World: प्रिंस हैरी ड्र्रग्स मामले में आगे बढ़ी कार्रवाई; डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन शक्ति-साझाकरण समझौते पर सहमत
अमेरिका की अदालत में प्रिंस हैरी मामले में कार्रवाई आगे बढ़ रही है। हैरी की वीजा स्थिति पर द हेरिटेज फाउंडेशन ने कहा कि क्या उन्होंने अपने आव्रजन दस्तावेजों में अतीत में नशीली दवाओं के उपयोग के बारे में झूठ बोला था या देश में प्रवेश करने के लिए उन्हें विशेष सुविधा मिली थी। अदालत इस मामले मे विचार कर रही है। संगठन ने कहा कि हमारा मानना है कि अमेरिकी लोगों को यह जानने का अधिकार है कि प्रिंस हैरी ने अपने आवेदन में सच्चाई बताई थी या नहीं। इससे पहले भी हैरी के वीजा दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) के खिलाफ सूचना की स्वतंत्रता अधिनियम (एफओआईए) मुकदमा दायर किया था।
मिनेसोटा सदन के नेता शक्ति-साझाकरण समझौते पर सहमत
मिनेसोटा सदन के डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन नेताओं ने बुधवार रात को शक्ति साझाकरण समझौते पर सहमति जताई। इससे सदन में तीन सप्ताह से चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया। राज्य के मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इससे सदन पूरी तरह से निष्क्रिय हो गया है। शीर्ष जीओपी और डेमोक्रेटिक नेताओं ने कहा कि उनके पास गुरुवार से प्रभावी मिनेसोटा हाउस को व्यवस्थित करने के लिए एक समझौता हुआ है।
रहीम अल-हुसैनी को 'आगा खान' किया गया नियुक्त
रहीम अल-हुसैनी को बुधवार को दुनिया के लाखों इस्माइली मुसलमानों का नया आध्यात्मिक नेता, 'आगा खान' नियुक्त किया गया। उन्हें उनके पिता की वसीयत में शिया इस्माइली मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम 'आगा खान' के रूप में नामित किया गया था। उनके पिता का मंगलवार को पुर्तगाल में निधन हो गया था। 'आगा खान' को उनके अनुयायी पैगंबर मुहम्मद का प्रत्यक्ष वंशज मानते हैं। हुसैनी राष्ट्राध्यक्ष की भूमिका भी निभाएंगे।
ट्रंप के टैरिफ आदेश को चीन ने विश्व व्यापार संगठन में चुनौती दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चीन में उत्पादित कुछ सामानों पर टैरिफ लगाए जाने के मुद्दे को चीन ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में चुनौती दी है। डब्ल्यूटीओ के अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। ट्रंप ने शनिवार को कनाडा, मेक्सिको और चीन पर शुल्क लगाने की घोषणा की थी। ट्रंप ने कनाडा और मेक्सिको से अमेरिका में अवैध प्रवासियों को भेजने से रोकने की मांग की थी। बाद में उन्होंने इन दोनों देशों पर टैरिफ के आदेश को स्थगित कर दिया था। चीन में उत्पादित वस्तुओं पर ट्रंप ने 10 फीसदी शुल्क की घोषणा की थी और चीन ने उसी समय इस फैसले को डब्ल्यूटीओ में उठाने की घोषणा की थी। बाद में चीन ने अमेरिका के सामान पर 15 फीसदी तक शुल्क लगा दिया था। अब उसने ट्रंप के आदेश को डब्ल्यूटीओ में चुनौती दी है।
गाजा भविष्य के फलस्तीन का अभिन्न अंग : यूरोपीय यूनियन
यूरोपीय यूनियन (ईयू) के एक विदेश नीति प्रवक्ता ने कहा कि गाजा को भविष्य में बनने वाले फलस्तीन देश का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। यूरोपीय यूनियन इस्राइल और फलस्तीन के रूप में दो देशों के सिद्धांत को लेकर प्रतिबद्ध है। प्रवक्ता ने कहा, हमने राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणी देखी है। ईयू पूरी सख्ती से दो देशों के रूप में समस्या का समाधान निकालने के पक्ष में है और इस्राइल व फलस्तीन के बीच दशकों पुराने संघर्ष का यही एकमात्र सही समाधान है। गाजा हमारे फलस्तीनी राज्य का अभिन्न अंग है।
ट्रंप ने गाजा में अमेरिकी सैनिकों को भेजने के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई : व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फलस्तीनी क्षेत्र पर अमेरिकी कब्जे के अपने प्रस्ताव के तहत गाजा में अमेरिकी सैनिकों को भेजने के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। संवाददाताओं से बातचीत में लेविट ने कहा कि क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका गाजा के पुनर्निर्माण में शामिल होना चाहता है। इसका मतलब यह नहीं है कि गाजा में अमेरिका अपनी सेना तैनात करेगा।
गाजा पर जबरन कब्जा नस्लीय हिंसा के समान : संयुक्त राष्ट्र
ट्रंप की गाजा पर कब्जा करने की रणनीति पर संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि गाजा से लोगों का किसी भी तरह से जबरन विस्थापन नस्लीय हिंसा के समान है।
डोनाल्ड ट्रंप का यूएनएचआरसी से किनारा, नहीं मिलेगी फलस्तीनी शरणार्थियों को मदद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) से भी अमेरिका के अलग होने का फैसला किया है। ट्रंप ने संबंधित आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए एजेंसी को भविष्य में सहायता राशि जारी करने पर भी रोक लगा दी है। ट्रंप ने अपने प्रशासन को संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) में उसकी भागीदारी की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। शासकीय आदेशानुसार, अमेरिका ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद भविष्य के वैश्विक संघर्षों को रोकने तथा अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त राष्ट्र की स्थापना में मदद की थी। लेकिन, यूएन की कुछ एजेंसियां व इकाई इस मिशन से भटक चुके हैं।
यूएस-एड ने दुनियाभर में अपने कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा
ट्रंप प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय विकास के लिए बनी अमेरिकी एजेंसी यूएस-एड के कर्मचारियों को दुनिया भर में छुट्टी पर भेज दिया है। इससे सहायता एजेंसी के छह दशक के मिशन पर असर पड़ रहा है।
जरूरी कर्मचारियों को ही काम पर आने को कहा गया है। मंगलवार को ऑनलाइन पोस्ट किए नोटिस में कर्मियों को घर लौटने के लिए तीस दिन का समय दिया गया है। इस कदम के बारे में कई दिनों से चर्चा थी। ट्रंप प्रशासन का एजेंसी को विदेश विभाग में एकीकृत करने का प्रस्ताव है।
फ्रांस की सरकार अविश्वास प्रस्ताव से बची, बजट पारित
फ्रांस सरकार बुधवार को संसद में अविश्वास प्रस्ताव से बच गई, और 2025 के लिए बजट आखिरकार पारित हो गया। प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू ने सांसदों के वोट के बिना बजट विधेयक को मंजूरी दिलाने के लिए विशेष सांविधानिक शक्तियों का इस्तेमाल किया, जिसके कारण अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। केवल 128 सांसदों ने प्रस्ताव को मंजूरी दी, जो कि आवश्यक 289 वोटों से बहुत कम है। एक अनुभवी मध्यमार्गी बायरू को दिसंबर में एक राजनीतिक संकट के बीच नियुक्त किया गया था, जो बजट विवादों से प्रेरित था, जिसके कारण उनकी पूर्ववर्ती सरकार गिर गई थी।
म्यांमार : तीसरे प्रयास में भी नहीं बिका सू का घर
आंतरिक हिंसा से जूझ रहे म्यांमार में लोगों ने जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता आंग सान सू की के मकान में दिलचस्पी नहीं दिखाई। नीलामी के तीसरे प्रयास में भी उनका मकान नहीं बिक सका। म्यांमार में सैन्य शासन के दौरान यंगून में झील के किनारे इसी मकान में आंग सान 15 साल तक नजरबंद थीं।
मशहूर पोस्टर कलाकार डेविड एडवर्ड का निधन
जिमी हेंड्रिक्स, द हू और ग्रेटफुल डेड जैसे मशहूर संगीतकारों के लिए साइकेडेलिक पोस्टर बनाने वाले मशहूर ग्राफिक आर्टिस्ट डेविड एडवर्ड बर्ड का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। द हॉलीवुड रिपोर्टर के मुताबिक, बर्ड ने सोमवार को न्यू मैक्सिको के अल्बुकर्क के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली।
अमेरिका : नहीं रहे प्रख्यात सैक्सोफोन वादक डैडी जी
प्रख्यात सैक्सोफोन वादक, गीतकार और निर्माता जीन बार्ज (98) का निधन हो गया। वह ‘डैडी जी’ के नाम से मशहूर थे। उनकी बेटी जीना के अनुसार, रविवार को बार्ज शिकागो में अपने घर पर सो रहे थे और फिर उठ नहीं पाए। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बार्ज संगीत जगत में जबरदस्त रूप से छाये रहे।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में पाम बॉन्डी अमेरिका के अटॉर्नी जनरल होंगे। बुधवार को उन्हें शपथ दिलाई गई, जिसके बाद उन्होंने न्याय विभाग का कार्यभार संभाल लिया। ओवल ऑफिस में इस समारोह के बाद विभाग में आमूलचूल परिवर्तन की तैयारी के कयास लगाए जा रहे हैं। बॉन्डी फ्लोरिडा के पूर्व अटॉर्नी जनरल रहे हैं। उन्होंने न्याय विभाग ऐसे समय में संभाला है जब यह विभाग 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल हिंसा की व्यापक जांच में शामिल हजारों एजेंटों की पहचान के मामले में देश की संघीय जांच एजेंसी- एफबीआई के साथ विवाद में उलझा हुआ है।
अमेरिका में न्यूयॉर्क के एक शख्स की मौत पिटाई के कारण होने का मामला सामने आया है। वकीलों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर दावा किया है कि जेल के गार्डों ने हथकड़ी लगे होने के बावजूद शख्स की बेरहमी से पिटाई हुई। मौत को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या माना गया है। अल्बानी में काउंटी मेडिकल परीक्षक कार्यालय ने पिछले सप्ताह रिपोर्ट जारी की है। दिसंबर में हुई रॉबर्ट ब्रूक्स की मौत का कारण गर्दन पर दबाव और कई चोटों को बताया गया है। वकीलों ने कहा है कि मौत को हत्या माना गया है।
फिलीपींस में विमान दुर्घटना में चार लोगों की मौत
गुरुवार को दक्षिणी फिलीपींस में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी सेना ने इस विमान को अनुबंधित किया था। फिलीपींस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने यह पुष्टि की कि यह दुर्घटना मगुइंडानाओ डेल सुर प्रांत में हुई। हालांकि, अधिकारियों ने और अधिक जानकारी नहीं दी।
मामले में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता कनिष्क गंगोपाध्याय ने बताया कि यह विमान अमेरिकी सेना के इंडो-पैसिफिक कमांड द्वारा अनुबंधित था। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि विमान के मलबे से चार शव बरामद किए गए, जो विदेशी नागरिक लग रहे थे।
ब्रिटेन की सरकार ने गुरुवार को एक रूसी राजनयिक की मान्यता रद्द कर दी। यह कदम उस घटना के जवाब में उठाया गया है जब रूस ने पिछले साल जासूसी के आरोप में एक ब्रिटिश अधिकारी को निष्कासित कर दिया था।
ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने की जानकारी
मामले में ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने बताया कि रूसी राजदूत एंड्री केलिन को विदेश मंत्रालय में बुलाकर यह निर्णय बताया गया। विदेश कार्यालय के मुताबिक, यह कदम रूस द्वारा नवंबर में एक ब्रिटिश राजनयिक की मान्यता रद्द करने के कारण उठाया गया है। ब्रिटेन ने कहा कि वह अपने कर्मचारियों को डराने-धमकाने की अनुमति नहीं देगा और इस कारण पारस्परिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ब्रिटेन ने यह भी कहा कि अगर रूस ने कोई और कदम उठाया तो ब्रिटेन उसी हिसाब से प्रतिक्रिया देगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गाजा पर कब्जे की मंशा जताने की आलोचना भले हो रही हो लेकिन इस्राइल ने इसका समर्थन करते हुए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इस्राइली सेना को गाजा निवासियों के स्वेच्छा से इलाका खाली करने की योजना तैयार करने को कहा गया है। दूसरी तरफ, ट्रंप ने अपनी योजना के बारे में साफ किया है कि गाजा में अमेरिकी सैनिकों की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उसे इस्राइल की तरफ से अमेरिका को सौंप दिया जाएगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, लड़ाई खत्म होने के बाद गाजा पट्टी को इस्राइल की तरफ से अमेरिका को सौंप दिया जाएगा। तब तक फलस्तीनियों को क्षेत्र में नए और आधुनिक घरों के साथ पहले से ही अधिक सुरक्षित और अधिक सुंदर इलाकों में बसाया जा चुका होगा। अमेरिका की तरफ से सैनिकों की तैनाती की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। इस्राइली राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप की योजना का पूरी तरह समर्थन किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाली जी-20 बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया है। इससे कुछ दिन पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अफ्रीकी देश को मिलने वाली फंडिंग रोकने की धमकी दी थी। जी-20 की अध्यक्षता फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के पास है, जो 20-21 फरवरी को जोहानिसबर्ग में समूह के देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करने वाला है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने एक सोशल मडिया पोस्ट में लिखा, मैं जोहानिसबर्ग में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने जा रहा। दक्षिण अफ्रीका बहुत बुरे काम कर रहा है। निजी संपत्ति का अधिग्रहण कर रहा है। मेरा काम अमेरिका के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाना है, न कि करदाताओं का पैसा बर्बाद करना या अमेरिका विरोधी भावना को बढ़ावा देना।
US Secretary of State Marco Rubio tweets, "I will not attend the G20 summit in Johannesburg. South Africa is doing very bad things. Expropriating private property. Using G20 to promote 'solidarity, equality, & sustainability.' In other words: DEI and climate change. My job is to… pic.twitter.com/Fn9Rf2BIsv
— ANI (@ANI) February 6, 2025