Raisina Dialogue: मार्च में भारत आ सकते हैं अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रायसीना डायलॉग में लेंगे भाग
सूत्र ने कहा कि विदेश मंत्री ब्लिंकन मई 2023 में होने वाले क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन की नींव रखने के लिए अपने भारतीय समकक्ष और अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन मार्च में भारत आ सकते हैं। ब्लिंकन के इस दौरान रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने की संभावना है। वह दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होंगे। एक अधिकारी के अनुसार, ब्लिंकन की बैठकों को लेकर तैयारी की जा रही है।
एक अधिकारी ने कहा कि नई दिल्ली में ब्लिंकन की बैठकों के लिए विदेश विभाग मार्च के पहले सप्ताह पर नजर गड़ाए हुए है, जो चतुर्भुज सुरक्षा संवाद (QUAD) के नेताओं के साथ राष्ट्रपति जो बाइडन की बैठक के लिए एक रन-अप होगा। सूत्र ने कहा कि विदेश मंत्री ब्लिंकन मई 2023 में होने वाले क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन की नींव रखने के लिए अपने भारतीय समकक्ष और अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
यह क्वाड सदस्यों भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेताओं का तीसरा वार्षिक शिखर सम्मेलन होगा। इससे पहले टोक्यो ने मई 2022 में अंतिम शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि क्वाड शिखर सम्मेलन सिडनी में आयोजित होने की उम्मीद है और संभावना है कि सभी चार देशों के नेता शिखर सम्मेलन के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे। राष्ट्रपति जो बाइडन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा क्वाड सहयोग को और मजबूत करने के लिए सिडनी की यात्रा करेंगे और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस से मिलेंगे।
भारत के दौरे के दौरान ब्लिंकन 2-4 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित बहुपक्षीय सम्मेलन रायसीना डायलॉग में भी भाग लेंगे। ब्लिंकन के रायसीना डायलॉग को संबोधित करने की उम्मीद है। रायसीना डायलॉग भारत के विदेश मंत्रालय के सहयोग से एक स्वतंत्र थिंक टैंक, ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर सालाना आयोजित होने वाला एक सम्मेलन है।
इससे पहले गत वर्ष नवंबर में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कंबोडिया में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के मौके पर अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात की थी। इस दौरान जयशंकर और ब्लिंकन ने यूक्रेन में संघर्ष, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की थी। अमेरिकी विदेश मंत्री के फरवरी की शुरुआत में चीन की यात्रा करने की भी उम्मीद है। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।