फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World Updates: बांग्लादेश में चुनाव लड़ सकेगी कट्टरपंथी जमात ए इस्लामी; पाकिस्तान में विस्फोट में चार की मौत

Wed, 25 Jun 2025 02:27 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 25 Jun 2025 02:27 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

 पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान जिले के सरारोगा क्षेत्र में 11 विद्रोहियों को मार गिराया। इस अभियान को खुफिया जानकारी के आधार पर अंजाम दिया गया। सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान सात विद्रोही घायल हो गए। मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं। आईएसपीआर ने कहा कि क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।

विज्ञापन

विदेशी छात्रों को आकर्षित करने के लिए स्पेन ने वीजा नियमों में दी ढील
स्पेन ने विदेशी छात्रों के लिए अपने विश्वविद्यालयों में त्वरित प्रवेश (फास्ट एंट्री) को मंजूरी दे दी है। स्पेने के प्रवासन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, जो छात्र वीजा निलंबन के कारण अमेरिका में अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकते हैं, वे स्पेन जा सकेंगे। मंत्रालय ने कहा कि वीजा छात्रों को अंशकालिक काम करने की भी अनुमति देगा। उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने अमेरिका के कई शीर्ष विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों को वीजा नियमों में कड़ाई कर दी है। इसके चलते हजारों छात्र दूसरे देशों का विकल्प तलाशने लग गए हैं। ट्रंप के इस फैसले से स्पेन सहित कई यूरोपीय देशों को प्रतिभाशाली छात्रों को आकर्षित करने के लिए अवसर मिल गया। ओपन डोर्स वेबसाइट के अनुसार, विदेश में अध्ययन करने के इच्छुक छात्रों के लिए शीर्ष विकल्पों में स्पेन, ब्रिटेन और इटली के बाद तीसरे स्थान पर है। यहां हर साल कम से कम 20,000 छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए वीजा के लिए आवेदन करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

मध्य अफ्रीकी गणराज्य में हथियारबंद लोगों के हमले में UN के शांतिरक्षक की मौत
संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को बताया कि मध्य अफ्रीकी गणराज्य में हथियारों से लैस लोगों के हमले में एक शांतिरक्षक की मौत हो गई। इस घटना पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने चिंता जताई है, क्योंकि हाल के समय में शांतिरक्षकों पर हमले बढ़ गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता के अनुसार, यह हमला शुक्रवार को हुआ, जब कुछ संदिग्ध सूडानी सशस्त्र समूहों ने देश की उत्तरी सीमा के पास अम-सिसिया 1 नाम के गांव में शांतिरक्षकों की एक टीम पर हमला किया। इस हमले में जाम्बिया का एक शांतिरक्षक मारा गया और एक अन्य घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। मृतक सैनिक की पहचान 33 वर्षीय स्टीफन मुलोक सचचोमा के रूप में हुई है। वह संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन MINUSCA के तहत जाम्बियन सेना में तैनात थे।

विज्ञापन

ट्रंप प्रशासन गाजा में खाना बांटने वाले इस्राइल समर्थित समूह को 30 मिलियन डॉलर देगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने फैसला किया है कि वह गाजा में खाना बांटने वाले इस्राइल समर्थित समूह को 30 मिलियन अमेरिकी डॉलर देगा। यह जानकारी एक अमेरिकी अधिकारी ने मंगलवार को दी। यह पैसा उस समय दिया जा रहा है जब इस्राइल और हमास के बीच युद्ध चल रहा है। यह पहली बार है जब अमेरिकी सरकार ने गाजा में मानवीय सहायता देने के लिए इस तरह की मदद की है। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि यह एक संवेदनशील और विवादास्पद मामला है, लेकिन अमेरिका ने इस मदद को मंजूरी दे दी है। 

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर ने सीएम को धमकी पर चेताया
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंदी ने सरकार भंग करने की मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की धमकी को लेकर मंगलवार को चेताया कि यह देशद्रोह जैसा अपराध है। गंडापुर ने सोमवार को आरोप लगाया था कि संघीय सरकार प्रांत में आपातकाल लगाने की साजिश कर रही है। ऐसे में यदि पार्टी अध्यक्ष इमरान खान आदेश देंगे तो वह सरकार तुरंत भंग कर देंगे। कुंदी ने कहा, प्रांतीय सरकार एक सजायाफ्ता कैदी के निर्देश पर चल रही है।  

चीन की मदद से स्थिर हुई पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था : शहबाज
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि चीन के लगातार वित्तीय और आर्थिक समर्थन से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा, इस्लामाबाद चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के तहत विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने के लिए बीजिंग के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।  

यूक्रेन में ड्रोन-मिसाइल व तोपखाने से हुए हमलों में 26 की मौत, 100 घायल
 यूक्रेन में रूस के ड्रोन, मिसाइल व तोपखाने से हुए हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और लगभग 100 घायल हुए हैं। यह जानकारी यूक्रेनी अधिकारियों ने मंगलवार को दी। इन हमलों के बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से और सैन्य मदद की मांग की है। वह मंगलवार को नीदरलैंड्स के हेग में नाटो शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे नेताओं से मिलेंगे। उनका मकसद यूक्रेन के लिए मदद सुनिश्चित करना है। रूस-यूक्रेन युद्ध अब चौथे साल में पहुंच चुका है। इस दौरान 12,000 से ज्यादा यूक्रेनी नागरिक मारे जा चुके हैं। रूस ने लगातार यूक्रेनी शहरों व गांवों पर हमले किए हैं। यूक्रेन ने भी जवाब में रूस के कई इलाकों पर ड्रोन हमले किए हैं, जिनमें आवासीय इलाकों को नुकसान पहुंचा है। 

जापान ने अपने क्षेत्र में पहली बार किया मिसाइल परीक्षण
जापान ने मंगलवार को बताया कि उसने अपने क्षेत्र में पहली बार मिसाइल परीक्षण किया है। उत्तरी मुख्य द्वीप होक्काइदो में सेना की फायरिंग रेंज में टाइप-88 मिसाइल का परीक्षण किया गया, जो सतह से जहाज पर मार करने वाली कम दूरी की मिसाइल है। जापान, चीन के खिलाफ जवाबी हमले की क्षमता के लिए सैन्य तैयारियां बढ़ा रहा है।  

गेट्स फाउंडेशन गावी टीकों के लिए देगा 1.6 अरब डॉलर
 गेट्स फाउंडेशन ने मंगलवार को कहा कि वह अगले पांच वर्षों में गावी को समर्थन देने के लिए 1.6 अरब डॉलर देगा। यह एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी है जो दुनिया के सबसे गरीब बच्चों के लिए टीके खरीदने में मदद करती है। फाउंडेशन के अध्यक्ष बिल गेट्स ने कहा, विदेशी मदद में भारी कटौती के कारण इस साल दुनिया भर में मरने वाले बच्चों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। 

मेक्सिको में नए वाहन ले जा रहा जहाज आग लगने के बाद उत्तरी प्रशांत महासागर में डूबा
मेक्सिको के लिए नए वाहन ले जा रहा एक मालवाहक जहाज उत्तरी प्रशांत महासागर में डूब गया। कुछ हफ्ते पहले इस जहाज में आग लग गई थी और चालक दल जहाज को छोड़कर निकल गए थे, क्योंकि वे आग पर काबू नहीं पा सके थे। इस जहाज का नाम मॉर्निंग मिडास था। इसे लंदन की कंपनी जोडिएक मैरीटाइम चला रही थी। कंपनी ने बताया कि यह जहाज अलास्का के पास समुद्र में डूब गया। अमेरिकी कोस्ट गार्ड के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल वहां किसी तरह का तेल रिसाव या प्रदूषम नजर नहीं आ रहा है। अगर कोई प्रदूषण होगा, तो उसे साफ करने के लिए जहा पहले से तैनात हैं। बयान में बताया गया कि खराब मौसम और पानी के अंदर रिसाव के कारण जहाज में फिर से आग भड़क गई और वह समुद्र में लगभग 5,000 मीटर (16,404 फीट) गहराई तक डूब गया। यह जगह जमीन से करीब 770 किलोमीटर दूर है। इस जहाज में लगभग 3,000 नई गाड़ियां लदी हुई थीं, जो मेक्सिको के एक बंदरगाह तक जानी थीं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि डूबने से पहले इनमें से कोई गाड़ी निकाली गई थी या नहीं। कंपनी ने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया।

हाईस्कूल में छात्र की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में आरोप तय

अमेरिका के टेक्सास के डलास उपनगर में एक हाईस्कूल में छात्र की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में अभियोजन पक्ष ने आरोपी छात्र पर आरोप तय किए। ग्रांड ज्यूरी ने कारमेलो एंथनी को 17 साल के ऑस्टिन मेटकॉफ की हत्या में आरोपी बनाया है। आरोपी ने 2 अप्रैल को अपराध को अंजाम दिया था। स्कूल के एक इवेंट में एंथनी ने एक विवाद में ऑस्टिन की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। अगर एंथनी को दोषी पाया जाता है तो उसे पूरी उम्र जेल में बितानी पड़ सकती है।  
 

गाजा में सात इस्राइली सैनिकों की मौत

मंगलवार को दक्षिणी गाजा के शहर खान यूनिस में एक हमले में सात इस्राइली सैनिकों की मौत हो गई। इस्राइली सेना ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। इस्राइली सेना ने बताया कि सैनिकों को ले जा रहे बख्तरबंद वाहन में विस्फोट हुआ, जिसमें सैनिकों की जान चली गई। छह सैनिकों के नाम जारी कर दिए गए हैं, जबकि एक सैनिक की पहचान गुप्त रखी गई है। हमास की सैन्य शाखा अल कसाम ब्रिगेड ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। अल कसाम के लड़ाकों ने इस्राइली सैनिकों के वाहन पर मिसाइल से हमला किया और फिर इस्राइली सैनिकों पर गोलीबारी की। 
 

पाकिस्तान में विस्फोट में चार की मौत

पाकिस्तान में अफगानिस्तान सीमा पर हुए एक विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई। धमाके में कई अन्य घायल हुए हैं। हादसा पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अफगानिस्तान सीमा पर हुआ। पुलिस ने बताया कि कुर्रम जिले के पारचिनार इलाके में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर मौजूद जंगल में एक व्यक्ति का पैर विस्फोटक पर पड़ा, जिससे तेज धमाका हुआ। इसकी चपेट में आकर चार की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा जांच एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। 

बांग्लादेश में चुनाव लड़ सकेगी कट्टरपंथी पार्टी जमात ए इस्लामी

बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने कट्टरपंथी पार्टी जमात ए इस्लामी के पंजीकरण को बहाल कर दिया है और पार्टी का चुनाव चिन्ह भी दे दिया है, जिससे जमात ए इस्लामी का अगला आम चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है। मंगलवार को एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर बांग्लादेश चुनाव आयोग के सचिव अख्तर अहमद ने यह जानकारी दी। बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट ने बीती एक जून को चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि जमात ए इस्लामी के पंजीकरण को बहाल किया जाए। इससे आठ माह पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने जमात ए इस्लामी पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया था। 

गौरतलब है कि जमात ए इस्लामी ने साल 1971 में बांग्लादेश की पाकिस्तान से आजादी का विरोध किया था। चुनाव आयोग ने दिसंबर 2018 में उच्च न्यायालय के एक फैसले के बाद जमात ए इस्लामी के पंजीकरण को खत्म कर दिया था। साल 2013 में बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट ने भी जमात ए इस्लामी के चुनाव लड़ने पर रोक लगाई थी। बीते साल शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए कथित छात्र आंदोलन को जमात ए इस्लामी से भी समर्थन मिला। 

ब्रिक्स समिट में इस बार नहीं जाएंगे शी जिनपिंग
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले महीने ब्राजील में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो यह पहली बार होगा जब शी जिनपिंग इस सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। वो पिछले 12 साल से हर ब्रिक्स बैठक में हिस्सा लेते रहे हैं।

हॉन्गकॉन्ग की साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, शी जिनपिंग की जगह चीन के प्रधानमंत्री ली क्यांग ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 6-7 जुलाई को होने वाले इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है।

बांग्लादेश में चुनाव गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त काजी हबीबुल अवल गिरफ्तार
बांग्लादेश में चुनाव में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कार्रवाई तेज हो गई है। बुधवार को देश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त काजी हबीबुल अवल को ढाका पुलिस की खुफिया शाखा ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें राजधानी ढाका के मोघबाजार इलाके से दोपहर करीब 2 बजे हिरासत में लिया गया। अवल इस हफ्ते गिरफ्तार होने वाले दूसरे पूर्व सीईसी हैं। इससे पहले रविवार रात उनके पूर्ववर्ती के. एम. नूरुल हुदा को भी चुनाव में धांधली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी से पहले भीड़ ने हुदा पर हमला कर दिया था।

काजी हबीबुल अवल ने फरवरी 2022 से सितंबर 2024 तक बांग्लादेश के 13वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तौर पर काम किया था, जबकि हुदा ने फरवरी 2017 से फरवरी 2022 तक यह जिम्मेदारी निभाई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अवल को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इन गिरफ्तारियों के पीछे बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) द्वारा दर्ज किया गया मामला है, जिसमें हुदा समेत 19 लोगों को चुनावी गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार बताया गया है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed