{"_id":"66c3fd0d7c73bb1a0e0da2d9","slug":"usa-kamala-harris-thanks-joe-biden-on-democratic-convention-on-first-day-2024-08-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"USA: डेमोक्रेट सम्मेलन में बाइडन ने कमला को सौंपी कमान, हैरिस बोलीं- देश आपकी सेवाओं का आभारी रहेगा","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
USA: डेमोक्रेट सम्मेलन में बाइडन ने कमला को सौंपी कमान, हैरिस बोलीं- देश आपकी सेवाओं का आभारी रहेगा
Tue, 20 Aug 2024 07:53 AM IST
नितिन गौतम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
Published by: नितिन गौतम
Updated Tue, 20 Aug 2024 07:53 AM IST
सार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी की कमान सौंपी है। उन्होंने भरोसा जताया है कि हैरिस अमेरिका के लिए ऐतिहासिक राष्ट्रपति साबित होंगी। बाइडन ने शिकागो में आयोजित डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में कहा कि कमला हैरिस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सबसे अच्छी राष्ट्रपति सिद्ध होंगी।
विज्ञापन
अमेरिका की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस।
- फोटो : PTI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने औपचारिक तौर पर सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी की कमान अपनी डिप्टी व पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी कमला हैरिस को सौंप दी। उन्होंने कहा कि हैरिस एक ऐतिहासिक राष्ट्रपति होंगी। वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए सबसे अच्छी शख्स हैं। बाइडन डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में अचानक पहुंची हैरिस ने जो बाइडन को उनके योगदान के लिए आभार जताया और लोगों से अमेरिका की बेहतरी के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
विज्ञापन
अमेरिका के ऐतिहासिक शहर शिकागो में डेमोक्रेटिक पार्टी के चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन (डीएनसी) का सोमवार रात पूरे जोश के साथ आगाज हुआ। जब राष्ट्रपति जो बाइडन मंच पर पहुंचे तो उनका लोगों ने खड़े होकर तालियों के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा, मैं अपने काम से प्यार करता हूं। मैं अपने देश से अधिक प्रेम करता हूं। हम सभी को लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए। हमसभी को मिलकर डोनाल्ड ट्रंप को हराना और कमला तथा टिम को क्रमशः राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति के रूप में चुनना चाहिए। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद लोगों से पूछा- क्या आप कमला हैरिस को अमेरिका का राष्ट्रपति चुनने के लिए तैयार हैं?
विज्ञापन
'ट्रंप को 2024 में महिलाओं की शक्ति का पता चलेगा'
बाइडन ने कहा, हमने 2020 में लोकतंत्र की रक्षा की थी और 2024 में फिर से उसकी रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा 'मैंने अपने जीवन में कई गलतियां की हैं। लेकिन, मैंने तुम्हे अपने जीवन का सर्वोत्तम दिया है।' बाइडन ने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, मैंने व कमला ने पिछले चार वर्षों में अमेरिका का असाधारण विकास किया है। हम एकसाथ एक बेहतर अमेरिका का निर्माण कर रहे हैं।
विज्ञापन
उधर, हैरिस ने देशभर से एकत्र हुए पार्टी के हजारों सदस्यों के उत्साह व जोश के बीच कहा, आज रात सभी को देखकर मुझे हमारे महान राष्ट्र की खूबसूरती का भली भांति अंदाजा हो गया है। हर कोने व हर क्षेत्र से आए लोग हमारे देश के भविष्य के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण को लेकर यहां एकजुट हैं। इस नवंबर में हम एकसाथ आएंगे व एक स्वर में घोषणा करेंगे कि हम एक राष्ट्र के रूप में आशावाद, उम्मीद व विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, जो, आपके ऐतिहासिक नेतृत्व व हमारे राष्ट्र की आजीवन सेवा के लिए धन्यवाद। आपने जो कुछ भी किया और करेंगे, हम उसके लिए हमेशा आपके आभारी रहेंगे।
कभी सीनेट के लिए काफी युवा था और अब राष्ट्रपति के लिए काफी बुजुर्गः बाइडन
बाइडन सम्मेलन में काफी भावुक दिखे। वह अपनी बेटी एश्ले को गले लगाते हुए आंसू पोंछते नजर आए। एश्ले ने ही बाइडन का चार दिवसीय सम्मेलन में परिचय कराया था। बाइडन ने अपनी 50 वर्षों से अधिक की राजनीतिक यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा, कभी मैं सीनेट सदस्य बनने के लिए काफी छोटा था, क्योंकि मेरी उम्र 30 साल नहीं हुई थी। अब राष्ट्रपति के रूप में बने रहने के लिए बहुत बुजुर्ग हो चुका हूं। सीएनएन के अनुसार, बाइडन ने 49 मिनट तक भाषण दिया और उनके स्वागत में चार मिनट से अधिक समय तक तालियां बजती रहीं। अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन ने भी अपने पति जो की 50 वर्षों के सामाजिक जीवन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हैरिस नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगी।
कमला हैरिस के पास अमेरिका को आगे ले जाने की खूबी, अनुभव और दृष्टिकोण है: हिलेरी
पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि उपराष्ट्रपति हैरिस के पास देश को आगे ले जाने की खूबी, तजुर्बा व दृष्टिकोण है। अमेरिका की प्रथम महिला रह चुकीं हिलेरी ने कहा, मैं उनके दिल व उनकी निष्ठा से वाकिफ हूं। हमने अपने करियर की शुरुआत उत्पीड़न व उपेक्षा के शिकार बच्चों की मदद करने वाली युवा अधिवक्ता के रूप में की। इस तरह का काम आपको बदल देता है। हिलेरी ने कमला के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा, हमारे पास हमेशा विकल्प होते हैं। हम आगे बढ़ेंगे या पीछे हटेंगे? हम एकजुट लोगों के रूप में सामने आएंगे या हम बनाम वे में विभाजित हो जाएंगे? इस चुनाव में हमारे सामने ऐसे ही विकल्प है।
चुनाव अभियान में बाइडन के पिछड़ने पर उम्मीदवार बनीं हैरिस
बाइडन ने पिछले महीने अपने संभावित प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के साथ डिबेट में पिछड़ने पर डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस लेकर हैरिस का नाम आगे किया था। हैरिस नवंबर में होने वाले आम चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी स्वीकार करते हुए बृहस्पतिवार को भाषण देंगी। आम चुनाव में उनका मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार व पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप से होगा।
श्रमिक संघों का कमला को समर्थन
अमेरिका के शीर्ष श्रमिक संघ के नेताओं ने असाधारण एकजुटता दिखाते हुए राष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस का समर्थन किया है। सर्विस एम्प्लॉइज इंटरनेशनल यूनियन (एसईआईयू) की अध्यक्ष एप्रेल वेरेट ने कहा, हम सभी कमला हैरिस का समर्थन करते हैं, क्योंकि वह हमेशा हमारे पक्ष में रही हैं… वह आधुनिक श्रम आंदोलन के लिए हमारे जैसा दृष्टिकोण रखती हैं। लेबरर्स इंटरनेशनल यूनियन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (एलआईयूएनए) के अध्यक्ष ब्रेंट बुकर ने कहा, दशकों से, हम अपने बुनियादी ढांचे में अधिक निवेश के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। ट्रंप ने खोखले वादे किए, लेकिन बाइडन-हैरिस प्रशासन ने उन्हें पूरा किया।
गाजा युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन में जुटे हजारों, तोड़ी पुलिस की बाड़बंदी
गाजा युद्ध के खिलाफ डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन के पहले दिन सम्मेलन स्थल के निकट हजारों लोग इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की लगाई बाड़ को तहस-नहस कर दिया। काले कपड़े पहने व चेहरे ढके कुछ प्रदर्शनकारी बाड़ के हिस्सों को उठाकर यूनाइटेड सेंटर के निकट ले गए जहां, सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा, बाइडन, आप छिप नहीं सकते। हम आपके खिलाफ जनसंहार का मामला दाखिल करेंगे। उन्होंने हैरिस को भी आड़ेहाथों लिया। प्रदर्शनकारियों ने कब्जा छोड़ो व पूरी दुनिया देख रही है जैसे नारे भी लगाए।