Sri Lanka Crisis Live: विपक्षी दल सर्वदलीय अंतरिम सरकार बनाने पर सहमत, राष्ट्रपति के इस्तीफे से पहले भी बन सकती है सरकार
Sri Lanka Economic Crisis: प्रदर्शनकारियों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रपति गोतबाया ने 13 जुलाई को इस्तीफा देने का एलान कर दिया है। वहीं सर्वदलीय सरकार बनाने के लिए पीएम रानिल विक्रमसिंघे ने भी अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी है। श्रीलंका महासंकट से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विस्तार
श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों का प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। सभी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन को अपने कब्जे में ले लिया है। इन सभी का कहना है कि बदलाव के जिस वक्त का हम इंतजार कर रहे थे, वो आ गया है। वहीं इन सब के बीच राष्ट्रपति ने 13 जुलाई को इस्तीफा देने का एलान कर दिया है। इतना ही नहीं बढ़ती हिंसा को देखते हुए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने पहले ही इस्तीफा दे दिया। जानिए अब तक का अपडेट-
भारत ने सेना भेजने की मीडिया रिपोर्ट का किया खंडन
कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने कहा कि भारत द्वारा श्रीलंका में अपनी सेना भेजने के बारे में मीडिया और सोशल मीडिया में रिपोर्टों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं। ये रिपोर्ट और ऐसे विचार भारत सरकार की स्थिति के अनुरूप नहीं हैं।
श्रीलंका के मुख्य विपक्षी दल सर्वदलीय अंतरिम सरकार पर सहमत
श्रीलंका के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के संभावित इस्तीफे के बाद सर्वदलीय अंतरिम सरकार बनाने पर रविवार को सहमत हो गए। सत्तारूढ़ श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना पार्टी (एसएलपीपी) के अलग हुए समूह के नेता विमल वीरावांसा ने कहा कि हम सभी दलों की भागीदारी के साथ सैद्धांतिक रूप से एक अंतरिम सरकार बनाये जाने पर सहमत हुए हैं। यह ऐसी सरकार होगी, जहां सभी दलों का प्रतिनिधित्व होगा। एसएलपीपी से अलग हुए समूह के एक अन्य नेता वासुदेव नानायकारा ने कहा कि उन्हें 13 जुलाई को राजपक्षे के इस्तीफे का इंतजार करने की जरूरत नहीं है।
एक्शन में राजपक्षे
इस बीच राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि ईंधन की कमी वाले देश को रसोई गैस का सुचारू वितरण सुनिश्चित किया जाए। दरअसल, एलपी गैस की 3,700 मीट्रिक टन मात्रा श्रीलंका पहुंचने वाली है। राष्ट्रपति राजपक्षे ने अधिकारियों को गैस की अनलोडिंग और वितरण का काम करने का निर्देश दिया है। गैस का पहला जहाज रविवार को केरावलपिटिया पहुंचने वाला है। श्रीलंकाई मीडिया के अनुसार, 3,740 मीट्रिक टन गैस ले जाने वाला दूसरा जहाज 11 जुलाई को है और तीसरा 3,200 मीट्रिक टन गैस के साथ 15 जुलाई को आएगा।
#WATCH | Sri Lanka: Protestors remain in and outside the premises of the Presidential Secretariat in Colombo as they hold demonstrations amid sloganeering against the economic crisis
— ANI (@ANI) July 10, 2022
Presidential Secretariat was stormed by a sea of protestors, yesterday pic.twitter.com/y0vIm861RS
'टेम्पल ट्री' के अंदर कैरम खेल रहे प्रदर्शनकारी
इस बीच श्रीलंकाई पीएम के आधिकारिक आवास 'टेम्पल ट्री' के अंदर के प्रदर्शनकारी कैरम खेलते नजर आए। कुछ लोग वहां आराम से लेटे हुए हैं तो कुछ परिसर में घूम रहे हैं। वहीं, कोलंबो में पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के घर में प्रदर्शनकारी खाना बना रहे हैं। इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
#WATCH | Sri Lanka: Inside visuals from 'Temple Tree' official residence of Sri Lankan PM, where protestors are playing carrom, lying leisurely & loitering in the premises
— ANI (@ANI) July 10, 2022
Sri Lankan PM Ranil Wickremesinghe's residence was stormed by a sea of protestors, yesterday pic.twitter.com/c0HdfO4t6K
राष्ट्रपति गोतबाया के घर से मिले करोड़ों रुपये
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति गोतबया राजपक्षे के आधिकारिक आवास पर धावा बोलकर उनकी हवेली के अंदर करोड़ों रुपये बरामद करने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें प्रदर्शनकारियों को बरामद किए गए नोटों की गिनती करते हुए दिखाया गया है। डेली मिरर अखबार ने बताया कि बरामद धन को सुरक्षा इकाइयों को सौंप दिया गया था। दैनिक की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने सूचित किया है कि वे प्रासंगिक तथ्यों की जांच के बाद जमीनी स्थिति की घोषणा करने के लिए कदम उठाएंगे।
राजपक्षे व विक्रमसिंघे को सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं : सिरिसेना
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति और फ्रीडम पार्टी के अध्यक्ष मैत्रीपाला सिरिसेना ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे और प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे ने सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। सिरिसेना ने चेतावनी दी है कि यदि दोनों ने तत्काल इस्तीफा नहीं दिया तो बेहद खतरनाक हालात पैदा होंगे। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक संकट को दूर करने के लिए दस सूत्री प्रस्ताव दिए हैं। इसमें उन्होंने नए राष्ट्रपति की नियुक्ति तक संसद के अध्यक्ष को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाने का प्रस्ताव दिया है।
अभी तक शरणार्थियों से संबंधित कोई समस्या नहीं: एस जयशंकर
श्रीलंका में चल रहे प्रदर्शन को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि हम श्रीलंका को लेकर बहुत सहायक रहे हैं। हम मदद की कोशिश कर रहे हैं। वे अपनी समस्या पर काम कर रहे हैं। अभी तक शरणार्थियों से संबंधित कोई समस्या नहीं है।
कांग्रेस इस गंभीर संकट की घड़ी में श्रीलंका के साथ: सोनिया गांधी
कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने श्रीलंका संकट को लेकर अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर संकट की घड़ी में श्रीलंका और उसके लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करती है और आशा करती है कि वे इससे उबरने में सक्षम होंगे। हमें उम्मीद है कि भारत श्रीलंका के लोगों और सरकार की सहायता करना जारी रखेगा क्योंकि वे मौजूदा स्थिति की कठिनाइयों से निपटते हैं।
श्रीलंकन पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के यहां स्थित निजी आवास पर की गई आगजनी की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के कुछ घंटों बाद जांच की जिम्मेदारी रविवार को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने संभाल ली।
#WATCH | Sri Lanka: Protestors enjoy as they dive into the swimming pool of the Sri Lankan Presidential Palace in Colombo. It was stormed by a massive number of furious protestors, yesterday. pic.twitter.com/pBHQR4blrE
— ANI (@ANI) July 10, 2022
राष्ट्रपति का पता नहीं, प्रदर्शनकारियों ने शुरू की तलाश
प्रदर्शनकारियों के डर से राष्ट्रपति गोतबाया कल रात आर्मी हेडक्वार्टर में छिप गए थे लेकिन मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आज सुबह उन्होंने वहां से भी अपना ठिकाना बदल लिया है। फिलहाल उनका पता नहीं चल रहा है आखिर वे छिपे कहां हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति को हर जगह खोज रहे हैं।
श्रीलंका सरकार के दो मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
हिंसक प्रदर्शन के बीच श्रीलंका सरकार के दो मंत्रियों हरिन फर्नांडो और मानुषा ननायाक्करा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
श्रीलंका के सेना प्रमुख ने लोगों से की ये अपील
श्रीलंका के सेना प्रमुख जनरल शैवेंद्र सिल्वा ने रविवार को कहा कि मौजूदा राजनीतिक संकट को शांतिपूर्ण तरीके से हल करना चाहिए। उन्होंने लोगों से मुद्दे को एकजुट होकर हल करने की मांग की है।
अमेरिका ने श्रीलंका के नेताओं से की ये अपील
अमेरिका ने श्रीलंका के नेताओं से आर्थिक स्थिरता हासिल करने के लिए जल्दी से कोई बड़ा कदम उठाने के लिए कहा है। विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी नई सरकार को उन समाधानों की पहचान करने और उन्हें लागू करने के लिए तेजी से काम करना चाहिए जो दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता प्राप्त करेंगे और श्रीलंका के लोगों के असंतोष को दूर करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कोलंबो में प्रधानमंत्री के निजी आवास में लगाई आग
सात दशकों में देश के सबसे खराब आर्थिक संकट पर गुस्सा तेज होने के बीच शनिवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने श्रीलंका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास पर धावा बोल दिया और कोलंबो में प्रधानमंत्री के निजी आवास में आग लगा दी।
बेलआउट पैकेज को लेकर आईएमएफ ने दिया भरोसा
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा कि वह श्रीलंका की राजनीतिक उथल-पुथल के समाधान की उम्मीद कर रहा है जो विरोध के हिंसक होने के बाद बेलआउट पैकेज के लिए बातचीत फिर से शुरू करने की अनुमति देगा। आईएमएफ ने एक बयान में कहा हम मौजूदा स्थिति के समाधान की उम्मीद करते हैं जो आईएमएफ समर्थित कार्यक्रम पर हमारी बातचीत को फिर से शुरू करने की अनुमति देगा।
भारत ने संकटग्रस्त श्रीलंका को दिया 44,000 टन यूरिया
भारत ने भीषण आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को ऋण सुविधा के तहत 44,000 टन से अधिक यूरिया मुहैया कराया है। भारतीय उच्चायोग ने यहां बताया कि श्रीलंका के किसानों को समर्थन और खाद्य सुरक्षा के लिए द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए जारी प्रयासों की तहत यह मदद दी गई है। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले ने कृषि मंत्री महिंदा अमरवीरा से मुलाकात कर उन्हें 44,000 टन से अधिक यूरिया आने की जानकारी दी।