पश्चिम एशिया संकट: सऊदी में जारी हमले में भारतीय समेत दो लोगों की मौत, दूतावास ने सुरक्षा और मदद का दिया भरोसा
सऊदी अरब में सैन्य गोले के गिरने से एक भारतीय और एक बांग्लादेशी की मौत हो गई। इस घटना के बाद भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने सऊदी में रहने वाले भारतीयों को भरोसा दिलाया कि किसी भी मुश्किल में दूतावास तुरंत मदद करेगा। वर्चुअल बैठक में हालात की जानकारी साझा की गई और सुरक्षा पर सतर्क रहने की सलाह दी गई।
विस्तार
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच सऊदी अरब से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सऊदी ने इस युद्ध से जुड़े मामलों में पहली बार दो लोगों की मौतों की पुष्टि की है। सऊदी अरब सरकार के अनुसार एक सैन्य प्रोजेक्टाइल (गोला) गिरने से एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत हो गई। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब सीमा क्षेत्र के पास एक सैन्य गोला आकर गिरा। इस हमले में दोनों विदेशी नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद सऊदी में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय समुदाय को भरोसा दिलाया है कि भारत सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए तैयार है। इसके साथ ही रविवार को भारतीय राजदूत ने भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने हालात की जानकारी दी और कहा कि अगर किसी भारतीय नागरिक को किसी तरह की परेशानी होती है तो दूतावास तुरंत सहायता प्रदान करेगा।
ये भी पढ़ें:- Save America Act: ट्रंप की दो टूक- संसद से मतदाता कानून पास नहीं हुआ तो किसी भी बिल पर नहीं करूंगा हस्ताक्षर
भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की अपील
इस बैठक में उप मिशन प्रमुख अबू माथेन जॉर्ज और सामुदायिक कल्याण काउंसलर वाई साबिर भी मौजूद थे। भारतीय दूतावास ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता दी जा सके। दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
दूतावास ने भारतीय लोगों को दी सलाह
दूतावास ने यह भी बताया कि रियाद, जेद्दा और दम्मम से भारत के लिए कई उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं। जो भारतीय नागरिक भारत लौटना चाहते हैं, वे इन फ्लाइट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा दोहा में भी कुछ भारतीय नागरिक उड़ानें रद्द होने की वजह से फंसे हुए हैं। वहां मौजूद भारतीय दूतावास ने ऐसे लोगों से अपनी जानकारी साझा करने को कहा है, ताकि उनकी मदद के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। भारत सरकार ने कहा है कि वह लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए आगे भी जरूरी कदम उठाएगी।
ये भी पढ़ें:- ईरानी युद्धपोत IRIS डेना पर अमेरिकी हमला: एक नाविक ने अपने पिता को किया था फोन, चेतावनियों की दी थी जानकारी
पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और चिंता
गौरतलब है कि बीते नौ दिनों से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब नौवें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.