फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   us-approves-500-patriot-interceptors-ukraine-zelenskyy-winter-delivery-russia

यूक्रेन को बड़ी राहत: 500 पैट्रियट मिसाइलें देगा अमेरिका, जेलेंस्की बोले- सर्दियों से पहले मिलें हथियार

Sat, 31 Oct 2026 07:31 AM IST
एएनआई, कीव Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Sat, 31 Oct 2026 07:31 AM IST
सार

रूस के लगातार मिसाइल हमलों के बीच अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की संभावित बिक्री को मंजूरी दी है। इस सौदे की अनुमानित कीमत 2.1 अरब डॉलर है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने फैसले का स्वागत किया।

विज्ञापन
us-approves-500-patriot-interceptors-ukraine-zelenskyy-winter-delivery-russia
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव के लिए अमेरिका की ओर से 500 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे 'मजबूत फैसला' बताया, लेकिन अमेरिका से इन मिसाइलों की आपूर्ति जल्द शुरू करने की अपील की है। जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन को सर्दियों में ऊर्जा ठिकानों की सुरक्षा के लिए तुरंत इन मिसाइलों की जरूरत है।
विज्ञापन


जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 500 पीएसी-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार काफी बड़ा है। सर्दियों के दौरान यह यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत कर सकता है। हालांकि, उन्होंने चिंता जताई कि मौजूदा शर्तों के मुताबिक इन मिसाइलों की आपूर्ति कुछ वर्षों बाद ही शुरू हो सकती है।
विज्ञापन


रूस के हमलों पर क्या बोले जेलेंस्की?
उन्होंने कहा, "हम अपने अमेरिकी साझेदारों से ऐसा समाधान तलाशने की अपील कर रहे हैं, जिससे पीएसी-3 इंटरसेप्टर की आपूर्ति उस समय हो सके, जब वास्तविक खतरा हो और उनकी जरूरत हो।" उन्होंने बताया कि रूसी सेना रोजाना यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जेलेंस्की के मुताबिक, अक्तूबर के पिछले दो हफ्तों में रूस ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड के महत्वपूर्ण हिस्सों पर 30 से ज्यादा हमले किए। उन्होंने चेतावनी दी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने सर्दियों से पहले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी व्यवस्थाओं को ठप करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। इन हमलों का निशाना बिजली, हीटिंग, पानी की आपूर्ति और पुल हैं।

हर महीने मिलें 100 पैट्रियट मिसाइलें : यूक्रेनी राष्ट्रपति
यूक्रेन ने सर्दियों के लिए हर महीने औसतन 100 पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की मांग की है। जेलेंस्की ने कहा कि 500 मिसाइलें आने वाले महीनों में हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अहम होंगी। इस दौरान यूक्रेन के लिए बातचीत में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखना भी जरूरी है।

तत्काल जरूरत पूरी करने के लिए जेलेंस्की ने अमेरिका, यूरोपीय साझेदारों और अन्य सहयोगी देशों से अपने मौजूदा भंडार से मिसाइलें देने का प्रस्ताव रखा है। उनका सुझाव है कि 2026-27 की सर्दियों में यूक्रेन को इन भंडारों से मिसाइलें दी जाएं और बाद में नए उत्पादन के जरिए सहयोगी देशों के हथियार भंडार की भरपाई की जाए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ हुई हालिया बातचीत का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने अमेरिका का आभार जताया। उन्होंने कहा, "हम इस मंजूरी के लिए अमेरिकी विदेश विभाग और पूरे अमेरिकी प्रशासन के आभारी हैं। लेकिन हम ऐसे फैसले चाहते हैं, जो लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। यह सुरक्षा परसों या भविष्य में कभी नहीं, बल्कि उसी समय मिलनी चाहिए, जब खतरा सामने हो और रूस लोगों को मार रहा हो तथा तबाही मचा रहा हो।"

अमेरिका ने 2.1 अरब डॉलर की बिक्री को दी मंजूरी
अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को यूक्रेन को 500 पैट्रियट पीएसी-3 मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट (एमएसई) इंटरसेप्टर मिसाइलों की संभावित बिक्री को औपचारिक मंजूरी देने की घोषणा की। इस सौदे की अनुमानित कीमत 2.1 अरब डॉलर है। विभाग के मुताबिक, इस पैकेज का उद्देश्य यूक्रेन की हवाई सुरक्षा और आधुनिक तथा उभरते मिसाइल खतरों से बचाव की क्षमता मजबूत करना है।

इस सौदे के लिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे अमेरिका के जेएएमपीस्टार्ट कार्यक्रम के तहत योगदान देंगे। इसके अलावा यूरोपीय संघ की ऋण सुविधा से भी वित्तीय मदद मिलेगी। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस सौदे में अमेरिका का कोई वित्तीय योगदान नहीं होगा। लॉकहीड मार्टिन इस सौदे की मुख्य ठेकेदार कंपनी होगी। वह मिसाइलों के साथ गोपनीय और गैर-गोपनीय स्पेयर पार्ट्स, लॉजिस्टिक्स और कार्यक्रम से जुड़ी सहायता भी उपलब्ध कराएगी।

हालांकि, अमेरिकी विदेश विभाग की घोषणा में मिसाइलों की आपूर्ति की निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है। यूक्रेन में मिसाइलों के कुछ हिस्सों का स्थानीय स्तर पर उत्पादन होगा या नहीं, इस पर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। लॉकहीड मार्टिन के साथ इस संबंध में संभावित समझौते पर बातचीत का विकल्प खुला है। इस मंजूरी के बीच यूक्रेन लगातार रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है और सर्दियों से पहले अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने की कोशिश में जुटा है।

अमेरिका और यूक्रेन के बीच तनाव के बाद मंजूरी
यह मंजूरी ऐसे समय आई है, जब युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन की रणनीति और यूक्रेन को समर्थन देने के मुद्दे पर वाशिंगटन और कीव के बीच कई सप्ताह से तनाव बना हुआ है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में रूस से डीजल के निर्यात को वैश्विक ऊर्जा बाजार में पहुंचाने की अनुमति देने वाले समझौते की जानकारी दी थी। इसके साथ ही रूस के जीवाश्म ईंधन कारोबार पर हाल में कानून के जरिए लगाए गए अतिरिक्त प्रतिबंधों में भी छूट दी गई थी।

इसके अलावा ट्रंप ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों के जवाब में कीव के साथ खुफिया जानकारी साझा करना रोकने की चेतावनी दी थी। यूक्रेन की स्टारशील्ड सैटेलाइट प्रणाली से कनेक्टिविटी भी कुछ समय के लिए रोक दी गई थी, जिसे पिछले सप्ताह फिर बहाल कर दिया गया।

यूक्रेन में उत्पादन की संभावना
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उसे यूक्रेन और लॉकहीड मार्टिन के बीच मिसाइल के हिस्सों का घरेलू उत्पादन शुरू करने के लिए किसी अंतिम समझौते की जानकारी नहीं है। हालांकि, दोनों पक्ष इस संबंध में स्वतंत्र रूप से बातचीत कर सकते हैं।

ट्रंप ने जुलाई में तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान कहा था कि यूक्रेन को अपनी पैट्रियट मिसाइलों का उत्पादन करने का लाइसेंस मिलेगा।

यूक्रेन में उत्पादन केंद्र स्थापित होने से अमेरिकी विनिर्माण इकाइयों पर दबाव कम हो सकता है। ईरान युद्ध से जुड़े हथियारों की कमी और अंतरराष्ट्रीय मांग बढ़ने के कारण अमेरिकी उत्पादन व्यवस्था पर पहले से दबाव है। हालांकि, यूक्रेन में मिसाइलों को जोड़ने वाली फैक्टरी बनाने में कई साल लग सकते हैं। ट्रंप भी शुरुआती प्रस्ताव से पीछे हटते नजर आए हैं।

यूरोपीय संघ से मिलेगी वित्तीय मदद
इन मिसाइलों की खरीद के लिए यूरोपीय संघ की यूक्रेन सहायता ऋण योजना के तहत 2026 से 2027 के बीच 90 अरब यूरो तक की वित्तीय मदद का प्रावधान है। इसमें से 60 अरब यूरो विशेष रूप से रक्षा जरूरतों के लिए रखे गए हैं।


यूरोपीय आयोग ने कीव को इस ऋण सुविधा का इस्तेमाल अमेरिकी निर्मित पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें खरीदने के लिए करने की मंजूरी दे दी है। रूस के लगातार हमलों के बीच यह संभावित सौदा यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों की ओर से आधुनिक हवाई रक्षा हथियारों का भंडार मजबूत करने की व्यापक कोशिशों का हिस्सा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed