यूनिवर्सिटी ऑफ आइडाहो के छात्रों की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में गुनाह कबूल कर लिया था। यह वारदात 2022 में विश्वविद्यालय के पास एक किराए के घर में हुई थी। कोहबर्गर के गुनाह कबूल करने के बाद अब मुकदमा नहीं चलेगा। 

गुरुवार सुबह की सुनवाई में जज हिपलर ने कहा कि अब जब मुकदमा नहीं हो रहा है, तो निष्पक्ष जूरी बैठाने की जरूरत भी नहीं रही। ऐसे में गाग ऑर्डर जारी रखने का कोई कारण नहीं बचता। जज ने कहा कि अब जनता और प्रेस को इस केस से जुड़ी जानकारी पाने का संवैधानिक अधिकार है और ये अधिकार सबसे ऊपर हैं। कोहबर्गर ने गुनाह कबूल कर मौत की सज़ा से बचने की कोशिश की थी। अब इस केस से जुड़ी जानकारियाँ मीडिया और आम जनता के लिए खुली होंगी।

इस्राइल ने गाजा में यूएन एजेंसियों के प्रमुखों के वीजा नवीकरण से इनकार किया
इस्राइल ने गाजा में काम करने वाली कम से कम तीन संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के स्थानीय प्रमुखों के वीज़ा नवीकरण से इनकार कर दिया है। यूएन के मानवतावादी प्रमुख का कहना है कि यह कदम उन एजेंसियों के काम को रोकने की कोशिश है, जो फिलिस्तीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए काम कर रही हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टेफेन डुजारिक ने बताया कि मानवाधिकार एजेंसी मानवतावादी समन्वय कार्यालय और गाजा के फिलिस्तीनी लोगों का समर्थन करने वाली एजेंसी के स्थानीय प्रमुखों के वीज़ा पिछले कुछ महीनों में नवीकृत नहीं किए गए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जुलाई में स्कॉटलैंड और सितंबर में यूके का दौरा करेंगे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 25 से 29 जुलाई के बीच स्कॉटलैंड का दौरा करेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ट्रंप इस दौरान ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। लिविट ने बताया कि ट्रंप स्कॉटलैंड के टरनबेरी और एबरडीन भी जाएंगे। वहां वे स्टार्मर से मिलकर यूएस-यूके के बीच नए व्यापार समझौते को और मजबूत करने की बात करेंगे।

यह व्यापार समझौता 30 जून को लागू हुआ था, जिसके तहत ब्रिटेन के ऑटोमोबाइल और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए अमेरिकी निर्यात शुल्क में कटौती की गई है। इससे ब्रिटिश कार निर्माता अब कम टैक्स दर (10%) पर अमेरिका में अपने वाहन बेच सकेंगे, जिससे सालाना करोड़ों डॉलर की बचत होगी और लाखों नौकरियां बनी रहेंगी।

बलूचिस्तान : यात्री बस पर आतंकी हमला, तीन मौतें
बलूचिस्तान के कलात जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर अंधाधुंध गोलीबारी करके तीन यात्रियों की मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान सात अन्य घायल हुए बताए गए। यह घटना नेमर्ग इलाके में हुई जब कराची से क्वेटा जा रही एक बस पर घात लगाकर हमला किया गया। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने इसे आतंकी घटना बताते हुए कहा, घायलों को कलात के जिला मुख्यालय अस्पताल में भेजा जा रहा है, जहां इस घटना को लेकर आपातकाल घोषित कर दिया गया है। ईधी फाउंडेशन के बचाव अधिकारियों ने बाद में कहा कि घायलों की संख्या 10 तक पहुंच गई है, और उनमें से कई को इलाज के लिए सिविल अस्पताल क्वेटा में स्थानांतरित कर दिया गया है।

बोलीविया में खसरा-रूबेला प्रकोप भारत से भेजे गए तीन लाख टीके
दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया को खसरा और रूबेला का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस बीच भारत ने बृहस्पतिवार को इस प्रकोप से निपटने के लिए तीन लाख टीकों की एक खेप बोलीविया भेजी है।

पाकिस्तान में बारिश तूफान से एक दिन में 63 लोग मारे गए
पाकिस्तान में भारी बारिश-तूफान के चलते एक दिन में 69 मौतों के साथ पिछले एक पखवाड़े में मृतक आंकड़ा 159 हो गया है। गत 24 घंटों में इस बारिश में 300 लोग घायल हो गए हैं। जलस्तर बढ़ने से इस्लामाबाद-रावलपिंडी में नाला लाई के पास के निचले इलाकों से आपात निकासी की चेतावनी दी गई है। इनमें कुछ की छत गिरने और कुछ की बिजली के झटके से भी मौत हुई है। 

कनाडा : मानसा के युवक की नदी में डूबने से मौत
करीब 11 माह पहले स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गए मानसा के युवक जतिन गर्ग की वाॅलीबाॅल खेलते समय नदी में डूबने से मौत हो गई। जतिन बॉल उठाते समय हादसे का शिकार हुआ। कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः स्थानीय पुलिस ने एक हफ्ते बाद 4 किलोमीटर दूर नदी में उसका शव बरामद किया। शव को भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जतिन कनाडा जाने से पहले गुड़गांव में इंजीनियर की नौकरी करता था लेकिन बाद में वह पढ़ाई करने के लिए कनाडा चला गया। 

कनाडाई व्यक्ति ने हवाई अड्डे से विमान चुराया

कनाडा के वैंकूवर हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था बिगाड़ने और एक विमान चुराने के आरोप में पुलिस ने आतंकवाद के मकसद से अपहरण करने का मामला दर्ज किया है। कनाडाई पुलिस ने बताया कि 39 वर्षीय शहीर कासिम को गिरफ्तार कर लिया गया है। कासिम पर वैंकूवर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक सेसेना विमान को चुराने का आरोप है। आरोपी ने विमान के चालक को डरा-धमकाकर विमान पर नियंत्रण कर लिया और लेकर उड़ान भरी और 64 किलोमीटर सफर किया। आरोपी ने घटना से पहले सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में दावा किया कि अल्लाह ने उसे जलवायु परिवर्तन से मानवता को बचाने के लिए भेजा है। उसने कहा कि कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन की वजह से इंसान खत्म हो जाएंगे। आरोपी जलवायु को लेकर जागरुक रहा है और वह इस मुद्दे पर जागरुकता फैलाने के लिए साइकिल से यात्रा भी कर चुका है।  

भारतीय नौसेना सिंगापुर में सिम्बेक्स अभ्यास में भाग लेगी

भारतीय नौसेना, सिंगापुर नौसेना के साथ सिम्बेक्स सैन्यअभ्यास के 32वें संस्करण में भाग लेगी। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने बताया है कि यह भारत के सबसे लंबे समय तक बिना किसी रुकावट के चलने वाले समुद्री अभ्यासों में से एक है। सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (सिम्बेक्स) भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य की नौसेना (आरएसएन) द्वारा हर साल आयोजित किया जाता है। यह इस महीने के अंत में सिंगापुर में आयोजित किया जाएगा।

इसे पहले यह अभ्यास लायन किंग के नाम से जाना जाता था। अंबुले ने गुरुवार को 16-19 जुलाई तक सिंगापुर की यात्रा पर आए पूर्वी बेड़े के आईएनएस शक्ति पर 200 से अधिक अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा, 'क्षेत्र की नौसेनाओं, विशेष रूप से सिंगापुर की नौसेनाओं के साथ भारतीय नौसेना का सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जो तीन दशक से भी अधिक समय पहले स्थापित अच्छे मजबूत संबंधों का परिणाम है और यह लगातार विकसित हो रहा है।'
 

अमेरिका: लॉस एजेंलिस में धमाके में तीन की मौत
अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कहा कि लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ विभाग की एक सुविधा में हुई घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। इस सुविधा में शुक्रवार सुबह एक धमाके की खबर सामने आई है। लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम के कार्यालय ने कहा कि उन्हें इस मामले की सूचना दे दी गई है।

लॉस एंजेलिस काउंटी फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि उसे सुबह लगभग 7:30 बजे एक संभावित विस्फोट की कॉल मिली थी। न्यूसम के कार्यालय ने कहा कि यह घटना ईस्ट लॉस एंजेलिस में स्थित एलए काउंटी शेरिफ के स्पेशल ऑपरेशंस ब्यूरो में हुई है। केएबीसी-टीवी की हवाई फुटेज से पता चलता है कि धमाका एक ऐसी पार्किंग में हुआ, जहां शेरिफ के वाहन और बॉक्स ट्रक खड़े थे। 

नए क्रिप्टोकरंसी विधेयक पर हस्ताक्षर करेंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को क्रिप्टोकरंसी से जुड़े नए नियमों वाले एक विधेयक पर हस्ताक्षर करेंगे। इस विधेयक को उभरते हुए क्रिप्टो उद्योग को वैधता देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस विधेयक का नाम जीनियस एक्ट है, जो 'स्टेबलकॉइन' नाम की क्रिप्टोकरंसी के लिए शुरुआती नियम और उपभोक्ता सुरक्षा सुनिश्चित करता है। स्टेबलकॉइन एक ऐसी क्रिप्टोकरंसी होती है जो अमेरिकी डॉलर जैसे स्थिर संपत्ति से जुड़ी होती है ताकि उसकी कीमत में उतार-चढ़ाव कम हो।

यह विधेयक अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटिव्स और सीनेट में भारी समर्थन के साथ पारित हुआ है। इसका मकसद तेजी से बढ़ते क्रिप्टो क्षेत्र में लोगों का भरोसा मजबूत करना है। इस विधेयक के पारित होने के साथ, ट्रंप ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अमेरिका को 'दुनिया की क्रिप्टो राजधानी' बनाना चाहते हैं। शुक्रवार सुबह ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, हमारे महान रिपब्लिकन को बहुत-बहुत बधाई, जिन्होंने इतने कम समय में रिकॉर्ड उपलब्धियां हासिल कीं। 

ब्रिटेन ने रूसी जासूसों और हैकर्स पर प्रतिबंध लगाए
ब्रिटेन ने शुक्रवार को रूस के कुछ जासूसों और हैकर्स पर प्रतिबंध लगाए हैं। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने कई वर्षों से यूरोप और ब्रिटेन में खतरनाक साइबर हमले किए हैं। ब्रिटेन ने रूस की एक खुफिया एजेंसी (जिसे जीआरयू कहते हैं) की तीन यूनिट और 18 खुफिया अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं।

ब्रिटेन का कहना है कि ये रूसी जासूस और हैकर यूरोप में अराजकता और डर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन को कमजोर करना चाहते हैं और ब्रिटेन की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा, हम जानते हैं कि रूस क्या कर रहा है। हम उसे चुपचाप देखने नहीं देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed