World: कुवैत में ड्रोन हमले का शिकार बना नेपाली नागरिक; स्पेन-मोरक्को सीमा पर प्रवासियों की घुसपैठ, 34 की मौत
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और भूटान के विदेश सचिव दाशो पेमा लेक्टुप दोरजी ने गुरुवार को द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों देशों के बीच विकास सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और भारत की सहायता से भूटान में चल रही परियोजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। थिम्फू स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। दूतावास के अनुसार, दोनों विदेश सचिवों ने भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना के तहत आयोजित पांचवीं भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता की संयुक्त अध्यक्षता की। बैठक में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में भारत समर्थित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। भूटान ने अपने विकास में भारत के महत्वपूर्ण सहयोग और योगदान की सराहना भी की।
चीन में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 51 पहुंची, 10 लोग अब भी लापता
दक्षिण-पश्चिम चीन में इस महीने हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार को बताया कि जमीन पर चलाया जा रहा खोज अभियान समाप्त कर दिया गया है, जबकि 10 लोग अब भी लापता हैं। प्रशासन के अनुसार, वुजियांग नदी में ड्रेजिंग और तलाशी अभियान अभी भी जारी है। यह हादसा 17 जुलाई को चोंगकिंग के पेंगशुई काउंटी में हुआ था, जहां पहाड़ी से गिरी चट्टानों और मलबे ने 10 से अधिक आवासीय इमारतों और एक मिनीबस को अपनी चपेट में ले लिया था।
इस दुर्घटना में 10 लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रशासन ने बताया कि 1,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और प्रभावित इलाके में यातायात जल्द बहाल होने की उम्मीद है। नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों और पानी के भीतर काम करने वाले रोबोट की मदद ली जा रही है।
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में मुठभेड़ 9 सुरक्षाकर्मी व 15 आतंकवादी ढेर
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में एक पुलिस चौकी पर हुए हमले के बाद चलाए गए अभियान में नौ पुलिसकर्मियों और 15 आतंकवादियों की मौत हो गई। इस दौरान 28 पुलिसकर्मी और कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, चौकी पर हमले के बाद भेजी गई अतिरिक्त सैनिक बल की गाड़ी पर भी आतंकवादियों ने गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में 15 आतंकवादी मारे गए। मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने हमले की निंदा करते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
एच-1बी का कोटा पूरा...2027 में अगली लॉटरी, ग्रीन कार्ड के लिए लंबा इंतजार
अमेरिका में विदेशी कुशल कामगारों के लिए सबसे लोकप्रिय वर्क वीजा माने जाने वाले एच-1बी का इस वर्ष का कोटा पूरा हो चुका है। अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा ने कहा, इस वर्ष के लिए नियमित और उच्च शिक्षा दोनों तरह के कोटे की सीटें पूरी भर चुकी हैं। ग्रीन कार्ड की प्रतीक्षा सूची भी फिलहाल लंबी बनी हुई है। जहां पारिवारिक श्रेणियों (एफ-1, एफ-2बी, एफ-3, एफ-4) में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, वहीं रोजगार-आधारित श्रेणियों में हलचल बेहद सीमित रही। भारतीयों के लिए सबसे अहम ईबी-2 और ईबी-5 श्रेणियां अब भी पूरी तरह अनुपलब्ध हैं। भारतीय हर साल एच-1बी वीजा के सबसे बड़े लाभार्थी हैं, जो खासे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में वेतन-आधारित नई चयन व्यवस्था व घटते पंजीकरण का सीधा असर भारतीय आईटी पेशेवरों पर पड़ना तय है।
इस वर्ष एच-1बी वीजा के पंजीकरण घटने की बड़ी वजह यह रही कि यह गृह सुरक्षा मंत्रालय की नई वेतन-आधारित चयन प्रणाली रही। यानी अमेरिका में जिन नौकरियों का वेतन अधिक है, उन्हें लॉटरी में अतिरिक्त एंट्री का मौका मिला। इसके साथ ही फॉर्म आई-129 को भी अपडेट किया गया है, जिसमें नौकरी की शर्तों का अधिक विस्तृत ब्योरा मांगा जा रहा है। इसके आंकड़े बुधवार को सामने आए।
आस्ट्रेलियाई एयरलाइन के विमान से आसमान में अब सबसे लंबा सफर...बिना रुके सिडनी से सीधे लंदन
अगले साल से शुरू होने जा रही सबसे लंबी कमर्शियल फ्लाइट (आस्ट्रेलियाई एयरलाइन क्वांटास का विमान) बिना रुके 22 घंटे की यात्रा कराएगा। यह लगभग 18,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने में सक्षम है। एयरबस ए350-1000यूएलआर (अल्ट्रा लॉन्ग रेंज) में लंबी दूरी की उड़ानों के मुकाबले अतिरिक्त 20,000 लीटर का एक्स्ट्रा फ्यूल टैंक लगाया गया है। एशिया, मिडिल ईस्ट या नॉर्थ अमेरिका में होने वाले लंबे ट्रांजिट को खत्म करके यात्री बिना रुके सीधे अपनी मंजिल पर पहुचेंगे और उनके सफर के 4 घंटे की बचत होगी। बता दें कि एयरबस दो महीने के सर्टिफिकेशन प्रोग्राम के तहत जून से ही इस एयरक्राफ्ट की टेस्टिंग कर रही है।
सामान्य विमानों में जहां 300 से अधिक सीटें होती हैं, वहीं क्वांटास के इस विमान में केवल 238 सीटें ही रखी गई हैं। कम सीटों के होने से विमान का वजन संतुलित रहते और यात्रियों को पैरों फैलाने के लिए अधिक स्पेस, स्ट्रेटिंग स्पेस व आरामदायक केबिन मिलेगा। यात्रियों की सेहत का ध्यान रखते हुए इसमें वेलबीइंग जोन बनाया गया है, जहां यात्रियों के टहलने, स्ट्रेचिंग करने और हल्के-फुल्के रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक (सर्काडियन रिदम) को ठीक बनाए रखने और जेट लैग के असर को कम करने के लिए केबिन में सनराइज और सनसेट जैसे 12 अलग-अलग प्रोग्रामेबल लाइटिंग थीम्स दी गई हैं। यह विमान शक्तिशाली और बेहद ईंधन-दक्ष रोल्स-रॉयस ट्रेंट एक्सडब्ल्यूबी इंजन से संचालित है। अभी दुनिया की सबसे लंबी शेड्यूल्ड कमर्शियल पैसेंजर सर्विस सिंगापुर एयरलाइंस का सिंगापुर और न्यूयॉर्क के बीच नॉन-स्टॉप रूट है, जो 18 घंटे से कुछ ज्यादा समय में लगभग 15,350 किलोमीटर की दूरी तय करता है।
ईरानी ड्रोन हमले में नेपाली नागरिक की मौत
कुवैत में ईरान के ड्रोन हमले में नेपाल के 44 वर्षीय नागरिक सोम कुमार तामांग की मौत हो गई। नेपाल दूतावास के अनुसार, तामांग कोशी प्रांत के तेह्रथुम जिले के निवासी थे और कुवैत में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। दूतावास ने बताया कि उनका शव जल्द नेपाल लाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही कुवैत में रह रहे सभी नेपाली नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
स्पेन–मोरक्को बॉर्डर पर प्रवासियों की भारी भीड़
स्पेन और मोरक्को की सीमा पर स्थित स्पेनिश एन्क्लेव स्यूटा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हजारों अवैध प्रवासियों ने तैरकर सीमा पार करने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग समुद्र के रास्ते सीमा की बाड़ तक पहुंचते दिखाई दिए, जबकि मोरक्को की सुरक्षा एजेंसियों ने भीड़ को रोकने के लिए आंसू गैस, वॉटर कैनन और चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग की। शहर के प्रशासन के मुताबिक करीब 60,000 लोगों के स्यूटा में प्रवेश करने से स्थानीय संसाधनों पर भारी दबाव पड़ा और स्पेन को अतिरिक्त सैन्य बल तैनात करने पड़े। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इसे देश की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताते हुए मानव तस्करी नेटवर्क को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि तस्करों ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को लेकर फैली गलतफहमी का फायदा उठाकर लोगों को गुमराह किया। हालात इतने गंभीर हो गए कि कई प्रवासी, जिनमें अकेले बच्चे भी शामिल थे, पार्कों और फुटपाथों पर रात बिताने को मजबूर हुए। इस संकट ने यूरोप में भी राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। इटली ने सीमा नियंत्रण कड़ा करने की चेतावनी दी, फ्रांस ने अतिरिक्त जांच शुरू की, जबकि स्पेन की विपक्षी पार्टियों ने सरकार की प्रवासन नीति पर सवाल उठाए। हालांकि सरकार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संकट की मुख्य वजह तस्करों द्वारा फैलाई गई भ्रामक जानकारी है।