फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Syria pakistan Bangladesh Politics Crime and Global events

World: पाकिस्तान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट में आठ की मौत; इंडोनेशिया ने एआई चैटबॉट ग्रोक पर लगाया प्रतिबंध

Sun, 11 Jan 2026 02:17 PM IST
नितिन गौतम अमर उजाला, नई दिल्ली
अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 11 Jan 2026 02:17 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Syria pakistan Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में कथित तौर पर एक 23 साल के हिंदू किसान की उसके जमींदार ने अपनी जमीन पर झोपड़ी बनाने के आरोप में गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे हिंदू समुदाय में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए।  SSP बदिन कमर रजा जस्कानी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात हैदराबाद से जमींदार सरफराज निजामानी और उसके साथी जफरुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया। 4 जनवरी को बदिन जिले के तलहार गांव में निजामानी की जमीन पर कथित तौर पर झोपड़ी बनाने के आरोप में कैलाश कोहली को गोली मारी गई थी।
विज्ञापन


आव्रजन एजेंसी के खिलाफ पूरे अमेरिका में प्रदर्शन
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) के अधिकारियों की तरफ से मिनियापोलिस में एक महिला तथा पोर्टलैंड में प्रदर्शन के दौरान दो अन्य लोगों को गोली मारे जाने के खिलाफ पूरे अमेरिका में प्रदर्शन हुए। मिनेसोटा के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांत रहने की अपील की।
विज्ञापन


मिनियापोलिस में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। यह प्रदर्शन देश भर में सप्ताहांत पर हुए सैकड़ों प्रदर्शनों में से एक था। प्रदर्शन उस शहर में हुआ जो बुधवार को एक आव्रजन अधिकारी द्वारा एक महिला रेनी गुड की हत्या के बाद से तनाव में है। शनिवार को प्रदर्शन में शामिल मिनियापोलिस की रहने वाली दो बच्चों की मां मेघन मूर ने कहा, हम लोग अभी भय में रह रहे हैं। ...आईसीई ऐसा माहौल बना रहा है जिसमें कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा, यह अस्वीकार्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सिटी पुलिस चीफ ब्रायन ओहारा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात मिनियापोलिस के एक होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ जिसमें करीब 1,000 लोग शामिल हुए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर बर्फ और पत्थर फेंके। इसमें एक अधिकारी मामूली रूप से घायल हो गया। 29 लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। ज्यादातर प्रदर्शनकारी शांत थे लेकिन जिन्होंने भी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया अथवा दूसरों को खतरे में डाला, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील दोहराते हुए कहा, वह चाहते हैं कि हम उनके जाल में फंस जाएं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमारे राज्य में हजारों सशस्त्र संघीय बल के अधिकारियों को भेज रखा है। उन्हें किसी को भी मार डालने में सिर्फ एक दिन लगेगा।

पाकिस्तान: गैस सिलेंडर ब्लास्ट में नवविवाहित जोड़े सहित 8 की मौत
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार तड़के हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में एक नवविवाहित जोड़े सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा सेक्टर G-7/2 में एक घर में हुआ, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। विस्फोट इतना तेज था कि घर ढह गया और आसपास के चार मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 19 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में आपातकाल घोषित किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में गैस रिसाव के कारण सिलेंडर फटने की बात सामने आई है।

पूरे समाज को तबाह करने की कोशिश कर रहे कुछ उपद्रवी: ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि देश के अधिकारी लोगों की बात सुनेंगे, लेकिन प्रदर्शनों के बीच कुछ उपद्रवी पूरे समाज को तबाह करने की कोशिश कर रहे हैं। सुधारवादी नेता होने के बावजूद  पेजेश्कियन अब तक जनता का आक्रोश शांत नहीं कर पाए हैं। देश की अर्थव्यवस्था बहुत कमजोर है, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया है और यह सरकार के लिए सीधी चुनौती बन गया है।

पेजेश्कियन ने कहा, लोगों की चिंताएं हैं। हमें उनके साथ बैठना चाहिए। यह हमारा कर्तव्य है। हमें उनकी चिंताओं का समाधान करना चाहिए। लेकिन इससे भी बड़ा कर्तव्य यह है कि हम दंगाइयों के एक समूह को आकर पूरे समाज को नष्ट करने की अनुमति न दें। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने रविवार को राष्ट्रपति का इंटरव्यू प्रसारित किया गया।  

रूस में ड्रोन हमले में महिला की मौत, तीन घायल
रूस के वोरोनिश शहर में शनिवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। राज्यपाल अलेक्जेंडर गुसेव के अनुसार, हमला उस समय हुआ जब ड्रोन का मलबा एक घर पर गिरा। घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही, इस हमले में 10 से अधिक अपार्टमेंट, निजी घर और एक हाई स्कूल क्षतिग्रस्त हुआ।

पाकिस्तान में 11 आतंकवादियों को बनाया निशाना
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग अभियानों में 11 आतंकवादियों को मार गिराया है। एक अभियान में टीटीपी से जुड़े आतंकी मारे गए। इसके अलावा, कुर्रम जिले में पुलिस-सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से एक अन्य अभियान में पांच आतंकवादी ढेर किए। वहीं, एक धार्मिक मदरसे के पास हुए भीषण धमाके में एक वरिष्ठ मौलवी की मौत हो गई। 

इंडोनेशिया ने मस्क के एआई चैटबॉट ग्रोक पर लगाया प्रतिबंध

इंडोनेशिया ने शनिवार को एलन मस्क के एआई चैटबॉट ग्रोक पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। इंडोनेशिया इस एआई टूल को ब्लॉक करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। सरकार ने यह कदम ग्रोक द्वारा तैयार की गई आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री के जोखिम के कारण उठाया है। संचार और डिजिटल मंत्री मेउत्या हाफिद ने कहा कि डीपफेक मानव अधिकारों और नागरिकों की सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। 

