फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

Updates: सीरिया के स्वेदा में फिर भड़की हिंसा; ईरान ने नई रक्षा परिषद की स्थापना की

Mon, 04 Aug 2025 03:34 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 04 Aug 2025 03:34 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

नेपाल की बागमती नदी में एक भारतीय युवक डूब गया। युवक का शव रविवार को दक्षिणी तराई क्षेत्र के एक सिंचाई नहर से बरामद किया गया।

विज्ञापन


द हिमालयन टाइम्स ने स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया कि बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले रोहित कुमार सिंह (30) ने शनिवार को चंद्रपुर नगर पालिका के नूनथार में शराब के नशे में नदी में स्नान के लिए प्रवेश किया था। इसके थोड़ी देर बाद लापता हो गया था। रौतहट के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार राय ने बताया कि सशस्त्र पुलिस बल की आपदा प्रतिक्रिया इकाई और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह करीब 10.25 बजे रोहित का शव रौतहट जिले के गुजरा नगरपालिका स्थित बागमती सिंचाई नहर से बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन


चिली में ढही हुई खदान में फंसे चार खनिकों के शव बरामद
चिली की सबसे बड़ी तांबे की खदानों में से एक के ढहे हुए हिस्से में तीन दिनों से फंसे पांच खनिकों में से चार के शव मिल गए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है। राजधानी सैंटियागो से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण में स्थित एल टेनिएंटे खदान के बचावकर्मी अभी भी पांचवें खनिक की तलाश कर रहे हैं, जिसकी पहचान मोइसेस पावेज के रूप में हुई है। जीपीएस उपकरणों की मदद से फंसे हुए खनिकों का पता लगाया गया, लेकिन बचावकर्मियों को उन तक पहुंचने के लिए दर्जनों मीटर गहरी चट्टान खोदनी पड़ी। गुरुवार को 4.2 तीव्रता के भूकंप के बाद खदान का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें एक श्रमिक की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

नेपाल में हेरोइन रखने के आरोप में दो भारतीय गिरफ्तार
नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मादक पदार्थ रखने के आरोप में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय मौलेश्वरन एन करुणई वेल को 4 किलोग्राम से थोड़ी अधिक सफेद हेरोइन के साथ पकड़ा गया। वह बैंकॉक से आया था और सुरक्षा जांच के दौरान उसके सूटकेस में ये दवाएं पाई गईं। पुलिस के अनुसार, एक अलग घटना में 66 वर्षीय अहमद फिरोज के पास से भी 4 किलोग्राम से अधिक सफेद हेरोइन बरामद हुई। वह शनिवार को बैंकॉक से थाई एयरलाइंस की उड़ान से आया था और आगमन लॉन पर सुरक्षा जांच के दौरान उसे पकड़ लिया गया। दोनों व्यक्तियों को आगे की जांच के लिए नारकोटिक ड्रग्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंप दिया गया।

मोंटाना में चार लोगों का संदिग्ध हत्यारा पूर्व अमेरिकी सैनिक अभी भी फरार
मोंटाना के एक बार में चार लोगों की हत्या का संदिग्ध पूर्व अमेरिकी सैनिक अभी भी फरार है। अधिकारियों ने बताया कि वह कपड़ों और कैंपिंग के सामान से भरी एक चोरी की गाड़ी में भाग गया था, उसके पास हथियार होने की आशंका है। अधिकारियों का मानना है कि 45 वर्षीय माइकल पॉल ब्राउन ने शुक्रवार सुबह मोंटाना के एनाकोंडा स्थित द आउल बार में चार लोगों की हत्या कर दी। यह बार मिसौला से लगभग 120 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में पहाड़ों से घिरी एक घाटी में स्थित है। मोंटाना के अटॉर्नी जनरल ऑस्टिन नुडसेन ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ब्राउन ने एक राइफल से गोलीबारी की, जिसके बारे में कानून प्रवर्तन अधिकारियों का मानना है कि वह उसका निजी हथियार था। पीड़ितों की उम्र 59 से 74 वर्ष के बीच थी और उनमें एक महिला बारटेंडर और तीन पुरुष ग्राहक शामिल थे।

अमेरिकी खुफिया निदेशक से मिले भारतीय दूत क्वात्रा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनालड ट्रंप के टैरिफ घमासान के बीच भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक (डीएनआई) तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। दोनों के बीच आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई। क्वात्रा ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, डीएनआई तुलसी गबार्ड और उनके पति अब्राहम विलियम्स से मिलकर प्रसन्नता हुई। हमने आपसी हितों के विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। शनिवार को भारत ने अमेरिका में आठ और वाणिज्य दूतावास आवेदन केंद्र (आईसीएसी) खोले थे। इनको मिलाकर अमेरिका में केंद्रों की कुल संख्या 16 हो गई है। इस अवसर पर क्वात्रा ने कहा था कि भारत-अमेरिका साझेदारी के मूल में लोगों के बीच आपसी संबंध हैं।

न्यूजीलैंड में सूटकेस में बंद मिली दो साल की बच्ची, महिला गिरफ्तार

रविवार को न्यूजीलैंड की एक महिला को बाल उपेक्षा के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बस चालक को बस के सामान डिब्बे में रखे एक सूटकेस में दो साल की बच्ची जिंदा मिली। पुलिस ने एक बयान में बताया कि ऑकलैंड के उत्तर में कैवाका बस्ती में एक निर्धारित स्टॉप के दौरान, जब बस चालक ने बस में रखे एक बैग के अंदर हलचल देखी। इसके बाद सूटकेस को खोला गया, तो उन्हें दो साल की बच्ची मिली। बच्ची शारीरिक रूप से ठीक थी। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि बच्ची कितनी देर तक सूटकेस में बंद थी। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे स्थानीय समयानुसार रविवार रात तक रखा गया।
 

सीरिया के स्वेदा में फिर भड़की हिंसा

सीरिया के स्वेदा इलाके में कुछ दिनों की शांति के बाद फिर से हिंसा भड़क गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, द्रुज सशस्त्र समूहों ने सीरिया के आंतरिक सुरक्षा बलों पर हमला किया। इस हिंसा में एक जवान की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। दक्षिणी क्षेत्र के इस इलाके में कई गांवों में गोलीबारी की गई है। रविवार को सुरक्षाबलों ने दावा किया कि द्रुज समूहों ने संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन किया। बीते महीने स्वेदा में भड़की सामुदायिक हिंसा में सैंकड़ों लोग मारे गए थे। इस्राइल ने भी इस मामले में दखल दिया औऱ द्रुज समुदाय के समर्थन में सीरिया में कई जगहों पर हमले किए। 

ईरान ने नई रक्षा परिषद की स्थापना की

परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान और इस्राइल-अमेरिका के बीच हालिया तनाव के बाद ईरान ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत ईरान ने एक नई रक्षा परिषद की स्थापना की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस नए रक्षा परिषद के अध्यक्ष मसूद पेजेशकियन होंगे। सुरक्षा स्थिति को और पुख्ता करने के लिए इसकी स्थापना का निर्णय ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने लिया है।

लॉस एंजेलिस में म्यूजिक फेस्टिवल के बाद पार्टी में फायरिंग, दो लोगों की मौत; छह घायल
अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक म्यूजिक फेस्टिवल की आफ्टर पार्टी के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। यह घटना सोमवार तड़के शहर के डाउनटाउन वेयरहाउस इलाके में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे एक बड़ी पार्टी को बंद करने के लिए पुलिस पहुंची थी। एक व्यक्ति को हथियार के साथ अंदर जाते देखा गया था, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

यह पार्टी सोशल मीडिया पर ‘हार्ड समर’ म्यूजिक फेस्टिवल की आफ्टर पार्टी के रूप में प्रमोट की गई थी। फेस्टिवल हॉलीवुड पार्क, इंगलवुड में हुआ था, जो पार्टी स्थल से लगभग 14 किलोमीटर दूर है। पुलिस जब पहली बार पहुंची, तब उन्होंने इलाके को खाली करा दिया था। लेकिन कुछ घंटों बाद रात करीब 1 बजे दोबारा गोलियों की आवाज की सूचना मिली। जब पुलिस लौटी, तो एक पुरुष की मौके पर मौत हो चुकी थी और एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

न्यूयॉर्क क्षेत्र की पैथ ट्रेन में आग, यात्रियों में मची अफरातफरी; 13 लोग धुएं से प्रभावित
सोमवार सुबह न्यूयॉर्क सिटी क्षेत्र की एक कम्यूटर ट्रेन में अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना जर्सी सिटी के न्यूपोर्ट स्टेशन पर उस समय हुई जब पैथ (PATH) ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची ही थी। एक यात्री द्वारा शूट किए गए वीडियो में ट्रेन के डिब्बे में घना धुआं और ट्रैक से उठती तेज़ लपटें साफ़ दिखाई दे रही हैं। लोग दरवाजा खोलो और धीरे-धीरे कहते हुए बाहर निकलते देखे गए। पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यू जर्सी के मुताबिक, आग सुबह 6:19 बजे पूर्व दिशा की ओर जा रही ट्रेन में लगी थी। सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार लिया गया। इस हादसे में 13 लोगों को धुएं से सांस लेने में तकलीफ हुई, जिनमें से 9 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। 

गाजा में खाने के लिए मची भगदड़, दर्जनों फलस्तीनियों की मौत
सोमवार को गाजा पट्टी में खाने-पीने का सामान पाने की कोशिश में दर्जनों फिलिस्तीनी मारे गए या घायल हो गए। चश्मदीदों और स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, लोग खाने के पैकेट और सहायता सामग्री की तलाश में भीड़ में शामिल हो गए थे। इस्राइल की घेराबंदी और सैन्य कार्रवाई के कारण पिछले 22 महीनों से गाजा में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। लोगों को खाना और जरूरी सामान पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया है, जिससे इलाके में भुखमरी का खतरा बढ़ गया है।

हालांकि इस्राइल ने हाल ही में मदद पहुंचाने की कुछ नई कोशिशें की हैं, लेकिन राहत एजेंसियों का कहना है कि ये बिल्कुल नाकाफी हैं। गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के परिवार भी इस भूख से चिंतित हैं, लेकिन वे इसके लिए हमास को जिम्मेदार मानते हैं। मई से अब तक जब लोग खाने के ट्रकों या वितरण केंद्रों की ओर गए, तब इस्राइली फायरिंग में सैकड़ों फिलिस्तीनी मारे गए। हालांकि सेना कहती है कि उन्होंने सिर्फ चेतावनी देने के लिए फायर किया।

बांग्लादेश के पूर्व आर्मी चीफ एम. हारून-अर-रशीद चिटगांव क्लब के कमरे में मृत पाए गए
बांग्लादेश के पूर्व सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एम. हारून-अर-रशीद सोमवार को चिटगांव क्लब के एक कमरे में मृत पाए गए। वह 77 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक अदालती सुनवाई में भाग लेने के लिए रविवार को ढाका से चिटगांव पहुंचे थे। जब वे तय समय पर अदालत नहीं पहुंचे और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया, तो क्लब के अधिकारियों ने उनके कमरे में जाकर देखा और उन्हें मृत पाया। इसके बाद उनका शव चिटगांव के कम्बाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया।

एम. हारून 2000 से 2002 तक बांग्लादेश के सेना प्रमुख रहे थे। वे डेस्टिनी ग्रुप के अध्यक्ष भी थे और उसी से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ी के एक मामले में सुनवाई के लिए चिटगांव आए थे। हालांकि, उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस और परिवार को शक है कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed