US में भारतीय ज्वेलर की दुकान में लूट: करोड़ों के गहने लेकर फरार हुए लुटेरे; बदमाशों ने कैसे दिया अंजाम?
अमेरिका के न्यू जर्सी में भारतीय ज्वेलरी स्टोर 9लाखा ज्वैलर्स में चार नकाबपोश बदमाशों ने करीब 1 मिलियन डॉलर के गहने लूट लिए। स्टोर के सह-मालिक ने बताया कि लुटेरे 30 से 45 सेकंड में गहने समेटकर फरार हो गए। आखिर कैसे हुई यह लूट? क्या इलाके के अन्य स्टोर भी निशाने पर रहे हैं? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
अमेरिका के न्यू जर्सी में भारतीय ज्वेलरी स्टोर में बेहद तेजी से लूट की वारदात सामने आई है। शनिवार शाम चार नकाबपोश बदमाशों ने वुडब्रिज स्थित 9लाखा ज्वैलर्स में घुसकर करीब 1 मिलियन डॉलर कीमत के गहने लूट लिए। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने स्लेजहैमर से शोकेस तोड़े और महज एक मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
क्या सिर्फ 30 से 45 सेकंड में लूटकर फरार हो गए बदमाश?
स्टोर के सह-मालिक सोनू चौहान ने बताया कि चारों बदमाश बड़े प्लास्टिक बैग लेकर आए थे। उन्होंने ट्रे समेत गहनों को तेजी से बैग में भरना शुरू किया और करीब 30 से 45 सेकंड में अपना काम पूरा कर लिया। इसके बाद वे बाहर खड़ी कार में सवार होकर फरार हो गए। स्टोर की निगरानी कैमरे की फुटेज में बदमाशों को चांदी रंग की कार से पहुंचते, तेजी से दुकान के अंदर जाते और कुछ ही सेकंड बाद वापस कार में लौटते हुए देखा गया।
क्या चार नकाबपोश बदमाशों ने हथौड़ों से तोड़े शोकेस?
पुलिस के मुताबिक, काले कपड़े पहने चार नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर स्लेजहैमर से ज्वेलरी के शोकेस तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने वहां रखे गहने उठाए और तेजी से दुकान से निकल गए। 9लाखा ज्वैलर्स जिस सड़क पर स्थित है, वहां कई भारतीय ज्वेलरी स्टोर हैं। यह इलाका बड़ी भारतीय प्रवासी आबादी वाला क्षेत्र है।
क्या इसी सड़क पर पहले भी भारतीय ज्वेलरी स्टोर हो चुके हैं निशाना?
स्टोर के सह-मालिकों के अनुसार, पिछले एक साल में इसी सड़क पर स्थित अन्य दुकानों में भी लूट हो चुकी है। इसी सड़क पर मौजूद विरानी ज्वैलर्स को जून 2025 में इसी तरह की वारदात का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2022 में भी इस दुकान को लूटा गया था। 9लाखा की सह-मालिक सुष्मिता चौहान ने कहा कि अगर सरकार या स्थानीय प्रशासन इस सड़क को सुरक्षा देने के लिए कुछ बीमा या सुरक्षात्मक व्यवस्था कर सके तो इससे फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से रोकथाम के उपाय किए जाने चाहिए।
क्या न्यू जर्सी में भारतीय ज्वेलरी स्टोर लगातार बन रहे हैं निशाना?
रिपोर्टों के मुताबिक, न्यू जर्सी और अन्य जगहों पर भारतीय ज्वेलरी स्टोर अक्सर 'स्मैश-एंड-ग्रैब' तरीके से होने वाली लूट का निशाना बनते हैं। पिछले साल मई में पर्थ एंबॉय स्थित रूबी ज्वेलर में भी लूट हुई थी। वहीं, इस साल की शुरुआत में जर्सी सिटी के रीमा ज्वैलर्स और पिछले नवंबर में इसी शहर के पॉपुलर लंदन ज्वेल को भी लूट का सामना करना पड़ा था।