आरएसपी से एकता टूटने के बाद कुलमान बने नेपाल पार्टी के अध्यक्ष

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के साथ प्रस्तावित एकता टूटने के बाद उज्यालो नेपाल पार्टी (यूएनपी) ने कुलमान घिसिंग को अपना अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के प्रवक्ता डॉ. राजू थापा ने बताया कि इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की जाएगी। आरएसपी और कुलमान घिसिंग से जुड़ी उज्यालो नेपाल पार्टी के बीच एकता को लेकर हुई सहमति विफल हो गई। शनिवार तक दोनों पक्षों में हुईं वार्ताएं नतीजे पर नहीं पहुंच सकीं। सूत्रों के अनुसार कुलमान पक्ष की ओर से आरएसपी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद देने और पार्टी का नाम बदलने का प्रस्ताव रखे जाने के बाद एकता प्रक्रिया रुकी। महानगरपालिका के मेयर बालेन शाह की मौजूदगी में हुई हालिया बैठकों में भी सहमति नहीं बन सकी। कुलमान कई बार आरएसपी से चर्चा में शामिल रहे।

अहम खनिजों की जी-7 बैठक में भारत को दिया आमंत्रण, अमेरिकी वित्त मंत्री का बयान

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और कई अन्य देश सोमवार को वाशिंगटन में उनके द्वारा आयोजित जी-7 समूह के वित्त मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में भारत को भी शामिल होने के लिए बुलाया गया है। हालांकि उन्हें यह पक्का नहीं पता है कि भारत ने निमंत्रण स्वीकार किया है या नहीं। बैठक में महत्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा होगी। दिसंबर में वित्त मंत्रियों ने एक वर्चुअल बैठक की थी। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हुआ कि किन अन्य देशों को आमंत्रित किया गया है। जी-7 समूह में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, फ्रांस, जर्मनी, इटली और कनाडा के साथ-साथ यूरोपीय संघ (ईयू) भी शामिल है, जिनमें से अधिकांश दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति के लिए चीन पर बहुत अधिक निर्भर हैं। पिछले साल जून में समूह ने अपनी आपूर्ति शृंखलाओं को सुरक्षित करने और अपनी अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ावा देने के लिए एक कार्य योजना पर सहमति व्यक्त की थी। 

नेपाल में मनाया गया विश्व हिंदी दिवस
नेपाल में भारतीय दूतावास ने विश्व हिंदी दिवस के मौके पर काठमांडू स्थित अपने परिसर में कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश दूतावास के कार्यवाहक राजदूत राकेश पांडे ने पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में काठमांडू के विभिन्न स्कूलों, जिनमें केंद्रीय विद्यालय भी शामिल है, के छात्रों ने हिंदी कविताएं पढ़ीं और नृत्य प्रस्तुत किए। स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र के शिक्षक और छात्रों ने हिंदी भजनों और नृत्य से लोगों का मन मोह लिया।

अलेप्पो में संघर्ष के बाद कुर्द लड़ाकों को निकाला गया
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में कई दिनों से चल रही हिंसक झड़पों के बाद कुर्द लड़ाकों को एक विवादित इलाके से बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम संघर्ष को खत्म करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, बसों के जरिए शेख मकसूद इलाके से आखिरी कुर्द लड़ाकों को पूर्वोत्तर सीरिया भेजा गया, जो कुर्द नेतृत्व वाले बलों के नियंत्रण में है।

कुर्द बलों के कमांडर मजलूम अब्दी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता के जरिए युद्धविराम पर सहमति बनी और लड़ाकों, घायल लोगों व फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने विस्थापित लोगों की सुरक्षित वापसी की भी मांग की। मौके पर मौजूद पत्रकारों के अनुसार, करीब 360 लड़ाकों को बसों से ले जाया गया, जबकि इससे पहले नागरिकों को भी सुरक्षित निकाला गया था।

 

युद्धविराम के तीन महीने बाद भी गाजा में हिंसा, इस्राइली फायरिंग में तीन की मौत
गाजा पट्टी में इस्राइली फायरिंग की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम तीन फलस्तीनी मारे गए। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक अक्तूबर में हुए युद्धविराम के बाद भी हिंसा पूरी तरह थमी नहीं है और तनाव बना हुआ है।

चिकित्सा सूत्रों ने बताया कि गाजा सिटी के तुफ्फाह इलाके में, जो फलस्तीनी नियंत्रण में है, एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं दक्षिणी गाजा में खान यूनिस के पूर्व स्थित बनी सुहैला कस्बे में दो लोगों की जान गई, जहां अब भी इस्राइली मौजूदगी बताई गई है। इस्राइली सेना ने कहा कि उत्तरी गाजा पट्टी में उनके नियंत्रण वाले क्षेत्र में घुसने वाले एक आतंकी पर फायरिंग की गई, जो तत्काल खतरा पैदा कर रहा था। सेना के अनुसार, निशाना साधा गया। हालांकि, गाजा के दक्षिण में हुई घटना पर सेना की ओर से कोई टिप्पणी नहीं आई। अक्तूबर में हमास और इस्राइल के बीच युद्धविराम के बाद लड़ाई में कमी आई है, लेकिन घटनाएं पूरी तरह बंद नहीं हुईं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर समझौते के उल्लंघन के आरोप लगाते रहे हैं। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, युद्धविराम के बाद से अब तक 440 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें अधिकांश नागरिक हैं। इस अवधि में तीन इस्राइली सैनिकों की भी मौत हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed