Qatar Boeing 747: ट्रंप महंगे विदेशी उपहार पर विवाद के बावजूद कतर के जेट में चलेंगे; रिपोर्टर के सवाल पर भड़के
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कतर से मिले बोइंग 747 विमान को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। जहां एक तरफ कतर से महंगा गिफ्ट लेने पर डेमोक्रेट्स के नेता लगातार ट्रंप की आलोचना कर रहे है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में सवाल पूछने पर ट्रंप ने पत्रकार को जमकर फटकार लगाई। आइए जानते है कि ट्रंप ने क्या कहा...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर से एक महंगा बोइंग 747 विमान स्वीकार किया है, जिसे भविष्य में एयर फोर्स वन के रूप में इस्तेमाल करने की योजना है। इस फैसले से अमेरिका में राजनीतिक घमासान मच गया है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने इस विमान को स्वीकार करने की पुष्टि की है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पर्नेल ने कहा कि यह फैसला सभी संघीय नियमों के तहत लिया गया है और विमान को राष्ट्रपति के इस्तेमाल के लायक सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
इसी बीच बढ़ते घमासान के बीच ट्रंप ने कतर से मिले बोइंग 747 विमान को लेकर पूछे गए सवाल पर एक पत्रकार को जमकर फटकार लगाई। ट्रंप ने रिपोर्टर को बेकार और काम के लायक नहीं बताया। साथ ही कहा कि वह इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें:- ट्रंप के टैरिफ पर घमासान: 12 अमेरिकी राज्यों ने कोर्ट में दी चुनौती, कहा- व्यापार नीति पर हो रही मनमानी
बता दें कि यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ जब ट्रंप व्हाइट हाउस में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से मुलाकात कर रहे थे। इसी बीच एक पत्रका ने जब कतर से मिले लग्जरी विमान पर सवाल किया तो ट्रंप ने गुस्से में कहा कि तुम एक घटिया रिपोर्टर हो। तुम्हारे पास पत्रकार बनने की समझ नहीं है। तुम स्मार्ट नहीं हो। इसके साथ ही उन्होंने उस न्यूज चैनल और उसके मालिक ब्रायन रॉबर्ट्स की भी आलोचना की।
ट्रंप ने किया कतर के गिफ्ट का बचाव
लगातार उठ रहे सवाल जवाब के बीच ट्रंप ने इस गिफ्ट का बचाव करते हुए कहा कि जब हमें मुफ्त में विमान मिल सकता है, तो टैक्सपेयर्स के पैसे क्यों खर्च किए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे सरकार का पैसा बचेगा। हालांकि कई नेताओं ने इसे अमेरिकी संविधान के खिलाफ बताया है, जो विदेशी उपहारों को प्रतिबंधित करता है। डेमोक्रेट नेताओं ने इसे राष्ट्रपति पद की गरिमा पर धब्बा बताया है।
कतर के गिफ्ट की हो रही आलोचना
सीनेट में डेमोक्रेट नेता चक शूमर ने इस सौदे को शक्की और भ्रष्ट करार दिया है। साथ ही कहा कि जब तक पारदर्शिता नहीं होती, वे न्याय विभाग की किसी भी राजनीतिक नियुक्ति को रोकने का काम करेंगे। उन्होंने एक प्रस्ताव भी पेश किया है जिसमें विदेशी विमानों को एयर फोर्स वन के रूप में इस्तेमाल करने पर रोक लगाने की बात कही गई है।
इसके साथ ही सीनेट की एक सुनवाई में डेमोक्रेट सांसद टैमी डकवर्थ ने कहा कि इस विमान को सुरक्षा मानकों पर खरा उतारने के लिए एक अरब डॉलर से ज्यादा खर्च हो सकते हैं, जबकि हमारे पास पहले से दो पूरी तरह सक्षम एयर फोर्स वन विमान हैं।
ये भी पढ़ें:- US vs South Africa: व्हाइट हाउस में बहस; ट्रंप ने रामफोसा पर लगाया नरसंहार का आरोप, द.अफ्रीकी समकक्ष ने नकारा
क्या है ये विमान और कौन दे रहा है?
यह विमान एक बोइंग 747 जंबो जेट है, जिसे साल 2012 में कतर के पूर्व प्रधानमंत्री और कतर की शाही फैमिली के अमीर सदस्य हमाद बिन जसीम बिन जबेर अल थानी के लिए तैयार किया गया था। यह विमान अंदर से एक आलीशान महल की तरह सजा हुआ है – फ्रेंच डिजाइन वाली इंटीरियर, हाथ से बनी हुई कालीनें, कीमती लकड़ियों का इस्तेमाल और मशहूर कलाकार अलेक्जेंडर काल्डर की कलाकृतियां। इस विमान में ऊपर एक मास्टर बेडरूम, बाथरूम, गेस्ट रूम और प्राइवेट लाउंज है। नीचे के हिस्से में ऑफिस, क्रू एरिया और कई लग्जरी लॉन्ज बने हैं। ये लगभग 89 लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशेष विमान है।