Pakistan: आम चुनाव से पहले पाकिस्तान नहीं आ पाएंगे नवाज शरीफ; जेल में बंद इमरान की अपील पर सुनवाई अगले हफ्ते
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता आम चुनाव से पहले नवाज शरीफ की वतन वापसी को लेकर सहमत नहीं हो पाए हैं। तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में अपनी सजा के खिलाफ जेल में बंद इमरान खान की अपील पर इस्लामाबाद हाईकोर्ट 22 अगस्त को सुनवाई करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के दो पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और इमरान खान भ्रष्ट्राचार मामले में दोषी पाए गए हैं। नवाज शरीफ तो चिकित्सा आधार पर लंदन भाग गए और अभी भी वहीं हैं, लेकिन इमरान खान जेल में बंद हैं, जो अपने रिहा होने की गुहार बार-बार लगा रहे हैं, जिनकी अपील पर सुनवाई 22 अगस्त को होगी। वहीं प्रधानमंत्री के रूप में शहबाज शरीफ का कार्यकाल खत्म हो गया है, अब आम चुनाव की तारीखें भी जल्द सामने आ सकती हैं, अटकलें थीं कि नवाज शरीफ अपनी पार्टी की कमान संभालने के लिए पाकिस्तान लौट आएंगे। लेकिन एक रिपोर्ट में दावा किया गया है पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता आम चुनाव से पहले नवाज शरीफ की वतन वापसी को लेकर सहमत नहीं हो पाए हैं।
नवाज शरीफ नवंबर 2019 से ब्रिटेन में रह रहे हैं, उन्हें 2018 में अल-अजीजिया मिल्स और एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामलों में दोषी ठहराया गया था। नवाज को सात साल की कैद की सजा सुनाई गई थी और उनको 2019 में चिकित्सा आधार पर लंदन जाने की अनुमति दी गई थी।
अलग-अलग नेताओं की अलग-अलग राय
नवाज की वतन वापसी को लेकर पार्टी मीटिंग हुई, मंगलवार की बैठक में भाग लेने वाले कुछ पीएमएल-एन नेताओं ने सुझाव दिया कि नवाज शरीफ को सितंबर तक देश लौट आना चाहिए, जबकि अन्य ने प्रस्ताव दिया कि पार्टी सुप्रीमो को अक्तूबर तक वापस आना चाहिए लेकिन कुछ नेताओं का कहना है कि नवाज शरीफ को अपने रास्ते में आने वाली कानूनी बाधाओं को दूर करने के बाद ही वापस लौटना चाहिए।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के कुछ नेताओं का मानना है कि नवाज शरीफ के देश में लौट आने से आम चुनावों में फायदा हो सकता है। कुछ नेताओं ने कहा कि वे चाहते हैं कि पार्टी सुप्रीमो देश वापस आएं और कानून का सामना करें लेकिन वे उनकी वापसी पर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि शहबाज शरीफ नवाज शरीफ की देश वापसी के बारे में राजनीतिक और कानूनी विशेषज्ञों से अंतिम सुझाव भी ले रहे हैं। हालांकि बैठक में अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
इससे पहले, अटकलें तेज हो गई जब प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि उनके बड़े भाई नवाज शरीफ अपने लंबित अदालती मामलों का सामना करने और आम चुनाव के लिए पार्टी के अभियान का नेतृत्व करने के लिए सितंबर में पाकिस्तान लौटेंगे।
तोशाखाना मामले में इमरान की अपील पर सुनवाई अगले हफ्ते
तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में अपनी सजा के खिलाफ जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की अपील पर इस्लामाबाद हाईकोर्ट 22 अगस्त को सुनवाई करेगा। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान वर्तमान में पंजाब प्रांत की अटक जेल में कैद हैं। इमरान खान ने अपनी सजा को इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में चुनौती दी है, जिसने 22 अगस्त को सुनवाई शुरू करने के लिए मुख्य न्यायाधीश आमिर फारूक और न्यायमूर्ति तारिक महमूद जहांगीरी की एक खंडपीठ का गठन किया।
अपील के अनुसार, इमरान खान के वकील ट्रायल कोर्ट में चुनाव आयोग पाकिस्तान (ईसीपी) के वकील की अंतिम दलीलों का खंडन करने में असमर्थ थे, क्योंकि इमरान खान चुनौती दायर करने की तैयारी कर रहे थे और मामले को दूसरी अदालत में स्थानांतरित करने के लिए एक और आवेदन दायर किया था।